दिल्ली के आस्था कुंज पार्क में 17 साल की लड़की से कथित गैंगरेप के मामले में पुलिस ने साकेत कोर्ट में 450 पन्नों की चार्जशीट दाखिल की है। इसमें 55 गवाहों के बयान, CCTV फुटेज, मोबाइल लोकेशन और कॉल रिकॉर्ड शामिल हैं।
नई दिल्ली: दिल्ली के चर्चित आस्था कुंज पार्क गैंगरेप मामले में पुलिस ने साकेत कोर्ट में 450 पन्नों की लंबी-चौड़ी चार्जशीट दाखिल कर दी है। करीब 60 दिन पहले हुई इस खौफनाक वारदात ने पूरे शहर को झकझोर कर रख दिया था। पीड़िता के जन्मदिन के दिन हुई इस घटना में पुलिस ने तीनों आरोपियों के खिलाफ पुख्ता सबूत जुटाए हैं, जिसमें पीड़िता और उसकी सहेली समेत 55 लोगों के बयान दर्ज किए हैं। चार्जशीट में CCTV फुटेज, मोबाइल लोकेशन और कॉल डिटेल रिकॉर्ड जैसे तकनीकी सबूत भी शामिल किए गए हैं।
Aastha Kunj Park Case: जन्मदिन के दिन क्या हुआ था?
- कालकाजी मंदिर से गए थे पार्क: पीड़िता 22 सितंबर को अपने जन्मदिन के मौके पर सहेली के साथ कालकाजी मंदिर गई थी। पूजा के बाद दोनों शाम करीब 7 बजे आस्था कुंज पार्क पहुंचीं और एक बेंच पर बैठी थीं।
- हथियार के दम पर अगवा: तभी 30 से 35 साल के तीन बदमाश वहां पहुंचे। आरोपियों ने सहेली के साथ मारपीट की और बंदूक व चाकू की नोक पर पीड़िता को पार्क के अंधेरे और सुनसान हिस्से में खींच ले गए।
- गैंगरेप की खौफनाक वारदात: चार्जशीट के मुताबिक, मुख्य आरोपी आसिफ और उसके साथियों ने डरा-धमकाकर नाबालिग के साथ दरिंदगी की और उसके बाद आरोपी हेमंत व मुकेश ने भी इस घिनौने कृत्य को अंजाम दिया। FIR में अलग-अलग स्थानों पर उसके साथ दोबारा दुष्कर्म किए जाने का भी आरोप है।
Delhi Police Charge sheet: 55 गवाह और तकनीकी सबूत
- मजबूत सबूतों का दावा: पुलिस ने अपनी 450 पन्नों की चार्जशीट में 55 गवाहों के बयान दर्ज किए हैं, जिसमें खुद पीड़िता और उसकी सहेली की गवाही भी शामिल है। मामले में आसिफ, हेमंत और मुकेश को आरोपी बनाया गया है। पुलिस की चार्जशीट में जांच से जुड़े कई अहम साक्ष्य शामिल किए गए हैं।
- CCTV और CDR की मदद: आरोपियों के गुनाह को साबित करने के लिए पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज, मोबाइल कॉल डिटेल रिकॉर्ड (CDR) और लोकेशन डेटा का पूरा सहारा लिया है।
POCSO Act: इन धाराओं में दाखिल हुई चार्जशीट
पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 70(2), 61(2), 115(2) और 351(3) के साथ पॉक्सो एक्ट की धारा 6 और 17 के तहत आरोपपत्र दाखिल किया है। अब मामले में आगे की सुनवाई अदालत में होगी। आरोपियों के खिलाफ लगाए गए आरोपों पर अंतिम फैसला न्यायिक प्रक्रिया के बाद ही होगा।














