
नई दिल्ली: दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने कहा कि शहर में इस साल अब तक डेंगू के 1100 से कम मामले सामने आए और मच्छर जनित बीमारी के कारण किसी की मौत नहीं हुई। ट्विटर पर वीडियो संदेश में उन्होंने कहा कि 2015 की तुलना में यह उपलब्धि है, जब राष्ट्रीय राजधानी में डेंगू के 15000 मामले दर्ज किए गए थे और 60 लोगों की मौत हो गई थी । केजरीवाल ने एक सितंबर को शुरू किए गए ‘10 हफ्ते, 10 बजे, 10 मिनट ’ अभियान में लोगों के प्रयासों के लिए उनकी सराहना की ।
ट्वीट कर लोगों का दिया धन्यवाद
अभियान के तहत 10 हफ्ते तक हर रविवार सुबह दस बजे 10 मिनट के लिए लोगों को अपने घरों और आसपास जमा पानी को हटाना होता था, ताकि मच्छरों का लार्वा ना पनपे । डेंगू के खिलाफ लड़ाई जीतने के लिए दिल्लीवासियों को बधाई देते हुए मुख्यमंत्री ने कहा, ‘‘मुझे दिल्ली पर गर्व है। डेंगू से 100 से ज्यादा देश प्रभावित हुए हैं। किसी ने डेंगू का समाधान नहीं समझा लेकिन दिल्ली ने राह दिखाई ।’’ उन्होंने कहा कि ऐसे अभियान देश के अन्य राज्यों में ही नहीं बल्कि दुनिया भर में चलने चाहिए। उन्होंने कहा, ‘‘डेंगू से प्रभावित कई स्थान हैं। मुझे आशा है कि ऐसे अभियान दुनियाभर में चलाए जाएंगे। ’’
केजरीवाल ने वीडियो में कहा, ‘‘मैं दिल्लीवासियों को बधाई देना चाहता हूं। हमने 10 हफ्ते पहले अभियान शुरू कर डेंगू के खिलाफ लड़ाई शुरू की थी। अभियान के तहत आज अंतिम रविवार है जब हम अपने घरों की जांच कर रहे हैं। हमने डेंगू के खिलाफ लड़ाई जीत ली है।’’
National News (नेशनल न्यूज़) - Get latest India News (राष्ट्रीय समाचार) and breaking Hindi News headlines from India on Asianet News Hindi.