
घर में पूजा-पाठ और त्योहारों के बाद घर में काफी मात्रा में फूल बच जाते हैं। अगर आप इन्हें हर बार फेंक देती हैं, तो इन्हें फूलों की बर्बादी कहा जाएगा। फूल जैविक सामग्री होते हैं और सही तरीके से सड़ने पर मिट्टी के लिए उपयोगी खाद में बदल सकते हैं। इसे बनाने के लिए आपको बहुत ज्यादा सामान की जरूरत भी नहीं होगी। जानिए कैसे रोजना बचे हुए फूलों का इस्तेमाल गार्डनिंग में मिट्टी को उपजाऊ बनाने में किया जा सकता है।
बचे हुए फूलों में से प्लास्टिक की पिन, धागा, कलावा, पत्तियां, सजावटी तार या अन्य गैर-जैविक चीजें अलग कर लें। फूलों को धोने की जरूरत नहीं है। अगर फूलों पर बहुत ज्यादा पानी या नमी है तो उन्हें कुछ घंटों के लिए छाया में फैला दें।
फूलों और उनकी डंठल को छोटे-छोटे टुकड़ों में काट लें। इससे जैविक सामग्री जल्दी टूटने में मदद मिलती है। अब किसी मिट्टी के गमले, बाल्टी या खाद बनाने वाले कंटेनर में इन फूलों की एक परत डालें।
फूलों की परत के ऊपर सूखे पत्ते, सूखी घास, थोड़ा बारीक कटा हुआ कागज या पुराने पौधों की सूखी सामग्री डालें। इसके बाद फिर फूलों की एक परत लगाएं। इस तरह गीली और सूखी सामग्री की परतें बनाते जाएं। कंटेनर में हवा का आवागमन बना रहना जरूरी है।
परतों के ऊपर थोड़ा पानी छिड़कें। ध्यान रखें कि मिश्रण बहुत ज्यादा गीला न हो। इसे समय-समय पर लकड़ी या छोटे फावड़े की मदद से पलटते रहें, ताकि हवा अंदर तक पहुंचती रहे और फूल समान रूप से सड़ सकें।
कंटेनर को सीधे तेज धूप में रखने के बजाय छायादार और हवादार जगह पर रखें। तापमान और सामग्री के आधार पर फूलों को खाद में बदलने में कई सप्ताह लग सकते हैं। जब मिश्रण गहरे भूरे रंग का, भुरभुरा और मिट्टी जैसी खुशबू वाला हो जाए, तो समझें कि खाद तैयार है।
Gardening Tips & Ideas in Hindi: Discover expert gardening tips, plant care guides, home garden ideas, seasonal plants, balcony gardening, and easy DIY methods to grow a healthy, beautiful garden. Stay updated on Asianet News Hindi.