3 जून की 10 बड़ी खबर: कहां पर लड़कों पर भारी पड़ी लड़कियां, किस देश ने कहा भारत में पूजा स्थलों पर बढ़े हमले

Published : Jun 03, 2022, 02:38 PM ISTUpdated : Jun 03, 2022, 06:19 PM IST
3 जून की 10 बड़ी खबर: कहां पर लड़कों पर भारी पड़ी लड़कियां, किस देश ने कहा भारत में पूजा स्थलों पर बढ़े हमले

सार

पीएम नरेंद्र मोदी (Narendra Modi)  ने उत्तरप्रदेश को 80 हजार करोड़ रुपए की परियोजनाओं की सौगात दी। दूसरी ओर गैंगस्टर लॉरेंस बिश्रोई ने दिल्ली पुलिस से पूछताछ के दौरान स्वीकार किया है कि उसके गिरोह ने सिद्धू मूसेवाला की हत्या की।

नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी (Narendra Modi)  ने शुक्रवार को उत्तरप्रदेश को 80 हजार करोड़ रुपए की परियोजनाओं की सौगात दी। उन्होंने 1406 परियोजनाओं का शिलान्यास किया। दूसरी ओर कांग्रेस नेता प्रियंका गांधी कोरोना संक्रमित हो गईं। वहीं, गैंगस्टर लॉरेंस बिश्रोई ने पूछताछ के दौरान स्वीकार किया है कि उसके गिरोह ने सिद्धू मूसेवाला की हत्या की। आइए जानते हैं शुक्रवार की 10 बड़ी खबरें। 

1- यूपी को 80 हजार करोड़ की सौगात- प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने लखनऊ में तीसरे यूपी इन्वेस्टर्स समिट का उद्घाटन किया। इस दौरान उन्होंने 80 हजार करोड़ रुपए की 1,406 परियोजनाओं का शिलान्यास किया। नरेंद्र मोदी ने कहा कि दुनिया आज जिस भरोसेमंद साथी को तलाश रही है उस पर खरा उतरने का सामर्थ्य सिर्फ भारत के पास है। 

2- सिद्धू मूसेवाला के परिजनों से मिले भगवंत मान- पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने दिवंगत पंजाबी सिंगर सिद्धू मूसेवाला के परिजनों से मुलाकात की।  29 मई को अपराधियों ने मूसेवाला की हत्या कर दी थी। सीएम ने शोक संतप्त परिवार से अपनी संवेदना व्यक्त की। 

3- राहुल गांधी को ED ने भेजा नया समन- नेशनल हेराल्ड मामले में प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने राहुल गांधी को नया समन भेजा है। उन्हें पूछताछ के लिए 13 जून को पेश होने को कहा गया है। ED ने पहले राहुल गांधी और सोनिया गांधी को समन भेजा था। सोनिया गांधी को 8 जून को बुलाया गया है। विदेश में होने के चलते राहुल पहले ईडी के सामने पेश नहीं हो पाए थे।

4- पुष्कर सिंह धामी को मिली जीत- उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने उपचुनाव में जीत हासिल की है। वह चंपावत विधानसभा सीट पर हुए उपचुनाव में उम्मीदवार थे। उन्होंने 55,000 से अधिक मतों से जीत हासिल की है।

5- कोरोना के 4 हजार से अधिक नए संक्रमित मिले- कोरोना के चार हजार से अधिक नए संक्रमित मिले हैं। 84 दिन बाद एक दिन में मिलने वाले नए संक्रमितों की संख्या चार हजार के पार गई है। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय के आंकड़ों के अनुसार देश में एक्टिव मरीजों की संख्या  21,177 हो गई है। वहीं,  COVID-19 मामलों की संख्या 4,31,68,585 हो गई है।

6- प्रियंका गांधी हुईं कोरोना संक्रमित- कांग्रेस नेता प्रियंका गांधी कोरोना संक्रमित हो गईं हैं। उन्हें हल्के लक्षण हैं। प्रियंका ने घर में खुद को क्वारैंटाइन कर लिया है। उन्होंने संपर्क में आए लोगों से जरूरी सावधानियां बरतने की अपील की है। 

7- बंगाल में लड़कियों ने लड़कों को पछाड़ा- पश्चिम बंगाल माध्यमिक परीक्षा बोर्ड (WBBSE) ने कक्षा 10 की बोर्ड परीक्षाओं के रिजल्ट जारी किए। परीक्षा परिणाम में लड़कियों ने लड़कों को पछाड़ दिया। 10.98 लाख उम्मीदवारों में से 86.60 प्रतिशत सफल घोषित किए गए।

8- अमेरिकी विदेश मंत्री ने कहा- भारत में बढ़े पूजा स्थलों पर हमले- अमेरिकी विदेश मंत्री टोनी ब्लिंकन ने कहा कि भारत में लोगों और पूजा स्थलों पर हमले बढ़ रहे हैं। उन्होंने कहा कि अमेरिका दुनिया भर में धार्मिक स्वतंत्रता के लिए खड़ा रहेगा।

9- कीटनाशकों के चलते कई देशों ने लौटाई भारत की चाय- भारत के चाय उत्पादक भारी मात्रा में कीटनाशकों का इस्तेमाल कर रहे हैं, इसका असर चाय निर्यात पर दिखने लगा है। चाय में कीटनाशक की मात्रा अधिक होने की शिकायत कर कई देशों से भारतीय चाय लौटाई गई है। भारतीय चाय निर्यातक संघ (आईटीईए) के अध्यक्ष अंशुमान कनोरिया ने कहा कि अंतरराष्ट्रीय और घरेलू दोनों खरीदारों ने कीटनाशकों और रसायनों की अधिक मात्रा होने के चलते चाय खरीदने से मना किया है।

10 - आतंकवादी मूसा को उम्रकैद की सजा- कोलकाता की एक विशेष एनआईए अदालत ने विदेशियों को आईएसआईएस की तरह मारने की साजिश रचने के आरोपी मोहम्मद मोसीउद्दीन उर्फ मूसा को उम्रकैद की सजा सुनाई है।

PREV

National News (नेशनल न्यूज़) - Get latest India News (राष्ट्रीय समाचार) and breaking Hindi News headlines from India on Asianet News Hindi.

Recommended Stories

Vedanta Power Plant Blast: शुरुआती जांच में खुल रहीं चौंकाने वाली लापरवाही की परतें
TCS Nashik Case: IT कंपनी के ‘ऑर्गनाईज्ड गैंग’ का खुलासा, महिलाओं ने खोली ऑफिस की खौफनाक सच्चाई