
मुंबई. अंडरवर्ल्ड डॉन छोटा शकील की बहन फहमीदा की बुधवार को मीरा रोड स्थित एक हॉस्पिटल में इलाज के दौरान मौत हो गई। 50 वर्षीय फहमीदा को हार्ट अटैक आया था। फहमीदा की कोरोना जांच कराई गई है। उनकी मौत बुधवार दोपहर करीब 3 बजे हुई। फहमीदा अपने परिवार के साथ मीरा रोड पर रहती थीं। उनके पति आरिफ शेखा प्रॉपर्टी डीलर हैं। सूत्रों के मुताबिक, बहन की मौत के बाद शकील ने फोन पर अपने जीजा से बात की। फहमीदा पहले दुबई में रहती थीं। लेकिन 2006 में वह मुंबई में शिफ्ट हो गई थीं।
कौन है छोटी शकील..
बता दें कि शकील 60 के दशक में दक्षिण मुंबई के नागपाड़ा में एक ट्रेवल एजेंसी का संचालन करता था। 1980 में वो दाऊद के गैंग में शामिल हो गया। यह भी कहा जाता है कि वो दाऊद की कंपनी डी कंपनी में सीईओ की हैसियत रखता है। 1988 में उसे गिरफ़्तार करके जेल भेजा गया था। करीब 4 महीने बाद वो जमानत पर बाहर आया। इसके बाद दुबई भाग गया। 1993 में मुंबई में हुए सीरियल बम ब्लास्ट में शकील की भूमिका भी सामने आई थी। बताते हैं शकील अभी पाकिस्तान में छुपा हुआ है। इधर, सालभर पहले पुलिस ने शकील के भाई इब्राहिम कास्कर को गिरफ्तार किया था। वो अभी जेल में है। इस बीच पुलिस शकील के परिजनों पर नजर गड़ाए बैठी है। फहमीदा चार भाई-बहनों में सबसे छोटी थी। शकील के पिता बाबुमिया शेख का 2011 में निधन हो गया था। वे 83 साल के थे।
कोरोना को लेकर मुंबई की स्थिति..
महाराष्ट्र में बुधवार और गुरुवार को 2250 नए मरीज सामने आए हैं। इनमें से 1372 मुंबई से हैं। इस बीच राज्य में 10,318 मरीज ठीक होकर घर लौट गए हैं। मुंबई में ठीक होने वाले मरीजों की संख्या 6,460 है। अकेले महाराष्ट्र में 40 हजार से ज्यादा लोग संक्रमित हैं। मुंबई का धारावी इलाका सबसे ज्यादा संक्रमित है।
(तस्वीर: धारावी की, इनसेट छोटा शकील)
मुंबई-पुणे से लेकर पूरे महाराष्ट्र की राजनीति, बिज़नेस गतिविधियाँ, बॉलीवुड अपडेट्स और लोकल घटनाओं पर हर पल की खबरें पढ़ें। राज्य की सबसे विश्वसनीय कवरेज के लिए Maharashtra News in Hindi सेक्शन फॉलो करें — केवल Asianet News Hindi पर।