
बेंगलुरु. कर्नाटक में 15 सीटों पर उपचुनाव के लिए भाजपा ने उम्मीदवारों की पहली लिस्ट जारी कर दी। इस लिस्ट में कांग्रेस और जेडीएस के 13 बागियों का नाम शामिल है। इससे पहले गुरुवार को ही कांग्रेस और जेडीएस के 16 बागी विधायक भाजपा में शामिल हुए।
इन विधायकों के इस्तीफे की वजह से खाली हुईं सीटों पर 5 दिसंबर को उपचुनाव होने हैं। इन विधायकों ने जुलाई में कांग्रेस और जेडीएस से इस्तीफा दिया था। इनकी गैरमौजूदगी में ही तत्कालीन मुख्यमंत्री कुमारस्वामी फ्लोर टेस्ट में फेल हो गए थे। स्पीकर ने इन्हें अयोग्य घोषित कर दिया था। इसके बाद राज्य में भाजपा की सरकार बनी।
सुप्रीम कोर्ट ने बुधवार को कर्नाटक में स्पीकर के फैसले को सही ठहराया था। लेकिन इन विधायकों को दोबारा चुनाव लड़ने की अनुमति दे दी थी।
5 दिसंबर को 15 सीटों पर उपचुनाव
कर्नाटक विधानसभा में 17 विधानसभा सीटों में से 15 पर 5 दिसंबर को उपचुनाव के लिए मतदान होना है। इन 15 सीटों पर 7 लाख 50 हजार से ज्यादा मतदाता हैं। उपचुनाव के लिए 4185 पोलिंग बूथ बनाए जाएंगे। मतदान के लिए ईवीएम के साथ वीवीपैट का भी इस्तेमाल होगा। पहले 21 अक्टूबर को मतदान होना था।
National News (नेशनल न्यूज़) - Get latest India News (राष्ट्रीय समाचार) and breaking Hindi News headlines from India on Asianet News Hindi.