महाराष्ट्र के पूर्व गृह मंत्री अनिल देशमुख को ICU में कराया गया भर्ती, सीने में दर्द के साथ है यह परेशानी

मनी लॉन्ड्रिंग के केस में जेल में बंद महाराष्ट्र के पूर्व गृह मंत्री अनिल देशमुख (Anil Deshmukh) को केईएम अस्पताल के आईसीयू में भर्ती किया गया है। उन्हें सीने में दर्द के साथ हाई ब्लड प्रेशर और कंधे में दर्द की परेशानी है।

Asianet News Hindi | Published : May 27, 2022 12:27 PM IST / Updated: May 27 2022, 06:06 PM IST

मुंबई। महाराष्ट्र के पूर्व गृह मंत्री अनिल देशमुख (Anil Deshmukh) को जेल से लाकर अस्पताल में भर्ती कराया गया है। वह वर्तमान में न्यायिक हिरासत में है। सीने में दर्द, हाई ब्लड प्रेशर और कंधे में दर्द की शिकायत के बाद उन्हें हॉस्पिटल लाया गया। अनिल देशमुख के एक करीबी ने जानकारी दी कि वह अनियंत्रित हाई ब्लड प्रेशर और सीने में दर्द से पीड़ित हैं। 25 मई को उन्हें केईएम अस्पताल के आईसीयू में भर्ती किया गया था। उनका स्ट्रेस थैलियम हार्ट टेस्ट किया गया है। 72 साल के पूर्व मंत्री देशमुख को ईडी ने नवंबर 2021 में मनी लॉन्ड्रिंग के केस में गिरफ्तार किया था। 

इस महीने की शुरुआत में एक कोर्ट ने देशमुख की इलाज कराने संबंधी याचिका को खारिज कर दिया था। उन्होंने एक प्राइवेट अस्पताल में कंधे की सर्जरी कराने की अनुमति देने की याचिका लगाई थी। कोर्ट ने कहा था कि वह शहर के सरकारी जेजे अस्पताल में अपना इलाज करा सकते हैं। बता दें कि नेशनल कांग्रेस पार्टी (NCP) के नेता देशमुख के खिलाफ पूर्व मुंबई पुलिस कमिश्नर परम बीर सिंह ने भ्रष्टाचार के आरोप लगाए थे। इसके बाद उन्हें गृह मंत्री का पद छोड़ना पड़ा था। सीबीआई ने बाद में उनके खिलाफ भ्रष्टाचार के मामले में केस दर्ज किया था। 

यह भी पढ़ें- ड्रग्स केस: आर्यन खान तो हो गए बरी, लेकिन उन्हें पकड़ने वाले समीर वानखेड़े पर अब क्यों हो रही एक्शन की तैयारी

100 करोड़ रुपए की जबरन वसूली के केस में देशमुख हुए थे गिरफ्तार 
ईडी ने देशमुख को 100 करोड़ रुपए की जबरन वसूली और मनी लॉन्ड्रिंग मामले में गिरफ्तार किया था। मुंबई के पूर्व पुलिस आयुक्त परम बीर सिंह ने अनिल देशमुख पर बर्खास्त सहायक निरीक्षक सचिन वाजे को हर महीने मुंबई के होटलों और बार से 100 करोड़ रुपए लेने के लिए कहने का आरोप लगाया था। ईडी ने देशमुख और अन्य के खिलाफ केंद्रीय जांच ब्यूरो द्वारा उनके खिलाफ दायर भ्रष्टाचार के मामले के आधार पर केस दर्ज किया था।

यह भी पढ़ें- TV एक्ट्रेस अमरीन भट्ट के परिवार से मिलीं महबूबा मुफ्ती, कहा- BJP की नीतियों के कारण घाटी में बदले हालात

Share this article
click me!