डिप्टी CM बनने के बाद कोरेगांव भीमा पहुंचे अजित पवार, युद्ध स्मारक पर दी श्रद्धांजलि

Published : Jan 01, 2020, 02:51 PM IST
डिप्टी CM बनने के बाद कोरेगांव भीमा पहुंचे अजित पवार, युद्ध स्मारक पर दी श्रद्धांजलि

सार

कोरेगांव भीमा युद्ध को एक जनवरी 2018 को दो सौ साल पूरे होने के मौके पर हिंसा भड़क उठी थी जिसमें एक व्यक्ति की मौत हो गई थी और कई अन्य घायल हो गए थे।  

पुणे: महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री अजित पवार और वंचित बहुजन अघाडी के अध्यक्ष प्रकाश आंबेडकर ने कोरेगांव भीमा युद्ध की 202वीं बरसी पर बुधवार को यहां ‘जय स्तंभ’ पर श्रद्धांजलि दी। युद्ध की बरसी पर श्रद्धांजलि देने के लिए कोरेगांव भीमा गांव के समीप ‘जय स्तंभ’ स्मारक पर हर साल लाखों लोग आते हैं।

यह लड़ाई ब्रिटिश ईस्ट इंडिया कंपनी और मराठा साम्राज्य के पेशवा धड़े के बीच एक जनवरी 1818 को लड़ी गई थी।

2018 में भड़क उठी थी हिंसा-

कोरेगांव भीमा युद्ध को एक जनवरी 2018 को दो सौ साल पूरे होने के मौके पर हिंसा भड़क उठी थी जिसमें एक व्यक्ति की मौत हो गई थी और कई अन्य घायल हो गए थे। एक अधिकारी ने बताया कि पुलिस ने किसी तरह की अप्रिय घटना से बचने के लिए सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए हैं।

अजित पवार ने कहा-

जय स्तंभ पर जाने के बाद पत्रकारों से बातचीत में पवार ने कहा कि वह महाराष्ट्र के लोगों की ओर से श्रद्धांजलि देने आए हैं। उन्होंने कहा,‘‘इस स्तंभ का इतिहास है और हर साल लाखों लोग यहां आते हैं। दो साल पहले कुछ अप्रिय घटनाएं हुई थी लेकिन सरकार अत्यधिक सतर्कता बरत रही है और किसी भी अप्रिय घटना से बचने के लिए व्यापक पुलिस बंदोबस्त किए गए हैं।’’

शांतिपूर्ण तरीके से श्रद्धांजलि देने की अपील-

पवार ने लोगों से शांतिपूर्ण तरीके से युद्ध स्मारक पर जाने के लिए कहा। राकांपा नेता ने कहा, ‘‘मैं लोगों से यहां आने और श्रद्धांजलि देने की अपील करता हूं लेकिन शांतिपूर्ण तरीके से आएं और अफवाहों पर भरोसा न करें।’’ प्रकाश आंबेडकर ने भी जय स्तंभ पर श्रद्धांजलि दी।

ब्रिटिशों ने बनाया था शहीद स्मारक-

ब्रिटिशों ने युद्ध में शहीद हुए लोगों की याद में पुणे-अहमदनगर रोड पर पेर्ने गांव में यह स्मारक बनवाया था। दलित नेता ब्रिटिश जीत का जश्न मनाते हैं क्योंकि महार समुदाय के सैनिक ईस्ट इंडिया कंपनी के बलों का हिस्सा थे। पेशवा ब्राह्मण थे और इस विजय को दलितों की जीत के तौर पर देखा जाता है।

 

(यह खबर समाचार एजेंसी भाषा की है, एशियानेट हिंदी टीम ने सिर्फ हेडलाइन में बदलाव किया है।)
 

PREV

मुंबई-पुणे से लेकर पूरे महाराष्ट्र की राजनीति, बिज़नेस गतिविधियाँ, बॉलीवुड अपडेट्स और लोकल घटनाओं पर हर पल की खबरें पढ़ें। राज्य की सबसे विश्वसनीय कवरेज के लिए Maharashtra News in Hindi सेक्शन फॉलो करें — केवल Asianet News Hindi पर।

Recommended Stories

अमेरिका से MBA, करोड़ों की कंपनी! कौन हैं पंकजा मुंडे, जिन्हें मिला महाराष्ट्र का CM बनने का ऑफर?
Weather Forecast 4 August 2026: दिल्ली-NCR से महाराष्ट्र तक बरसेंगे बादल, इन राज्यों में गरज-चमक के साथ तेज बारिश