Winter Gardening Tips: सर्दियों में गुलाबी गुलाब में फूल नहीं आ रहे हैं? जानें धूप, पानी, खाद और प्रूनिंग से जुड़ी 5 गलतियां, जिन्हें सुधारकर पौधे में अच्छी ग्रोथ और फूल पाने में मदद मिल सकती है।
सर्दियों का मौसम गुलाब के पौधों के लिए काफी अच्छा माना जाता है। इस मौसम में गुलाबी गुलाब की सही देखभाल की जाए, तो पौधे पर ढेर सारे खूबसूरत फूल खिल सकते हैं। लेकिन कई बार पौधे में पत्तियां तो खूब आती हैं, मगर फूल नहीं खिलते। इसकी वजह धूप की कमी, जरूरत से ज्यादा पानी, खाद का गलत इस्तेमाल या प्रूनिंग में की गई गलती हो सकती है। अगर आपके गुलाबी गुलाब के पौधे में भी फूल नहीं आ रहे हैं, तो इन 5 गलतियों को सुधारकर पौधे की ग्रोथ बेहतर बना सकती हैं।
पौधे को पर्याप्त धूप न देना
गुलाब के पौधे को अच्छी ग्रोथ और फूलों के लिए पर्याप्त धूप की जरूरत होती है। अगर आपने गमले को ऐसी जगह रखा है, जहां दिनभर छाया रहती है, तो फूल कम खिल सकते हैं। सर्दियों में गुलाब के गमले को ऐसी जगह रखें, जहां रोजाना लगभग 5-6 घंटे सीधी धूप मिल सके।
जरूरत से ज्यादा पानी डालना
सर्दियों में मिट्टी देर से सूखती है। ऐसे में रोजाना जरूरत से ज्यादा पानी डालने से जड़ों को नुकसान पहुंच सकता है और पौधे की ग्रोथ प्रभावित हो सकती है। पानी देने से पहले मिट्टी की ऊपरी परत जांचें। अगर मिट्टी नम है, तो पानी देने के लिए थोड़ा इंतजार करें। गमले में पानी निकलने के लिए पर्याप्त छेद भी होने चाहिए।
खाद का गलत इस्तेमाल करना
गुलाब के पौधे को पोषक तत्वों की जरूरत होती है, लेकिन जरूरत से ज्यादा खाद डालना भी नुकसानदायक हो सकता है। खासकर नाइट्रोजन से भरपूर खाद का अधिक इस्तेमाल करने पर पत्तियां तो खूब बढ़ सकती हैं, लेकिन फूल कम आ सकते हैं। पौधे की जरूरत के अनुसार संतुलित खाद का इस्तेमाल करें। खाद डालने से पहले मिट्टी में पर्याप्त नमी और पौधे की सेहत का ध्यान रखें।
और पढ़ें: Papaya Farming: पपीते की खेती बदल सकती है किसानों की किस्मत, जानें कमाई बढ़ाने का तरीका
गलत समय पर प्रूनिंग करना
गुलाब की सूखी, कमजोर और बीमार शाखाओं को हटाना जरूरी है, लेकिन गलत समय पर बहुत ज्यादा कटाई करने से फूल आने में देरी हो सकती है। सर्दियों में प्रूनिंग का सही समय आपके क्षेत्र की जलवायु और गुलाब की किस्म पर निर्भर करता है। उत्तर भारत के मैदानी इलाकों में कई गुलाबों की मुख्य प्रूनिंग आमतौर पर शरद ऋतु के अंत से सर्दियों की शुरुआत के आसपास की जाती है। पौधे की किस्म के अनुसार सही समय चुनें और स्वस्थ शाखाओं को बिना जरूरत न काटें।
मिट्टी की गुणवत्ता पर ध्यान न देना
अगर गुलाब के पौधे की मिट्टी बहुत सख्त है या उसमें पानी जमा रहता है, तो जड़ों को पर्याप्त हवा नहीं मिल पाती। इससे पौधे की ग्रोथ और फूल आने पर असर पड़ सकता है। गुलाब के लिए भुरभुरी, उपजाऊ और अच्छी जल निकासी वाली मिट्टी इस्तेमाल करें। गमले की मिट्टी लंबे समय से नहीं बदली है, तो उसकी गुणवत्ता जांचें और जरूरत के अनुसार उसमें जैविक खाद मिलाएं।
और पढ़ें: Cherry Tomatoes: घर पर गमले में कैसे उगाएं फ्रेश चेरी टमाटर? जानें आसान तरीका




