21 दिनों के लॉकडाउन का 5 वां दिन, केंद्र सरकार सख्त; राज्यों को निर्देश,सील करें सभी सीमाएं

कोरोना वायरस का संक्रमण देश भर में बढ़ता जा रहा है। कोरोना से संक्रमित मरीजों की संख्या 1000 के पार पहुंच गई है। रविवार को कोरोना की वजह से दो मरीजों की मौत हुई है। जिसके बाद मौत का आंकड़ा 27 तक पहुंच गया है। वहीं, आज लॉकडाउन का पांचवा दिन है। 

Asianet News Hindi | Published : Mar 29, 2020 6:46 AM IST / Updated: Mar 29 2020, 02:48 PM IST

नई दिल्ली. भारत में कोरोना वायरस के संक्रमण का संकट बढ़ता जा रहा है। आज रविवार की अल सुबह गुजरात और कश्मीर में एक-एक शख्स की मौत हुई है। जिससे देशभर में मौत का आंकड़ा 27 तक पहुंच गया है। वहीं, कोरोना वायरस से संक्रमित मरीजों की संख्या भी तेजी से बढ़ती जा रही है। देश के 25 राज्यों में कोरोना से संक्रमित मरीजों की संख्या 1000 के पार पहुंच गई है। इधर पीएम मोदी के ऐलान के बाद देश में 21 दिनों की लॉकडाउन जारी है, लॉकडाउन का आज 5 वां दिन हैं।  ऐसे में जानना जरूरी हो जाता है कि देश के सबसे ज्यादा प्रभावित राज्य कौन से हैं और वहां की स्थिति क्या है?

केंद्र सरकार का सख्त संदेश- सभी राज्य सीमाओं को करें सील

लॉकडाउन के बाद पलायन की स्थिति पर केंद्र सरकार ने सख्त रुख अख्तियार किया है। केंद्र सरकार ने कहा है कि लॉकडाउन का पालन करवाना डिस्ट्रिक्ट मैजिस्ट्रेट और एसपी की जिम्मेदारी है। केंद्र सरकार की तरफ से आदेश दिया गया है कि सभी राज्यों और जिलों की सीमाएं सील कर दी जाएं और बाहर से आने वाले लोगों को सीमाओं पर ही कैंपों में रखा जाए। केंद्र सरकार ने यह भी कहा है कि काम करने आने वाले मजदूरों के रहने का इंतजाम किया जाए और उनको समय से भुगतान किया जाए। सरकार ने कहा कि आदेश को न मानने वालों पर कड़ी कार्रवाई होगी।

जानिए राज्यों के हाल 

महाराष्ट्र

कोरोना वायरस के संक्रमण से महाराष्ट्र सबसे ज्यादा प्रभावित है। प्रदेश में संक्रमित मरीजों की संख्या 193 तक पहुंच गई है। रविवार को महाराष्ट्र में 7 लोगों की जांच रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। महाराष्ट्र  पुणे के पास पिंपरी-चिंचवड़ में 5 संक्रमित ठीक हो गए। इनकी दूसरी टेस्ट रिपोर्ट भी निगेटिव आई। इससे पहले, 14 दिन अस्पताल में आइसोलेशन में रहने के बाद 3 मरीजों की टेस्ट रिपोर्ट निगेटिव आई थी। इन्हें शुक्रवार को डिस्चार्ज किया गया था। जिसके बाद महाराष्ट्र में अब तक 25 लोग ठीक हो चुके हैं। जबकि सबसे अधिक 6 लोगों की मौतें हुई हैं। 

