
गाजियाबाद: उत्तर प्रदेश में समाजवादी पार्टी के 70 साल के एक पूर्व पार्षद हैं हाजी खलील। 11 बच्चों के पिता हाजी खलील ने हाल ही में अपनी पोती की उम्र की 20 साल की लड़की से चौथी शादी कर ली है। अब ये मामला पुलिस तक पहुंच गया है और उनके परिवार में इस शादी को लेकर तूफान खड़ा हो गया है।
गाजियाबाद के कैला भट्टा इलाके में रहने वाले हाजी खलील ने कुछ समय पहले 20 साल की यस्मीन नाम की लड़की से निकाह किया। जैसे ही ये खबर उनकी दूसरी पत्नी नाजरीन और उनके बच्चों को मिली, वे भड़क गए। नाजरीन अपने बेटे के साथ सीधे पुलिस कमिश्नर के ऑफिस पहुंचीं और हाजी खलील के खिलाफ गंभीर शिकायत दर्ज कराई।
नाजरीन ने पुलिस को दी अपनी शिकायत में कई चौंकाने वाली बातें बताई हैं। उन्होंने कहा, '1991 में जब मेरा खलील से निकाह हुआ, तो उन्होंने यह बात छिपाई थी कि वो पहले से शादीशुदा हैं। उनकी पहली पत्नी से 8 बच्चे हैं। मुझसे उनके तीन बच्चे हैं (दो बेटियां और एक बेटा)। अब 70 साल की उम्र में उन्होंने पोती की उम्र की 20 साल की लड़की से शादी कर ली है और हमें घर से निकालने की साजिश रच रहे हैं।'
इस पूरे विवाद की जड़ हाजी खलील की संपत्ति बताई जा रही है। नाजरीन के मुताबिक, जिस घर में वह अभी रह रही हैं, वो निकाह के वक्त उन्हें 'मेहर' में दिया गया था। लेकिन अब चौथी शादी के बाद हाजी खलील और उनकी नई पत्नी इस घर को हड़पना चाहते हैं। नाजरीन ने आरोप लगाया कि विरोध करने पर उन्हें जेल से छूटे गुंडों से धमकी दिलवाई जा रही है और जान से मारने की बात कही जा रही है।
हाजी खलील की शादियों का इतिहास भी विवादों से भरा रहा है। साल 2010 में उन्होंने तीसरी शादी की थी। लेकिन जब उस पत्नी से बच्चे नहीं हुए, तो उन्होंने तीन तलाक देकर उसे छोड़ दिया था। अब उनकी चौथी शादी पूरे इलाके में चर्चा का विषय बन गई है।
हाजी खलील इलाके की राजनीति का पुराना चेहरा हैं। वह 1995 और 2000 में इस्लाम नगर वॉर्ड से पार्षद चुने गए थे। इससे पहले भी उन पर करोड़ों रुपये की सरकारी जमीन पर अवैध कब्जा करने के आरोप लग चुके हैं।
वहीं, हाजी खलील ने अपने ऊपर लगे सभी आरोपों को गलत बताया है। उन्होंने कहा, 'यह सिर्फ संपत्ति का विवाद है। नाजरीन के पास कोई सबूत नहीं है कि वह मेरी पत्नी है। वह कोर्ट में यह बात साबित करें।' पुलिस फिलहाल मामले की जांच कर रही है और सच का पता लगाने के बाद ही कोई कार्रवाई करने की बात कह रही है। कुल मिलाकर, 70 साल के एक शख्स की चौथी शादी और संपत्ति के लिए छिड़ी ये जंग सोशल मीडिया पर भी खूब वायरल हो रही है और लोग इस पर तरह-तरह की बातें कर रहे हैं।
Relationship Tips in Hindi: Read relationship news (रिलेशनशिप न्यूज़) in Hindi. Get relationship advice, relationship articles, relationship problems advice and issues for men and women at Asianet News Hindi.