Assam News: गुवाहाटी में 9वीं के एक छात्र ने अपनी मां चंद्रानी कलिता पर चाकू से हमला कर उन्हें गंभीर रूप से घायल कर दिया। इसके बाद स्कूल के व्हाट्सएप ग्रुप पर मां की मदद करने का मैसेज भेजकर छात्र ने 11 मंजिला इमारत से कूदकर जान दे दी। पुलिस जांच जारी है।

Guwahati News: असम की राजधानी गुवाहाटी से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। यहां 9वीं कक्षा में पढ़ने वाले एक नाबालिग छात्र ने शुक्रवार रात पहले अपनी ही मां पर धारदार हथियार से जानलेवा हमला किया और फिर एक बहुमंजिला इमारत से कूदकर खुदकुशी कर ली। इस खौफनाक कदम को उठाने से पहले छात्र ने स्कूल के व्हाट्सएप ग्रुप पर ऐसा मैसेज छोड़ा, जिसने हर किसी को सन्न कर दिया है।

Guwahati Crime News: घर में मां पर किया जानलेवा हमला

  • गर्दन पर गंभीर चोटें: यह घटना गुवाहाटी के बामुनीमैदम स्थित हल्दी मिल के ईस्ट ज्योतिनगर इलाके की है। गीता नगर के गुरुकुल स्कूल के इस छात्र ने अपनी 50 वर्षीय मां चंद्रानी कलिता पर धारदार हथियार से हमला कर दिया, जिससे उनकी गर्दन पर गहरे जख्म आए हैं।
  • ICU में जिंदगी की जंग: गंभीर रूप से घायल चंद्रानी कलिता को तुरंत गुवाहाटी मेडिकल कॉलेज एंड हॉस्पिटल (GMCH) में भर्ती कराया गया, जहां आईसीयू (ICU) में उनकी हालत नाजुक बनी हुई है।

WhatsApp Message Before Suicide: स्कूल ग्रुप में मैसेज कर 11वीं मंजिल से लगाई छलांग

  • साथियों से मांगी मदद: मां पर हमला करने के बाद किशोर घर से बाहर निकल गया और अपने स्कूल के व्हाट्सएप ग्रुप में घटना की जानकारी दी। उसने सहपाठियों से अपने घर का पता ढूंढकर घायल मां की मदद करने को कहा।
  • खौफनाक आखिरी संदेश: इसके बाद वह शहर के एबीसी (ABC) इलाके में पहुंचा और 11 मंजिला रिहायशी इमारत से कूदने से पहले ग्रुप में लिखा-"उम्मीद है 11 मंजिल काफी होगी।"
  • पुलिस जांच जारी: पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और इस बात की छानबीन की जा रही है कि आखिर छात्र ने किन परिस्थितियों में अपनी मां पर हमला किया और इतना खौफनाक कदम उठाया।

Guwahati में छात्र की मौत, मां ICU में भर्ती

घर से निकलने के बाद किशोर शहर के ABC इलाके में पहुंचा। वहां एक बहुमंजिला रिहायशी इमारत से गिरने के बाद उसकी मौत हो गई। शुरुआती जानकारी में इसे आत्महत्या बताया गया है।

पुलिस जांच में जुटी, हमले की वजह का पता नहीं

पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। फिलहाल यह स्पष्ट नहीं है कि छात्र ने अपनी मां पर हमला क्यों किया और घटना से पहले क्या परिस्थितियां थीं। पुलिस पूरे घटनाक्रम और किशोर के संदेश की भी जांच कर रही है। मामले में विस्तृत जानकारी का इंतजार है।

(नोट: यदि आप या आपका कोई परिचित तनाव या अवसाद से जूझ रहा है, तो मदद के लिए टेलीमानस हेल्पलाइन 14416 पर 24x7 संपर्क कर सकते हैं।)