Bal Diwas 2026: 14 नवंबर को पूरे देश में Children's Day 2026 यानी बाल दिवस मनाया जा रहा है। यह दिन बच्चों के अधिकारों, उनकी खुशियों और बेहतर भविष्य की याद दिलाता है। भारत में कुछ ऐसी भी बच्चे हैं, जिनकी प्रतिभा और हुनर ने पूरी दुनिया को कायल कर दिया है।
बाल दिवस पर हम अक्सर बच्चों के सपनों और उनकी प्रतिभा की बात करते हैं। लेकिन भारत में कुछ ऐसे बच्चे भी हैं, जिन्होंने 10 साल की उम्र पूरी होने से पहले ही अंतरराष्ट्रीय मंच पर अपनी पहचान बना ली। किसी ने शतरंज में वर्ल्ड चैंपियन बनकर तिरंगा लहराया, तो किसी ने दुनिया की सबसे ऊंची पर्वत चोटियों में से एक पर चढ़ाई कर सबको हैरान कर दिया। आइए जानते हैं ऐसे ही 5 नन्हे सितारों की कहानी।
1. वाका लक्ष्मी प्रज्ञानिका: 8 साल में बनीं वर्ल्ड चैंपियन
गुजरात के सूरत की वाका लक्ष्मी प्रज्ञानिका ने महज 8 साल की उम्र में शतरंज की दुनिया में बड़ी उपलब्धि हासिल की। उन्होंने 2025 में सर्बिया में आयोजित FIDE वर्ल्ड स्कूल्स चेस चैंपियनशिप के अंडर-7 गर्ल्स वर्ग में गोल्ड मेडल जीता। खास बात यह रही कि उन्होंने प्रतियोगिता के सभी 9 मुकाबले जीतकर 9 में से 9 अंक हासिल किए।
2. चार्वी ए: 9 साल की उम्र में शतरंज में दुनिया में बनाई पहचान
कर्नाटक की चार्वी ए ने छोटी उम्र में शतरंज में कई उपलब्धियां हासिल कीं। वह अंडर-8 वर्ल्ड और कॉमनवेल्थ चेस चैंपियन रह चुकी हैं। 2022 में उन्होंने ये दोनों खिताब अपने नाम किए। 9 साल की उम्र में उन्हें प्रधानमंत्री राष्ट्रीय बाल पुरस्कार से भी सम्मानित किया गया था।
3. आर सूर्य प्रसाद: 9 साल में फतह किया किलिमंजारो
आंध्र प्रदेश के आर सूर्य प्रसाद ने महज 5 साल की उम्र में पर्वतारोहण की ट्रेनिंग शुरू कर दी थी। इसके बाद 9 साल की उम्र में उन्होंने अफ्रीका की सबसे ऊंची चोटी माउंट किलिमंजारो पर चढ़ाई की। उनकी इस उपलब्धि ने उन्हें देश के सबसे कम उम्र के चर्चित पर्वतारोहियों में शामिल कर दिया।
4. अवनीश तिवारी: 7 साल में पहुंचे एवरेस्ट बेस कैंप
मध्य प्रदेश के इंदौर के अवनीश तिवारी डाउन सिंड्रोम से प्रभावित हैं। इसके बावजूद उन्होंने 7 साल की उम्र में माउंट एवरेस्ट के बेस कैंप तक ट्रेकिंग पूरी की। उनकी कहानी ने दिव्यांग बच्चों की क्षमता और उनके सपनों को लेकर लोगों का ध्यान खींचा। उन्हें राष्ट्रीय स्तर पर भी सम्मान मिला।
5. शिवाली जहरा: 4 साल की उम्र में बनाए इंटरनेशनल रिकॉर्ड
तमिलनाडु की शिवाली जहरा ने महज 4 साल की उम्र में अपनी याददाश्त से सबको हैरान कर दिया। उन्होंने 195 देशों के झंडों की पहचान करने के साथ उनकी राजधानियां बताने का रिकॉर्ड बनाया। इसके अलावा वह 200 संगीत वाद्ययंत्रों के नाम भी बेहद कम समय में बता चुकी हैं। इंटरनेशनल बुक ऑफ रिकॉर्ड्स ने उनकी उपलब्धियों को दर्ज किया है।














