असम के नगांव में 13 नवंबर को हुए भीषण सड़क हादसे में 26 लोगों की मौत हो गई। स्थानीय लोगों ने इसके लिए ओवरलोडिंग, तेज रफ्तार और नेशनल हाईवे-715 के गड्ढों को जिम्मेदार ठहराया। जनता ने सड़क मरम्मत और स्पीड लिमिट की सख्त मांग की है।
असम के नगांव में 13 नवंबर को हुए भीषण सड़क हादसे ने कई परिवारों की खुशियां छीन ली हैं। रंगाजन इलाके में हुए इस दर्दनाक हादसे में 26 लोगों की मौत हो गई। किसी परिवार ने अपनी 21 साल की बेटी फरहाना यास्मीन को खोया, तो किसी ने 73 साल के अब्दुल रशीद जैसे सामाजिक कार्यकर्ता को। हादसे के बाद मृतकों के घरों में मातम पसरा है और परिजन अपनों को याद कर रहे हैं। स्थानीय लोगों ने इस दुर्घटना के लिए तेज रफ्तार, ट्रैवलर गाड़ियों में ओवरलोडिंग और खराब सड़क को जिम्मेदार बताया है। उनका आरोप है कि नेशनल हाईवे-715 की हालत लंबे समय से खराब है और सड़क पर बड़े-बड़े गड्ढे हादसों का खतरा बढ़ा रहे हैं। लोगों ने सरकार से सड़क की मरम्मत, वाहनों की ओवरलोडिंग पर रोक और काजीरंगा इलाके में स्पीड लिमिट सख्ती से लागू करने की मांग की है।













