राज्यों का हालः MP में 24 घंटे में मिले 7 पॉजिटिव, डर के मारे मुंबई में डॉक्टरों ने की क्लीनिक बंद

Published : Mar 28, 2020, 11:39 AM ISTUpdated : Mar 29, 2020, 12:01 PM IST
राज्यों का हालः MP में 24 घंटे में मिले 7 पॉजिटिव, डर के मारे मुंबई में डॉक्टरों ने की क्लीनिक बंद

सार

कोरोना की वजह से भारत में 21 दिन का लॉकडाउन है। देश भर में कोरोना संक्रमण का केस बढ़ता ही जा रहा है। भारत में कोरोना से संक्रमित मरीजों की संख्या 900 तक पहुंच गई है। वहीं, मुंबई और पुणे में संक्रमण का खतरा बढ़ता देख डॉक्टरों ने क्लिनिक पर ही ताला लगा दिया।  

नई दिल्ली. भारत में कोरोना वायरस के संक्रमण का संकट बढ़ता जा रहा है। आज शनिवार को गुजरात और महाराष्ट्र में 6-6 और राजस्थान में 2 पॉजिटिव मरीज सामने आए हैं। जिसके बाद देश में संक्रमण के मामले 900 तक पहुंच गए हैं। देश के 22 राज्यों में संक्रमण का यह आंकड़ा covid19india.org वेबसाइट के अनुसार है। जबकि सरकारी आंकड़ों के मुताबिक अभी तक 775 पॉजिटिव मरीज है, जिसमें से 78 ठीक हो चुके हैं। एक दिन में संक्रमण के सबसे ज्यादा 151 मामले शुक्रवार को सामने आए। हालांकि कई मीडिया संस्थान अपने सूत्रों के हवाले से चला रहे हैं कि मौत का आंकड़ा 22 हो चुका है। ऐसे में जानना जरूरी हो जाता है कि देश के सबसे ज्यादा प्रभावित राज्य कौन से हैं और वहां की स्थिति क्या है?

महाराष्ट्र

महाराष्ट्र में शनिवार की सुबह कोरोना संक्रमण के 6 नए मामले सामने आए। यहां अब तक 162 केस आ चुके हैं, जबकि 4 लोगों की मौत हो चुकी है। शुक्रवार को पॉजिटिव मिले 29 मरीजों में से 15 केवल सांगली के हैं। सांगली के मरीज पहले पॉजिटिव पाए गए लोगों के संपर्क में आए थे। वहीं, मुंबई और पुणे में डॉक्टरों ने डर के मारे क्लिनिक ही बंद कर दिया है। 

केरल

केरल में कोरोना के 176 संक्रमित आ चुके हैं। हालांकि अच्छी खबर यह है कि इसमें 12 मरीज ठीक हो चुके हैं। शुक्रवार के संक्रमण के 39 नए मामले सामने आए हैं। कसरगोद से 34, कन्नूर में 2 और त्रिशूर, कोल्लम और काझीकोड में एक-एक मामला सामने आया है।

कर्नाटक

कर्नाटक में कोरोना से 64 संक्रमित पाए गए हैं। शुक्रवार को दक्षिण कन्नड़ जिले के साजीपनाडु में 10 महीने की बच्ची कोरोना पॉजिटिव पाई गई है। राज्य में दो पॉजिटिव केस मिलने के साथ ही संक्रमितों की संख्या बढ़कर 64 हो गई है। इनमें दक्षिण कन्नड़ जिले का रहने वाला दस महीने का बच्चा भी शामिल है। कुल संक्रमितों में से पांच लोग ठीक हो चुके हैं, जबकि 3 की मौत हो गई। कर्नाटक में अभी 56 लोगों का इलाज जारी है। 

गुजरात

राज्य में शनिवार को कोरोना से संक्रमित 6 और नए मरीज सामने आए हैं। जिसके बाद राज्य में कोरोना के पॉजिटिव मरीजों की संख्या 53 हो गई है, जिसमें से संक्रमित की मौत भी हो चुकी है। 

मध्यप्रदेश

प्रदेश में कोरोना के 4 नए केस सामने आए हैं। जिससे मध्यप्रदेश में संक्रमित मरीजों की संख्या 33 हो गई है। इसमें दो की मौत भी हो चुकी है। शुक्रवार को जबलपुर में दो और लोगों की कोरोना जांच रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। दोनों नए मरीज पहले से संक्रमित सराफा व्यापारी के यहां काम करते हैं। अब जबलपुर में कोरोना वायरस से संक्रमितों की संख्या बढ़कर 8 हो गई है। सराफा व्यापारी के पॉजिटिव पाए जाने के बाद 23 मार्च को इन दोनों को आइसोलेशन में सुखसागर मेडिकल कॉलेज में रखा गया था। अभी इंदौर में 15, भोपाल में 3, शिवपुरी में 2, जबलपुर 8, ग्वालियर में एक पॉजिटिव है। उधर शिवराज सिंह चौहान राजधानी भोपाल में शनिवार को डॉक्टर्स, सफाईकर्मियों और कोरोना से जंग लड़ रहे लोगों को धन्यवाद दिया। 

