
कहते हैं ना कि कोशिश करने वालों की कभी हार नहीं होती। वक्त के साथ किसी भी इंसान की किस्मत बदल सकती है। गांव में रहने वाला कोई भी व्यक्ति दिल्ली की कुर्सी पर बैठ सकता है। ज़िंदगी ऐसी ही है, निरंतर प्रयास, कड़ी मेहनत और साहस के साथ आगे बढ़ते रहें तो कुछ भी हासिल किया जा सकता है। इस बात का जीता जागता उदाहरण है ये शख्स।
सोशल मीडिया पर आजकल एक स्विगी डिलीवरी ब्वॉय की खूब चर्चा हो रही है। उनके इस ट्रांसफॉर्मेशन की चर्चा जोरों पर है। स्विगी डिलीवरी ब्वॉय अब एक प्रसिद्ध फैशन मॉडल बन गए हैं, ये जानकर आपको हैरानी होगी। स्विगी से मॉडल बने इस शख्स का नाम है साहिल सिंह। साहिल सिंह मुंबई के रहने वाले हैं। एक समय स्विगी डिलीवरी ब्वॉय रहे साहिल सिंह ने अपनी कहानी इंस्टाग्राम पर शेयर की है। उनके इस वीडियो को अब तक 40 लाख से ज़्यादा बार देखा जा चुका है। ज़िंदगी में कुछ कर गुजरने का जज्बा रखने वाले कई लोगों के लिए साहिल मिसाल बन गए हैं।
साहिल सिंह का fashiontipssahil नाम से इंस्टाग्राम अकाउंट है, जिस पर उन्होंने अपनी इस जर्नी का वीडियो शेयर किया है। उनके द्वारा शेयर किए गए वीडियो के मुताबिक, उन्होंने 2 साल तक स्विगी में डिलीवरी ब्वॉय की नौकरी की। इतना ही नहीं, महाराष्ट्र के बर्गर किंग आउटलेट में एक साल तक शेफ का काम भी कर चुके हैं साहिल सिंह। मैंगो मार्ट में 8 महीने काम कर चुके साहिल सिंह ने तीन साल तक अलग-अलग काम किए और फिर अपने लिए कुछ अलग ही रास्ता चुना। साहिल ने अब मॉडलिंग की दुनिया में कदम रख दिया है और एक के बाद एक सफलता की सीढ़ियां चढ़ रहे हैं।
कई फैशन शो, प्रोजेक्ट और विज्ञापनों में साहिल नजर आ रहे हैं। उनकी पोस्ट देखकर लोग तरह-तरह के कमेंट कर रहे हैं। कुछ लोगों ने लिखा कि साहिल की कहानी हमें प्रेरणा देती है, कुछ नया करने का हौसला देती है। आज के समय में कई लोग आपकी सफलता का श्रेय लेने के लिए आ जाते हैं। कई संस्थाएं विज्ञापन देकर कहती हैं कि उनकी वजह से ही ये शख्स सफल हो पाया है। मेरे बारे में भी ऐसा ही प्रचार किया गया। लेकिन इसमें किसी भी अकादमी का कोई योगदान नहीं है। मैं अपनी मेहनत से इस मुकाम तक पहुंचा हूं। एक यूजर के कमेंट पर जवाब देते हुए साहिल ने ये बात कही।
इतना ही नहीं, कई यूजर्स को उत्साहित करते हुए साहिल ने कहा कि खुद को कभी भी कमजोर मत समझना। आप भी हर किसी की तरह बेहतरीन हैं, बस कोशिश करते रहने की ज़रूरत है। शुरुआत में साहिल के इंस्टाग्राम पर 150 फॉलोअर्स थे, जो अब बढ़कर 64 हजार से ज़्यादा हो गए हैं। सोशल मीडिया पर काफी एक्टिव रहने वाले साहिल अपने फॉलोअर्स को ये भी बताते हैं कि वो कैसे मॉडल बने, कहां मुफ्त में ट्रेनिंग मिलती है। इस तरह वो अपने चाहने वालों के सपनों को पूरा करने में मदद कर रहे हैं।
Lifestyle articles & tips in Hindi (लाइफ स्टाइल न्यूज़): Read latest lifestyle articles, Relationship tips, Health & beauty tips, Travel news in Hindi online at Asianet News Hindi.