
लंदन: तलाक के मामले अक्सर लंबे खिंच जाते हैं, लेकिन एक भारतीय महिला की कहानी सुनकर आप हैरान रह जाएंगे। वर्षा गोहिल नाम की इस महिला ने यूनाइटेड किंगडम (UK) में करीब दो दशक तक अपने तलाक का केस लड़ा और आखिरकार जीत हासिल की। इस जीत के साथ उन्हें गुजारा भत्ते के तौर पर 85 करोड़ रुपये मिले हैं। यह मामला UK के सबसे चर्चित डिवोर्स केस में से एक माना जाता है। इसकी वजह सिर्फ सेटलमेंट की बड़ी रकम नहीं, बल्कि इस केस की लंबी कहानी है। वर्षा गोहिल ने 2002 में अपने पति भद्रेश गोहिल के खिलाफ तलाक की अर्जी दी थी। उन्होंने पति पर बुरे बर्ताव और हिंसा जैसे गंभीर आरोप लगाए थे। इस जोड़े के तीन बच्चे भी हैं।
कुछ ही सालों में कोर्ट में सुनवाई पूरी हो गई। भद्रेश भी तलाक के लिए राजी हो गए और उन्होंने वर्षा को 2.70 लाख पाउंड (उस वक्त करीब 3.5 करोड़ रुपये) गुजारा भत्ता देने पर हामी भर दी। कोर्ट के जरिए यह रकम वर्षा को मिल गई और मामला बंद हो गया। लेकिन कहानी में असली मोड़ आना अभी बाकी था।
कुछ साल बाद, भद्रेश गोहिल का नाम एक बड़े घोटाले में सामने आया। पता चला कि उन्होंने नाइजीरिया के पूर्व गवर्नर जेम्स इबोरी के साथ मिलकर मनी लॉन्ड्रिंग की थी। UK के अधिकारियों ने जब जांच शुरू की तो भद्रेश के काले कारनामों का पर्दाफाश हुआ। 2011 में उन्हें दोषी पाया गया और 10 साल की जेल हो गई। जांच के दौरान अधिकारियों को भद्रेश की छिपी हुई संपत्ति का पता चला। यह रकम 28 मिलियन पाउंड से भी ज्यादा थी, जिसके बारे में वर्षा को कोई जानकारी नहीं थी।
जब वर्षा को पति की इस छिपी हुई दौलत के बारे में पता चला, तो उन्होंने 2015 में फिर से कोर्ट का दरवाजा खटखटाया। उन्होंने अर्जी दी कि तलाक के समय उन्हें पति की असली संपत्ति का पता नहीं था, इसलिए उनके केस पर दोबारा विचार किया जाए और उन्हें जायज गुजारा भत्ता दिलाया जाए। UK के सुप्रीम कोर्ट ने उनकी अर्जी मंजूर कर ली और केस फिर से खुल गया।
वर्षा गोहिल ने अपनी लड़ाई जारी रखी। सालों की सुनवाई के बाद अब जाकर इस मामले में फैसला आया है। कोर्ट ने UK के नियमों के मुताबिक, वर्षा गोहिल को 85 करोड़ रुपये का मुआवजा देने का आदेश दिया है। करीब 23 साल की लंबी और मुश्किल लड़ाई के बाद वर्षा को आखिरकार इंसाफ मिला है।
Relationship Tips in Hindi: Read relationship news (रिलेशनशिप न्यूज़) in Hindi. Get relationship advice, relationship articles, relationship problems advice and issues for men and women at Asianet News Hindi.