
Protect your Eyes from Colors: होली का त्यौहार आने वाला है, ऐसे में आप लोग भी काफी उत्साहित होंगे। होली के दिन सभी लोग रंग और गुलाल से खेलते हैं। भाई-बहन, दोस्त और पड़ोसी एक-दूसरे पर खूब रंग लगाते हैं। कई बार रंग आंखों में भी चला जाता है, जिससे आंखों को काफी नुकसान हो सकता है। रंग तैयार करने के लिए कई तरह के केमिकल और एसिड का इस्तेमाल किया जाता है। ऐसे में जब यह रंग आंखों में चला जाता है, तो काफी जलन होती है और कई बार इससे आंखों की पुतलियों को भी काफी नुकसान पहुंचता है। नीचे जानिए कि होली के दिन अगर अनजाने में आपके साथ ऐसा हो जाए, तो आप अपनी आंखों को नुकसान से बचाने के लिए क्या कर सकते हैं।
होली खेलने जाने से पहले आपको अपनी आंखों की सुरक्षा के लिए कुछ जरूरी उपाय करने चाहिए। आंखों के आसपास सरसों का तेल या कोई क्रीम लगाएं। ऐसा करने से आपकी आंखों के आसपास नमी बनी रहेगी। इस नमी की वजह से जब कहीं से कोई रंग आपकी आंखों में पड़ेगा तो वह पलकों पर ही चिपकेगा। क्योंकि पलक इतनी तेजी से झपकती है कि आंखों में रंग जाने का खतरा काफी कम हो जाता है।
आंखों में रंग जाने पर कई लोग तुरंत पानी से धोने लगते हैं। ऐसा करना आंखों के लिए काफी नुकसानदायक हो सकता है। दरअसल, आंखों में सूखा रंग जाने के बाद उसमें पानी डालने पर वह आंखों पर फैल जाएगा और रेटिना पर रंग लगने की वजह से आपको कुछ देर के लिए देखने में भी परेशानी होगी। इसलिए आंखों को पानी से न धोएं बल्कि पहले से ही आईक्लीनर ड्रॉप खरीद लें और उसका इस्तेमाल करके आंखों में गया रंग साफ करें।
आंखों में रंग जाने पर कुछ लोग उसे रगड़कर साफ करने लगते हैं, जबकि इससे आंखों में जलन हो सकती है। इसलिए आंखों में रंग जाने के बाद उसे रगड़ें नहीं, बल्कि किसी सूती कपड़े से धीरे-धीरे साफ करने की कोशिश करें। आपको बाजार में कई ऐसे आई ड्रॉप मिल जाएंगे, जिनकी एक बूंद आपकी आंखों में गए रंग को तुरंत हटा सकती है। ऐसे आई ड्रॉप डॉक्टर की सलाह पर खरीदें और पहले से ही रख लें।
डॉक्टरों के मुताबिक, जिन लोगों की आंखों में होली का रंग चला जाता है, उन्हें लुब्रिकेटिंग आई ड्रॉप का इस्तेमाल करना चाहिए। ये आई ड्रॉप आंखों में मौजूद रंग को साफ करने के लिए काफी उपयोगी माने जाते हैं। इसे किसी आई स्पेशलिस्ट की सलाह पर ही खरीदें। वैसे तो इसकी एक या दो बूंद ही आपकी आंखों से रंग को काफी हद तक साफ कर सकती है। लेकिन अगर आप अपनी आंखों का कोई इलाज करा रहे हैं या फिर हाई पावर का चश्मा पहन रहे हैं, तो आप इसकी मात्रा और इस्तेमाल करने के तरीके के बारे में भी डॉक्टर से सलाह ले सकते हैं।
कई लोगों पर जब रंग लगाया जाता है तो वे बहुत तेज़ी से भागने की कोशिश करते हैं। खास तौर पर जब कोई पकड़ा जाता है और रंग लगाता है तो वे अपना चेहरा बचाने की पूरी कोशिश करते हैं। इसकी वजह से रंग आंखों में चला जाता है। इसलिए होली के दिन जब कोई आप पर रंग लगाने की कोशिश करे तो बहुत ही आराम से ऐसा करें।