
Groom is Missing: बिहार के गोपालगंज में एक शादी समारोह में उस समय हड़कंप मच गया, जब कुछ बदमाशों ने मंडप से ही दूल्हे का अपहरण कर लिया और उसे अपने साथ ले गए। घटना शनिवार देर रात करीब 2 बजे की बताई जा रही है। जयमाल की रस्म पूरी हो चुकी थी। दूल्हा-दुल्हन अभी मंडप पर बैठे थे और पंडित जी वहां मंत्र पढ़ रहे थे। तभी बदमाशों ने इस घटना को अंजाम दिया।
घटना के दौरान दुल्हन और उसके परिजनों की जमकर पिटाई की गई। साथ ही घर में लूटपाट भी की गई। पुलिस अब तक दूल्हे को बरामद नहीं कर पाई है। बारात में मनोरंजन के लिए बुलाए गए लौंडा नाच पार्टी के सदस्यों पर अपहरण और हमले का आरोप है। मामला साधु चौक मोहल्ले का है।
जानकारी के अनुसार, बैकुंठपुर थाना क्षेत्र के दिघवा दुबौली से सुरेंद्र शर्मा की बेटी की बारात आई थी। शादी समारोह में बारातियों के मनोरंजन के लिए लड़के पक्ष की ओर से लौंडा नाच पार्टी को बुलाया गया था। नाच-गाने के दौरान किसी बात पर विवाद हो गया, जो हिंसक मारपीट में बदल गया। बताया जा रहा है कि मारपीट के दौरान लौंडा नाच पार्टी के दर्जनों सदस्य दुल्हन के दरवाजे पर पहुंच गए और वहां मौजूद लोगों के साथ मारपीट की।
इस हमले में दुल्हन और उसकी मां समेत कई महिलाएं घायल हो गईं। हमलावरों ने घर में घुसकर जेवर और कीमती सामान भी लूट लिया। हालात इतने बेकाबू हो गए कि उन्होंने मंडप में बैठे दूल्हे को भी नहीं बख्शा और उसके साथ मारपीट की और उसे जबरन गाड़ी में बैठाकर अगवा कर लिया।
घटना की सूचना मिलने पर नगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची, लेकिन तब तक आरोपी भाग चुके थे। दूल्हा अभी भी लापता है और परिवार सदमे में है। दुल्हन का रो-रोकर बुरा हाल है। इस घटना के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है और शादी का माहौल पूरी तरह मातम में बदल गया है। सदर एसडीपीओ प्रांजल त्रिपाठी ने बताया कि पुलिस मामले की गंभीरता से जांच कर रही है। दूल्हे को सुरक्षित निकालने के लिए गोपालगंज के साथ-साथ बरौली और सीवान पुलिस की भी मदद ली जा रही है। हालांकि घटना के 24 घंटे बाद भी दूल्हे का पता नहीं चल पाया है, जिससे दुल्हन पक्ष में कोहराम मचा हुआ है। पुलिस ने जल्द ही आरोपियों की गिरफ्तारी और दूल्हे की बरामदगी का आश्वासन दिया है, लेकिन फिलहाल मामला रहस्यमय बना हुआ है।
Relationship Tips in Hindi: Read relationship news (रिलेशनशिप न्यूज़) in Hindi. Get relationship advice, relationship articles, relationship problems advice and issues for men and women at Asianet News Hindi.