
Chanakya Niti: कई बार हमारे जीवन में ऐसे लोग आते हैं जो हमें धोखा देते हैं। दोस्ती हो, रिश्ता हो या व्यापार, कई बार हम दिल से भरोसा करते हैं और फिर दुख पाते हैं। ऐसे समय में हमें समझ नहीं आता कि किस पर भरोसा करें और किससे दूरी बनाकर रखें। महान विचारक आचार्य चाणक्य ने जीवन के अनुभवों से जुड़ी ऐसी नीतियां बताई थीं जो आज भी उतनी ही सच लगती हैं। अगर हम इन बातों को अपने जीवन में अपना लें तो न सिर्फ हम धोखा खाने से बच सकते हैं बल्कि जिंदगी को और समझदारी से जी भी सकते हैं। आइए जानते हैं चाणक्य की कुछ ऐसी बातें जो हमें बार-बार धोखा खाने से बचा सकती हैं।
चाणक्य कहते थे कि हर किसी पर आंख बंद करके भरोसा करना मूर्खता वाली बात है। कुछ लोग सामने से बहुत अच्छे लगते हैं लेकिन उनके इरादे गलत हो सकते हैं। जब तक आप किसी को अच्छे से नहीं जानते हैं, तब तक उससे अपनी हर बात शेयर न करें। सोच-समझकर ही किसी पर भरोसा करें।
अगर आप अपनी कमजोरियां किसी को बताते हैं तो वह व्यक्ति इसका फायदा उठा सकता है। चाणक्य का मानना था कि कमजोरियों को छिपाकर रखना ही समझदारी है। इससे आप हमेशा दूसरों की नजरों में मजबूत बने रहते हैं।
भावनाएं महत्वपूर्ण हैं लेकिन उन पर पूरा नियंत्रण रखना उससे भी ज्यादा जरूरी है। कई बार लोग हमारी भावनाओं का फायदा उठाकर हमें धोखा देते हैं। चाणक्य कहते थे, समझदारी से काम लें, सिर्फ दिमाग से सोचें, दिल से नहीं।
चाणक्य नीति कहती है कि हर किसी को खुश करने की कोशिश न करें। ऐसा करने से आप खुद दुखी हो जाएंगे और लोग आपको हल्के में लेंगे। वही करें जो सही है- भले ही लोग नाराज हों लेकिन आप अंदर से मजबूत बने रहेंगे।