
मुंबई. महाराष्ट्र में एकनाथ शिंदे कैबिनेट का विस्तार 15 अगस्त से पहले हो सकता है। सूत्रों ने रविवार को कहा कि महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे अपने कैबिनेट में 15 मंत्रियों को शामिल कर सकते हैं और 15 अगस्त से पहले कैबिनेट के विस्तार की संभावना है। सूत्रों के अनुसार, उपमुख्यमंत्री देवेन्द्र फडणवीस को गृह विभाग की जिम्मेदारी मिल सकती है। बता दें कि 30 जून को एकनाथ शिंदे और देवेन्द्र फडणवीस ने सीएम और डिप्टी सीएम की शपथ ली थी। उसके बाद से शिंदे कैबिनेट के विस्तार की अटकलें लगाई जा रही हैं।
विपक्ष का निशाना
एकनाथ शिंदे कैबिनेट का विस्तार नहीं होने के कारण विपक्ष लगातार हमला कर रहा है। कैबिनेट विस्तार को लेकर एनसीपी नेता और महाराष्ट्र के पूर्व डिप्टी सीएम अजीत पवार पर हमला बोलते हुए देवेन्द्र फडणवीस ने कहा- वो विपक्ष में हैं और उन्हें ऐसी बातें तो बोलनी ही चाहिए। लेकिन अजीत दादा आसानी से भूल जाते हैं कि जब वह सरकार में थे तो पहले 32 दिनों में सिर्फ पांच मंत्री थे।
मिशन 2024 में भाजपा
फडणवीस ने नए मंत्रियों को शामिल करने के सवाल ने पत्रकारों से कहा कि महाराष्ट्र कैबिनेट का विस्तार आपकी कल्पना से पहले ही हो जाएगा। फडणवीस ने कहा कि भाजपा ने 2024 के लोकसभा चुनावों में 16 संसदीय निर्वाचन क्षेत्रों की पहचान की है। यहां लगातार विपक्षी पार्टी जीत रही थी। इन सीटों में वो सीटें भी शामिल हैं जो पहले शिवसेना की थीं लेकिन अब वो एकनाथ शिंदे के खेमे में शामिल हो गए हैं। उन्होंने कहा कि शिवसेना और भाजपा गठबंधन के रूप में लोकसभा चुनाव लड़ेंगे, इसलिए भाजपा इन निर्वाचन क्षेत्रों से मौजूदा लोकसभा सदस्यों की जीत सुनिश्चित करने के लिए काम करेगी।
निर्मला सीतारमण को मिली जिम्मेदारी
उन्होंने कहा कि वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण को बारामती में भाजपा के प्रदर्शन को बेहतर करने के प्रयासों के समन्वय की जिम्मेदारी दी गई है, जहां पार्टी को पिछले चुनावों में अच्छी संख्या में वोट मिले थे। फडणवीस ने कहा कि सीतारमण के सितंबर में बारामती का दौरा करने की संभावना है और लोकसभा चुनाव के लिए जिम्मेदार अन्य केंद्रीय भाजपा नेताओं और केंद्रीय मंत्रियों के यात्रा कार्यक्रमों को जल्द ही अंतिम रूप दिया जाएगा।
इसे भी पढ़ें- महाराष्ट्र में कैबिनेट विस्तार को लेकर एकनाथ शिंदे का बड़ा बयान, जानें कब होगा मंत्रिमंडल का गठन
मुंबई-पुणे से लेकर पूरे महाराष्ट्र की राजनीति, बिज़नेस गतिविधियाँ, बॉलीवुड अपडेट्स और लोकल घटनाओं पर हर पल की खबरें पढ़ें। राज्य की सबसे विश्वसनीय कवरेज के लिए Maharashtra News in Hindi सेक्शन फॉलो करें — केवल Asianet News Hindi पर।