लॉकडाउन में बोर होने की जगह पूरे करें अपने शौक, क्रिएटिविटी के साथ बिताएं समय

कोरोना महामारी की वजह से भारत में लॉकडाउन 3 मई तक बढ़ा दिया गया है। लंबे समय से लोग अपने घरों से बाहर नहीं निकल पा रहे हैं। ऐसे में, वे बोरियत के शिकार हो जाते हैं। 

Asianet News Hindi | Published : Apr 16, 2020 9:12 AM IST

लाइफस्टाइल डेस्क। कोरोना महामारी की वजह से भारत में लॉकडाउन 3 मई तक बढ़ा दिया गया है। लंबे समय से लोग अपने घरों से बाहर नहीं निकल पा रहे हैं। ऐसे में, वे बोरियत के शिकार हो जाते हैं। लगातार घर में रहने से उनमें तनाव पैदा हो जाता है और वे छोटी-छोटी बातों पर भी खीज जाते हैं। इससे पूरे घर का माहौल खराब हो जाता है। इसकी जगह आप चाहें तो अपने शौकों को पूरा करते हुए क्रिएटिविटी के साथ समय गुजार सकते हैं। इससे दूसरों को भी अच्छा लगेगा और माहौल में पॉजिटिविटी बढ़ेगी। 

1. किताबें पढ़ें
बहुत से लोग किताबें तो खरीद लेते हैं, लेकिन समय की कमी के कारण उन्हें पढ़ नहीं पाते। कहा गया है कि किताबों से अच्छा कोई दोस्त नहीं होता। किताबों के साथ आपका समय बेहतर तो गुजरता ही है, आपको कई नई चीजों की जानकारी भी मिलती है। इसलिए लॉकडाउन के इस समय के उपयोग ज्यादा से ज्यादा पढ़ने में कर सकते हैं। इससे बच्चों में भी पढ़ने की रुचि जगेगी।

2. पेंटिंग करें
काफी लोगों को पेंटिंग करने का शौक होता है, लेकिन कई वजहों से वे ऐसा कर नहीं पाते। अगर आप चाहें तो लॉकडाउन के खाली वक्त का इस्तेमाल इस शौक को पूरा करने में कर सकते हैं। हो सकता है, आप कोई बेहतरीन चित्र बना दें और धीरे-धीरे समय निकाल कर पेंटिंग नियमित रूप से करने लगें।

3. म्यूजिक
कई लोगों को गाने और म्यूजिकल इंस्ट्रूमेंट्स बजाने का शौक होता है। लेकिन व्यस्त जीवनशैली की वजह से वे इस तरफ ध्यान नहीं दे पाते हैं। अब आपके पास खाली समय है तो इसका उपयोग आप अपने इस शौक को पूरा करने में कर सकते हैं। आप चाहे तो गीत गाकर उसे रिकॉर्ड कर सकते हैं या वीडियो भी बना सकते हैं। इसे आप पूरी फैमिली के साथ एन्जॉय कर सकते हैं।

4. एक्सरसाइज
खाली समय का उपयोग आप अपनी फिटनेस बढ़ाने के लिए भी कर सकते हैं। इसके लिए आप घर में एक्सरसाइज और योग कर सकते हैं। अगर आपको इसके बारे में जानकारी हासिल करनी हो तो आप कुछ ऐप का सहारा भी ले सकते हैं। यूट्यूब से भी आपको योग और एक्सरसाइज की जानकारी मिल सकती है। 

5. कुकिंग
कुकिंग के जरिए आप बेहतर ढंग से अपना समय बिता सकते हैं। खाना बनाना बहुत बड़ी कला है। जब आप कुछ खास चीज बना कर फैमिली मेंबर्स को खाने के लिए देंगे तो सब काफी खुशी महसूस करेंगे। बढ़िया खाना बनाने और मिल-जुल कर खाने से पॉजिटिविटी बढ़ती है। 
 

Share this article
click me!