केरल

महाराष्ट्र के बाद केरल कोरोना वायरस से सबसे ज्यादा प्रभावित है। केरल में अब तक 182 पॉजिटिव मरीज सामने आ चुके हैं। जबकि इसमें से 12 लोग ठीक भी हो चुके हैं। केरल में शनिवार को कोरोना वायरस की वजह से पहली मौत हुई है। इससे पहले केरल में कोरोना वायरस का सबसे पहला मामला जनवरी में सामने आया था। जहां वुहान से लौटी एक छात्रा संक्रमित पाई गई थी। जिसके बाद 3 और लोग संक्रमित पाए गए थे और बाद में वे ठीक भी हो गए। लेकिन मार्च में एक बार फिर कोरोना का संक्रमण हावी और अब तक 182 मरीज संक्रमित हैं। 

मध्यप्रदेश

प्रदेश में संक्रमित मरीजों की संख्या 39 है। राज्य में शनिवार को 5 नए मामले सामने आए। 4 मरीज इंदौर में और एक उज्जैन में मिला है। इंदौर में संक्रमित मिले चारों मरीज पुरुष हैं और उनकी उम्र 48 साल, 40 साल, 38 साल और 21 साल है। वहीं, उज्जैन में 17 साल की लड़की की रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। अब इंदौर में सबसे ज्यादा 20 पॉजिटिव हैं। इसके बाद जबलपुर में 8, उज्जैन में 4, भोपाल में 3, शिवपुरी-ग्वालियर में 2-2 संक्रमित हैं। प्रदेश में अब तक 2 लोगों की मौत हुई है। 

राजस्थान

राजस्थान में संक्रमित मरीजों की संख्या 55 है। रविवार को भीलवाड़ा में एक और संक्रमित मिला है। इसके साथ ही शहर में संक्रमितों की संख्या सबसे ज्यादा 25 हो गई है। शनिवार को 4 नए मामले सामने आए थे। अजमेर में 23 साल का युवक संक्रमित मिला है। वह हाल ही में पंजाब से लौटा था। 21 साल की एक युवती भी भीलवाड़ा में संक्रमित पाई गई है। भीलवाड़ा में ही बांगड़ हॉस्पिटल के नर्सिंग स्टाफ के दो लोग संक्रमित मिले हैं। जबकि राजस्थान में अब तक 2 लोगों की मौत हुई है। 

उत्तरप्रदेश

योगी सरकार कोरोना वायरस के संक्रमण को रोकने के लिए मोर्चा संभाले खड़ी है। यूपी में संक्रमित मरीजों की संख्या 65 हो गई है। शनिवार को 16 मामले सामने आए हैं। इस बीच गौतमबुद्ध नगर के चीफ मेडिकल ऑफिसर अनुराग भार्गव ने बताया है कि वहां एक कंपनी के मैनेजिंग डायरेक्टर के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई है। उस पर ट्रैवल हिस्ट्री छिपाने का आरोप है। उसकी कंपनी के 13 कर्मचारी संक्रमित पाए गए हैं। 

बिहार

सुबे में कुल संक्रमित 11 मरीज हैं। शनिवार को राज्य में कोरोना संक्रमण के दो नए केस सामने आए। 11 संक्रमितों में से 10 का इलाज चल रहा है। जबकि 38 साल के मरीज की पटना में 21 मार्च को मौत हो गई थी। कुल मरीजों में 6 संक्रमित ऐसे हैं, जिनकी कोई ट्रैवल हिस्ट्री नहीं है। यानी, इन लोगों ने देश में या देश से बाहर कहीं यात्रा नहीं की है। राज्य में शुक्रवार को दो संक्रमित पाए गए थे।

गुजरात

गुजरात के अहमदाबाद में रविवार को 45 साल के एक व्यक्ति की मौत हो गई है। डॉक्टरों के मुताबिक, उसे डायबिटीज भी थी। गुजरात में अब तक इस संक्रमण से 5 मौतें हो चुकी हैं। अहमदाबाद में ही सबसे ज्यादा 17 संक्रमित हैं। प्रदेश में संक्रमित मरीजों की संख्या 58 हैं, रविवार को 3 और नए पॉजिटिव मरीज मिले हैं।  

