
कमेंट करना और अपनी राय देना तो जैसे हमारा जन्मसिद्ध अधिकार है। चाहे सड़क पर हो या सोशल मीडिया पर, लोग कुछ भी कमेंट कर देते हैं। कई बार तो लोग सभ्यता की सारी हदें पार कर जाते हैं। ऐसे ही बुरे कमेंट्स की वजह से भारत में भी कई लोग थाने और कोर्ट के चक्कर काट चुके हैं। लेकिन अब एक ऐसा मामला सामने आया है, जहां एक बुरे कमेंट की वजह से एक शख्स का पूरा बसा-बसाया घर ही उजड़ गया। हुआ यूं कि एक आदमी ने कुछ महीनों के लिए किराए पर घर लिया। घर खाली करने के बाद उसने एक निगेटिव रिव्यू लिख दिया। बस फिर क्या था, मकान मालकिन गुस्से से आग-बबूला हो गई। उसने CCTV फुटेज खंगाली और किरायेदार का एक वीडियो उसकी पत्नी को भेज दिया, जिसमें वो किसी और औरत के साथ रंगरेलियां मना रहा था।
Airbnb अमेरिका की एक वेकेशन रेंटल कंपनी है। यह एक ऑनलाइन प्लेटफॉर्म है, जहां लोग होमस्टे, किराए के घर या कमरे कुछ दिनों या लंबे समय के लिए बुक कर सकते हैं। यह कुछ-कुछ हमारे यहां के दूसरे होमस्टे सर्विस जैसा ही काम करता है, जहां लोग अपनी प्रॉपर्टी लिस्ट करके कमाई करते हैं। इसी Airbnb के जरिए एक शख्स ने कुछ महीनों के लिए एक घर किराए पर लिया था।
वह शख्स अपनी पत्नी के साथ इस घर में रहने आया। कुछ महीने रहने के बाद उसने घर खाली कर दिया। लेकिन घर खाली करने के बाद उसने Airbnb की वेबसाइट पर उस घर के बारे में बहुत बुरा रिव्यू लिखा। उसने लिखा कि घर में 'दम घुटता है' और उसे अपने पैसे वापस चाहिए। उसने यह भी लिखा कि यह घर 'रहने लायक नहीं है, एक घंटा भी नहीं रुका जा सकता'। इस निगेटिव कमेंट की वजह से मकान मालकिन को Airbnb की तरफ से कुछ पेनल्टी झेलनी पड़ी और दोबारा रजिस्ट्रेशन जैसी मुश्किलों का सामना करना पड़ा। ऊपर से उस शख्स ने मकान मालकिन को फोन करके पैसे वापस करने के लिए धमकाया भी। मकान मालकिन ने उससे कमेंट हटाने को कहा, लेकिन वो नहीं माना।
इससे मकान मालकिन का पारा चढ़ गया। उसने बदला लेने की ठानी। वह वापस अपने रेंटल हाउस गई और CCTV फुटेज चेक करना शुरू कर दिया। घर के आगे-पीछे लगे कैमरों की कई दिनों की रिकॉर्डिंग खंगालने पर उसे कुछ ऐसा मिला, जिसकी उसे उम्मीद नहीं थी। फुटेज में दिखा कि जब किरायेदार की पत्नी घर पर नहीं होती थी, तब एक दूसरी औरत घर पर आती थी। जब उसने और ध्यान से देखा तो पता चला कि किरायेदार उस औरत के साथ डांस कर रहा है, गले मिल रहा है और दोनों काफी करीब हैं।
मकान मालकिन ने इन वीडियो क्लिप्स को काटा और सीधे किरायेदार की पत्नी को भेज दिया। बस, यहीं से सारा खेल पलट गया। वीडियो देखकर पत्नी का गुस्सा सातवें आसमान पर पहुंच गया। उसने पति पर धोखा देने का आरोप लगाया और उसे घर से बाहर निकाल दिया। एक कमेंट की वजह से उस शख्स की शादी टूट गई और वो सड़क पर आ गया। अब उस शख्स ने मकान मालकिन के खिलाफ कोर्ट में केस कर दिया है। उसने आरोप लगाया है कि मकान मालकिन ने उसकी प्राइवेसी (निजता) में दखल दिया है।
Relationship Tips in Hindi: Read relationship news (रिलेशनशिप न्यूज़) in Hindi. Get relationship advice, relationship articles, relationship problems advice and issues for men and women at Asianet News Hindi.