
नई दिल्ली. असम के कछार जिले में एक महिला ने 5.2 किलो वजन के बच्चे को जन्म दिया। डॉक्टरों ने कहा कि राज्य में नवजात के जन्म के वक्त ये सबसे ज्यादा वजन है। जानकारी के मुताबिक, सिलचर के कनकपुर की रहने वाली मां जया दास (27) को 17 जून को कछार जिले के सतींद्र मोहन देव सिविल अस्पताल में भर्ती कराया गया था।
हॉस्पिटल ले जाने में हुई थी देरी
अस्पताल के डॉक्टरों ने कहा कि उसकी डिलीवरी की तारीख 29 मई थी, लेकिन कुछ वजहों से परिवार ने अस्पताल जाने में देरी की।
डॉक्टर हनीफ ने कहा, मैंने महिला को शुरू से देख रहा हूं। 29 मई को अस्पताल में भर्ती होने की सलाह दी थी। वह प्रसव पीड़ा के साथ अस्पताल आई थी। मरीज का पहला बच्चा सिजेरियन बेबी था। उन्होंने लास्ट सोनोग्राफी भी नहीं की। इमरजेंसी की वजह से हमने उसे तुरंत अस्पताल में भर्ती कराया। सरकारी अस्पताल में डॉक्टरों की एक टीम ने मंगलवार को सिजेरियन ऑपरेशन किया।
ये अपने आप में अनूठा मामला
उन्होंने आगे कहा, यह देर से प्रसव का मामला है और हमें इस बात का अंदाजा नहीं था कि बच्चे का वजन 5.2 किलोग्राम होगा। यह अनूठा मामला है। मां और बच्चा दोनों अब ठीक हैं। आम तौर पर असम में नवजात शिशुओं का वजन 2.5 से 3 किलो के आसपास होता है।
इससे पहले नहीं देखा ऐसा केस
कम ही नवजात होते हैं जिनका वजह 5 किलो हो। मैंने अन्य डॉक्टरों से बात की, लेकिन उन्होंने भी यही कहा कि इससे पहले उन्होंने ऐसा केस नहीं देखा। जया दास और बादल दास की यह दूसरी संतान है। जन्म के समय उनके पहले बच्चे का वजन करीब 3.8 किलो था।
National News (नेशनल न्यूज़) - Get latest India News (राष्ट्रीय समाचार) and breaking Hindi News headlines from India on Asianet News Hindi.