
Skin Tan Removal Tips: गर्मी का मौसम अपने साथ ढेरों परेशानियां लेकर आता है, खासकर जब बात स्किन केयर की हो। तेज धूप और गर्म हवाओं की वजह से स्किन का टैन होना आम बात है। हम अक्सर चेहरे की देखभाल पर ज्यादा ध्यान देते हैं, और हाथों को नजरअंदाज कर देते हैं। सूरज की सीधी किरणें हाथों की रंगत को काला कर देती हैं, जिसकी वजह से वे रूखे और काले दिखने लगते हैं।
टैनिंग हटाने के लिए बाजार में कई तरह के प्रोडक्ट मौजूद हैं। लेकिन कई बार ये महंगे होते हैं तो कई बार केमिकल की वजह से लोग इनका इस्तेमाल नहीं करना चाहते। ऐसे में सबसे सुरक्षित और आसान उपाय है घरेलू नुस्खे। घर पर मौजूद चीजों से बने मास्क न सिर्फ टैनिंग को कम करते हैं, बल्कि त्वचा को पोषण देकर उसकी प्राकृतिक चमक भी लौटाते हैं। तो चलिए इस लेख में हम आपको कुछ आसान और असरदार होममेड मास्क के बारे में बताते हैं जो गर्मियों में टैनिंग से प्रभावित हाथों की रंगत निखारने में मदद करेंगे।
बेसन का मास्क गर्मियों में हाथों की टैनिंग हटाने का एक बेहतरीन उपाय है। इसके लिए आपको 2 चम्मच बेसन, 1 चुटकी हल्दी और 1 चम्मच दही मिलाकर पेस्ट तैयार करना होगा। इसके बाद इसमें नींबू के रस की कुछ बूंदें मिलाएं। इसे हाथों पर लगाएं और 20 मिनट बाद हाथ धो लें। यह मास्क टैनिंग हटाने के साथ-साथ त्वचा को नमी भी प्रदान करेगा।
इसे बनाने के लिए 2 चम्मच एलोवेरा जेल में 1 चम्मच नींबू का रस मिलाकर पेस्ट बना लें। अब इस मिश्रण को हाथों और टैन वाली जगहों पर लगाएं और 15 मिनट बाद धो लें। एलोवेरा त्वचा को ठंडक पहुंचाएगा। वहीं, नींबू टैनिंग को हल्का करता है।
टैनिंग हटाने के लिए आलू भी काफी फायदेमंद होता है। आप इसे सीधे हाथों पर भी लगा सकते हैं। नहीं तो कद्दूकस किए हुए आलू में गुलाब जल मिलाकर पेस्ट बना लें। इस मिश्रण को हाथों पर लगाएं और सूखने दें। फिर पानी से धो लें। आलू में प्राकृतिक ब्लीचिंग एजेंट होते हैं जो त्वचा की रंगत निखारते हैं।
टमाटर को मैश करके उसमें शहद मिलाएं। इस पेस्ट को हाथों पर लगाकर 20 मिनट के लिए छोड़ दें। फिर ठंडे पानी से धो लें। टमाटर सन टैन हटाने में बहुत कारगर है और शहद त्वचा को नमी देता है।
2 चम्मच खीरे का रस और 1 चम्मच मुल्तानी मिट्टी मिलाकर पेस्ट बनाएं और हाथों पर लगाएं। सूखने के बाद गुनगुने पानी से धो लें। यह मास्क त्वचा को ठंडक पहुंचाता है और टैनिंग कम करता है।
Lifestyle articles & tips in Hindi (लाइफ स्टाइल न्यूज़): Read latest lifestyle articles, Relationship tips, Health & beauty tips, Travel news in Hindi online at Asianet News Hindi.