
नई दिल्लीः 5 मिनट की वीडियो कॉल, 3 दिन में शादी और 9वें दिन तलाक की नौबत. ये कहानी चीन के एक 32 साल के शख्स 'गु' की है, जिसे घरवालों के दबाव में आकर जल्दबाजी में शादी करनी पड़ी और अब वो कानूनी चक्करों में फंस गया है. यह मामला चीन के पूर्वी प्रांत झेजियांग का है.
साउथ चाइना मॉर्निंग पोस्ट की रिपोर्ट के मुताबिक, गु ने एक मैट्रिमोनियल सेंटर में करीब 200 युआन (लगभग 3,000 रुपये) देकर रजिस्ट्रेशन कराया था. सेंटर ने उसे तीन स्थानीय लड़कियां दिखाईं, लेकिन बात नहीं बनी. इसके बाद मैचमेकर ने गु को यकीन दिलाया कि वो दूसरे प्रांत से उसके लिए लड़की ढूंढ लाएगा और दो दिन में शादी भी करा देगा. गु का परिवार इसके लिए तैयार हो गया. इसी सिलसिले में अप्रैल में, गु की बात उत्तर-पश्चिमी चीन के शांक्सी प्रांत की रहने वाली 30 साल की एक लड़की से कराई गई.
मैट्रिमोनियल साइट पर लड़की की प्रोफाइल में लिखा था कि उस पर कोई कर्ज नहीं है, कोई क्रिमिनल रिकॉर्ड नहीं है और न ही कोई गंभीर बीमारी है. प्रोफाइल में यह भी था कि उसे जल्दी शादी करने और दूसरे शहर में बसने से कोई दिक्कत नहीं है. इसके बाद दोनों के बीच सिर्फ 5 मिनट की वीडियो कॉल हुई. गु ने लड़की की नौकरी और परिवार के बारे में पूछा, लेकिन ज्यादातर सवालों के जवाब मैचमेकर ही दे रहा था. लड़की ने बस इतना बताया कि वो एक सेल्सपर्सन है. मैचमेकर्स ने शादी से पहले लड़की की क्रेडिट हिस्ट्री रिपोर्ट और मेडिकल सर्टिफिकेट देने का वादा भी किया. बिना आमने-सामने मिले ही गु और उसके परिवार ने शादी के लिए हां कर दी.
इस शादी के लिए गु के परिवार ने कुल 2,65,000 युआन (करीब 36 लाख रुपये) खर्च किए. इसमें 1,00,000 युआन दुल्हन को दिए जाने वाले पैसे (ब्राइड प्राइस) और 1,60,000 युआन मैचमेकिंग फीस शामिल थी. इसके बाद उन्होंने मैचमेकर से लड़की को अपने शहर लाने के लिए कहा. तीन दिन बाद दोनों ने अपनी शादी रजिस्टर करा ली. गु के परिवार वाले लड़की के माता-पिता से कभी नहीं मिले थे. शादी के बाद जब गु ने वादे के मुताबिक मेडिकल और क्रेडिट रिपोर्ट मांगी, तो मैचमेकर आनाकानी करने लगा. शक होने पर गु अपनी पत्नी को बैंक ले गया और उसकी क्रेडिट रिपोर्ट निकलवाई. रिपोर्ट देखकर उसके होश उड़ गए. लड़की पर 1,00,000 युआन (करीब 14 लाख रुपये) का कर्ज था.
लड़की ने सफाई दी कि ये कर्ज उसके एक्स-बॉयफ्रेंड का है और उसका इससे कोई लेना-देना नहीं है. गु को यह भी पता चला कि उसकी पत्नी का असली नाम भी कुछ और है, जो उसके मोबाइल पेमेंट ऐप से मालूम हुआ. अगले ही दिन, लड़की ने गु को बताया कि उसे लिवर की कुछ दिक्कत है और वजन कम करने की जरूरत है. अब गु को समझ आ गया कि उसके साथ धोखा हुआ है. शादी के ठीक 9 दिन बाद उसने तलाक के लिए अर्जी दे दी.
पहले तो लड़की मान गई, लेकिन बाद में मुकर गई और गु पर ही केस कर दिया. उसने कोर्ट में मेडिकल सर्टिफिकेट दिखाकर दावा किया कि तलाक की बात से उसे गहरा सदमा लगा है और वह डिप्रेशन में चली गई है. उसने मुआवजे के तौर पर 50,000 युआन (करीब 7 लाख रुपये) की मांग भी की. लड़की ने यह भी आरोप लगाया कि गु उस पर मेकअप करने, घर का काम करने और नौकरी ढूंढने का दबाव डालता था. वहीं, गु ने भी अपनी 1,60,000 युआन की फीस वापस पाने के लिए मैट्रिमोनियल सेंटर पर केस कर दिया है. सेंटर का कहना है कि उन्होंने जिस लड़की से मिलवाया था, गु ने उसी से शादी की, इसलिए पैसे वापस नहीं मिलेंगे. सेंटर ने उल्टा कपल पर ही उन्हें ठगने के लिए मिलीभगत का आरोप लगाया है.
Relationship Tips in Hindi: Read relationship news (रिलेशनशिप न्यूज़) in Hindi. Get relationship advice, relationship articles, relationship problems advice and issues for men and women at Asianet News Hindi.