
भोपाल, मध्य प्रदेश. मध्य प्रदेश विधानसभा की 28 सीटों के लिए 3 नवंबर को वोटिंग होनी है। इससे पहले भाजपा और कांग्रेस में ऑडियो-वीडियो जंग शुरू हो गई है। सोशल मीडिया पर पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह का एक ऑडियो वायरल हुआ है। इसमें वे ग्वालियर से सपा प्रत्याशी रोशन मिर्जा को मैदान से हटने को बोल रहे हैं। हालांकि दिग्विजय सिंह ने ऑडियो को सत्य बताया, लेकिन यह भी कहा कि इसमें सौदेबाजी जैसा कुछ नहीं है। यह और अलग बात है कि मिर्जा दावा करते हैं कि उन्हें 10 लाख रुपए का ऑफर मिला था। इस मामले में शिवराज सिंह चौहान ने चुटकी ली है।
दिग्विजय सिंह ने कहा
ऑडियो में दिग्विजय सिंह रोशन मिर्जा से कहते सुने गए कि उनके लड़ने से भाजपा को फायदा होगा। इससे बेहतर होगा कि वे नाम वापस ले लें। दिग्विजय सिंह ने कहा कि इसमें कोई लोभ या लालच नहीं था। यदि कांग्रेस का कोई कार्यकर्ता निर्दलीय फार्म भरता है, तो उसने निवेदन करके फॉर्म खिंचवाने की उनकी जिम्मेदारी बनती है। दिग्विजय सिंह ने कहा कि उन्होंने मिर्जा से कहा था कि नगर निगम का चुनाव उसे लड़वाएंगे। इस मामले में शिवराज ने टिप्पणी करते हुए कहा कि इस ऑडियो से साफ हो गया कि खरीद-फरोख्त कौन करता है। जो लोग उन पर आरोप लगाते हैं, वे खुद आरोपी हैं।
मिर्जा का दावा 10 लाख का ऑफर मिला था
रोशन मिर्जा दावा करते हैं कि उन्हें कांग्रेस से 10 लाख रुपए का ऑफर मिला था। उन्होंने कहा कि दिग्विजय सिंह ने कहा था कि चुनाव लड़ना नहीं आता है, क्यों लड़ रहे हो? मिर्जा ने कहा कि तब उन्होंने जवाब दिया था कि भारत में कोई भी चुनाव लड़ सकता है। यह ऑडियो सपा हाईकमान को भेजा गया है। उसे सुनने के बाद ही ही आगे की कार्रवाई की जाएगी।
मध्य प्रदेश में सरकारी नीतियों, योजनाओं, शिक्षा-रोजगार, मौसम और क्षेत्रीय घटनाओं की अपडेट्स जानें। भोपाल, इंदौर, ग्वालियर सहित पूरे राज्य की रिपोर्टिंग के लिए MP News in Hindi सेक्शन पढ़ें — सबसे भरोसेमंद राज्य समाचार सिर्फ Asianet News Hindi पर।