उत्तर प्रदेश

राज्य में शुक्रवार तक कुल 50 संक्रमित मरीज हैं, जिसमें 11 मरीज स्वस्थ हो चुके हैं। राज्य सरकार ने दिल्ली स्थित उत्तरप्रदेश भवन में कोरोना कंट्रोल रूम बनाया है। इसके नंबर 011-26110151, 26110152, 26110153, 26110154, 26110155 और 9313434088 हैं। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने महाराष्ट्र, हरियाणा और उत्तराखंड समेत 12 राज्यों के मुख्यमंत्रियों से अपील की है कि वहां रहने वाले उत्तरप्रदेश के लोगों के लिए रहने-खाने का इंतजाम करें। इसका खर्च उत्तरप्रदेश सरकार उठाएगी।

यूपी में 21 दिन के लॉकडाउन को सफल करने के लिए 11 समितियां बनाई गई हैं, जिसे टीम-11 का नाम दिया गया है। इसके अलावा योगी सरकार के मंत्री बृजेश पाठक ने लोगों की मदद के लिए अपने घर में कंट्रोल रूम बनाया है।

राजस्थान

राजस्थान में शनिवार को अजमेर में 23 साल का युवक संक्रमित मिला है। वह हाल ही में पंजाब से लौटा था। 21 साल की एक युवती भीलवाड़ा में संक्रमित पाई गई है। वहीं, शुक्रवार को कोरोना के सात नए मामले सामने आए थे। अब कुल पॉजिटिव मामलों की संख्या बढ़कर 52 हो गई है। इनमें से अकेले भीलवाड़ा में ही 21 मरीज हैं। भीलवाड़ा में संक्रमण तेजी से फैल रहा है। यहां कल जान गंवाने वाले व्यक्ति के परिवार के दो और सदस्य संक्रमित पाए गए हैं। वहीं, जयपुर में ओमान से लौटे व्यक्ति के संक्रमित मिलने के बाद शहर के सात थाना क्षेत्रों में कर्फ्यू लगाया गया है।

दिल्ली

दिल्ली में संक्रमण के मामले बढ़कर 40 हो गए हैं। अभी तक एक मौत हुई है और 6 ठीक हो चुके हैं। मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने कहा कि हम हर दिन 20 हजार लोगों तक खाना पहुंचा रहे थे। आज से यह संख्या बढ़कर 2 लाख हो गई। वहीं, कल तक यह आंकड़ा 4 लाख हो जाएगा।  वहीं, लॉकडाउन के बाद शहर से मजदूरों का पलायन नहीं थम रहा।

आरबीआई की घोषणा: 3 महीने तक EMI में छूट, रेपो रेट में कटौती

आरबीआई गवर्नर ने बताया, रेपो रेट में 75 बेसिस पॉइंट की कटौती की गई है। रिवर्स रेपो रेट में भी 90 बेसिस पॉइंट की कटौती करते हुए 4% कर दी है। इससे लोगों की EMI कम होगी। कैश रिजर्व रेशियो (CRR) में 100 बेसिस पॉइंट की कटौती करके 3 प्रतिशत कर दिया गया है। यह एक साल तक की अवधि के लिए किया गया है। आरबीआई ने जो कदम उठाए हैं, उससे 3.74 लाख करोड़ रुपए की नकदी बढ़ेगी।

वित्त मंत्री: 1.70 लाख करोड़ के स्पेशल पैकेज का ऐलान

26 मार्च को वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने 1.70 लाख करोड़ रुपए के स्पेशल पैकेज का ऐलान किया। स्वास्थ्यकर्मियों के लिए 50 लाख का बीमा, मनरेगा मजदूरों की दिहाड़ी 182 रुपए से बढ़ाकर 202 रुपए किया।

PREV

National News (नेशनल न्यूज़) - Get latest India News (राष्ट्रीय समाचार) and breaking Hindi News headlines from India on Asianet News Hindi.

Recommended Stories

Pax Silica क्या है? भारत-US के साथ आने से बदल जाएगी तस्वीर, आसान भाषा में समझें कहानी
Galgotias University Robot Video : क्या Neha Singh की गई नौकरी, यूनिवर्सिटी ने क्या कहा?