लॉकडाउन में हो सकते हैं चिंता और तनाव से परेशान, रिलैक्स महसूस करने के लिए अपनाएं ये 5 तरीके

कोरोना वायरस की महामारी के चलते पूरे देश में लॉकडाउन बढ़ा कर 3 मई तक कर दिया गया है। इस दौरान काफी लोग चिंता और तनाव की समस्या से जूझ रहे हैं। लॉकडाउन सिर्फ भारत ही नहीं, दुनिया के कई देशों में लगाया गया है। 

Asianet News Hindi | Published : Apr 14, 2020 12:19 PM IST

लाइफस्टाइल डेस्क। कोरोना वायरस की महामारी के चलते पूरे देश में लॉकडाउन बढ़ा कर 3 मई तक कर दिया गया है। इस दौरान काफी लोग चिंता और तनाव की समस्या से जूझ रहे हैं। लॉकडाउन सिर्फ भारत ही नहीं, दुनिया के कई देशों में लगाया गया है। लॉकडाउन में घर के अंदर बंद रहने से लोगों को कई तरह की परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। जिन लोगों के पास किसी चीज की कमी नहीं है, वे भी तरह-तरह की मानसिक समस्याओं के शिकार हो रहे हैं। जो लोग पहले से किसी तरह की मानसिक समस्या से जूझ रहे हैं, उनकी परेशानी ज्यादा बढ़ गई है। कुछ खास तरीके अपना कर इससे बचा जा सकता है। 

1. लोगों से जुड़े रहें
लोगों से अलग-थलग रहने और हमेशा घर में ही रहने के कारण कोई भी परेशान हो सकता है। अगर आप अकेलेपन के शिकार हो जाएंगे तो आपकी समस्या बढ़ जाएगी। इसलिए लॉकडाउन के दौरान भी अपने दोस्तों और दूर रहने वाले फैमिली मेंबर्स से जुड़े रहें। उनसे फोन के जरिए हाल-चाल लेते रहें। अगर आपका कोई सच्चा और भरोसेमंद साथी हो तो उससे अपनी फीलिंग्स शेयर करें। इससे आप राहत महसूस करेंगे। लोगों से जुड़े रहने से सेल्फ कॉन्फिडेंस बढ़ता है।

2. रिलैक्सेशन टेक्नीक का करें इस्तेमाल
तनाव और चिंता से बचने के लिए रिलैक्सेशन टेक्नीक का इस्तेमाल करें। इसके बारे में आप इंटरनेट से जानकारी हासिल कर सकते हैं। इनमें माइंडफुलनेस मेडिटेशन काफी कारगर साबित होता है। इसमें पुरानी बातों को भूल कर और भविष्य की चिंता छोड़ कर वर्तमान पर फोकस करते हुए मेडिटेशन करना होता है। इसके अलावा आप प्रोग्रेसिव मसल्स रिलैक्सेशन और डीप ब्रीदिंग टेक्नीक का इस्तेमाल कर सकते हैं। इससे तनाव बहुत जल्दी दूर हो जाता है।

3. रेग्युलर एक्सरसाइज करें
लॉकडाउन के दौरान सुस्त मत रहें। रेग्युलर एक्सरसाइज करें और खुद को फिट रखें। अगर आपका वजन ज्यादा है, तो इस दौरान वजन कम करने के लिए कुछ खास एक्सरसाइज कर सकते हैं। इससे आप खुश भी रहेंगे।

4. हेल्दी डाइट के साथ भरपूर नींद लें
हेल्दी डाइट लेने से भी चिंता और अवसाद की समस्या कम होती है। समय पर खाना खाएं। रोज 8-9 गिलास पानी जरूर पिएं। सेब, संतरा, केला और पपीता खाएं। नींबू पानी भी पी सकते हैं। कम से कम 8 घंटे की नींद जरूर लें। इसके लिए आपको स्मार्टफोन और सोशल मीडिया से थोड़ी दूरी बनानी होगी।

5. शराब-सिगरेट मत पिएं
लॉकडाउन में लोग शराब और सिगरेट का ज्यादा इस्तेमाल करने लगे हैं। इससे भी तनाव बढ़ता है। एल्कोहल और निकोटीन के ज्यादा इस्तेमाल से ठीक से नींद नहीं आती है। जो लोग शराब पीते हैं, उनकी नींद बीच में ही टूट जाती है। इससे इम्युनिटी भी कमजोर होती है। ज्यादा चाय और कॉफी का भी इस्तेमाल नहीं करें।  

Share this article
click me!