
मुंबई. भारी बारिश के चलते सड़कों पर हुए बड़े-बड़े गड्ढे जानलेवा साबित हो रहे हैं। अंबरनाथ इलाके में गड्ढों से बचने दूसरी ओर कूदे एक कांस्टेबल को ट्रक ने कुचल दिया। मृतक ट्रैफिक जाम को खुलवाने मुस्तैदी से अपनी ड्यूटी निभा रहा था। एक्सीडेंट कल्याण-बदलापुर रोड पर हुआ। 56 साल के कांस्टेबल मासाराम पाटील अंबरनाथ के महात्मा गांधी चौक पर ड्यूटी कर रहे थे। वहां जबर्दस्त जाम लगा हुआ था। पाटील एक-एक करके वाहनों को निकलवा रहे थे। तभी यह हादसा हुआ।
रात पौने 9 बजे की घटना...
अंबरनाथ पुलिस ने बताया कि घटना रात करीब 8.45 बजे हुई। ट्रक ने कांस्टेबल के दोनों पैरों को बुरी तरह कुचल दिया था। घायल कांस्टेबल को फौरन उल्हासनगर के केंद्रीय हॉस्पिटल ले जाया गया। हालांकि उन्हें बचाया नहीं जा सका। अंबरनगर यातायात विभाग के सीनियर पुलिस इंस्पेक्टर सुनील जाधव ने बताया कि कांस्टेबल का अंतिम संस्कार जलगांव में किया गया।
सारे गड्ढे नहीं भर सकते
सड़कों की बदहाल स्थिति को लेकर नगर निगम और पीडब्ल्यूडी विभाग अपना-अपना पल्ला झाड़ता रहा। अंबरनाथ नगर निगम के मुख्य अधिकारी देवीदास पवार ने एकदम साफ कह दिया कि मानसून से पहले कुछ गड्ढे भरवाए गए थे। हम जो कर सकते थे किया। वहीं सड़क की देखरेख करने वाले विभाग MMRDA के प्रवक्ता दिलीप कवथकर ने जवाब दिया कि लगातार बारिश के कारण गड्ढे भर पाना संभव नहीं है। हर गड्ढे तो नहीं भरे जा सकते हैं।
मुंबई-पुणे से लेकर पूरे महाराष्ट्र की राजनीति, बिज़नेस गतिविधियाँ, बॉलीवुड अपडेट्स और लोकल घटनाओं पर हर पल की खबरें पढ़ें। राज्य की सबसे विश्वसनीय कवरेज के लिए Maharashtra News in Hindi सेक्शन फॉलो करें — केवल Asianet News Hindi पर।