दिल्ली

दिल्ली में शनिवार को संक्रमण के 9 केस सामने आए। इससे पहले यहां 6 लोग ठीक हो चुके हैं जबकि एक महिला की मौत हो चुकी है। दिल्ली पूरी तरह से लॉकडाउन है। लॉकडाउन का आज पांचवा दिन है। वहीं, लॉकडाउन होने से मजदूर शहर से पलायन कर रहे हैं। जिसके कारण समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है। दिल्ली में कोरोना से संक्रमित मरीजों की संख्या 49 हो गई है। 

पंजाब

पंजाब में शनिवार को 1 पॉजिटिव मरीज मिला है। राज्य में कोरोना से संक्रमित मरीजों की तादाद 38 हो गई है। राज्य के स्वास्थ्य मंत्री बलवीर सिंह ने केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री को चिठ्ठी लिखी है। इसमें उन्होंने बताया है कि राज्य में एनआरआई की संख्या बहुत ज्यादा है। इसी महीने 90 हजार प्रवासी भारतीय पंजाब आए हैं। ऐसे में कोरोना संक्रमितों की संख्या तेजी से बढ़ने की आशंका है। इससे लड़ने के लिए राज्य को 150 करोड़ के अतिरिक्त फंड की जरूरत पड़ेगी। पंजाब में पिछले दिनों कोरोना संक्रमित एक मरीज की मौत भी हो चुकी है। 

आंध्रप्रदेश

आंध्र प्रदेश में संक्रमित मरीजों की संख्या 19 हो गई है। राज्य में गुंटूर, कृष्णा और विशाखापट्‌टनम कोरोना के संक्रमण से सबसे ज्यादा प्रभावित हैं। यहां 4-4 मरीज हैं। इस बीच राज्य सरकार ने यहां मोबाइल रायतु बाजार चलाने का फैसला किया है। इसमें किसान अपनी सब्जियां सीधे बेच सकेंगे। ऐसा बाजार में भीड़ कम करने के इरादे से किया गया है। इस बाजार में लॉरी पर सब्जी खरीदी और बेची जाएगी।

तमिलनाडु

शनिवार को तमिलनाडु में 4 नए पॉजिटिव मरी मिले है। राज्य के कुम्बकोणम में 42 साल का व्यक्ति संक्रमित मिला, जो वेस्टइंडीज से लौटा था। वहीं, काटपड़ी में 49 साल का व्यक्ति संक्रमित मिला है। वह ब्रिटेन से लौटा था। दोनों को वेल्लोर में भर्ती किया गया है। इस बीच, चेन्नई में आइसोलेशन वार्ड में भर्ती तीन मरीजों की शनिवार को मौत हो गई। हालांकि, अभी यह स्पष्ट नहीं है कि शख्स कोरोना पॉजिटिव था या नहीं। 

RBI की घोषणा: 3 महीने तक EMI में छूट, रेपो रेट में कटौती

आरबीआई गवर्नर ने बताया, रेपो रेट में 75 बेसिस पॉइंट की कटौती की गई है। रिवर्स रेपो रेट में भी 90 बेसिस पॉइंट की कटौती करते हुए 4% कर दी है। इससे लोगों की EMI कम होगी। कैश रिजर्व रेशियो (CRR) में 100 बेसिस पॉइंट की कटौती करके 3 प्रतिशत कर दिया गया है। यह एक साल तक की अवधि के लिए किया गया है। आरबीआई ने जो कदम उठाए हैं, उससे 3.74 लाख करोड़ रुपए की नकदी बढ़ेगी।

वित्त मंत्री: 1.70 लाख करोड़ के स्पेशल पैकेज का ऐलान

26 मार्च को वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने 1.70 लाख करोड़ रुपए के स्पेशल पैकेज का ऐलान किया। स्वास्थ्यकर्मियों के लिए 50 लाख का बीमा, मनरेगा मजदूरों की दिहाड़ी 182 रुपए से बढ़ाकर 202 रुपए किया।

Image

Share this article
click me!