
Narendra Modi Speech form Red Fort: 79वें स्वतंत्रता दिवस (79th Independence Day) के अवसर पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शुक्रवार को ऐतिहासिक लाल किला से देश को संबोधित किया। उन्होंने पाकिस्तान की परमाणु हमले की धमकी से लेकर भारत के रक्षा कवच और घुसपैठियों की समस्या तक, कई बड़े मुद्दों पर बात की। पढ़ें उनके भाषण की 10 खास बातें
1-न्यूक्लियर ब्लैकमेल लंबे अरसे से चला आ रहा है। अब ब्लैकमेल नहीं सहा जाएगा। मुंहतोड़ जवाब देंगे। खून और पानी एक साथ नहीं बह सकते। सिंधु जल संधि को वर्तमान स्वरूप में स्वीकार नहीं करेंगे।
2- 1 लाख करोड़ रुपए की प्रधानमंत्री विकसित भारत रोजगार योजना शुरू। प्राइवेट सेक्टर में रोजगार पाने वाले युवाओं को 15 हजार रुपए सरकार देगी। कंपनियों को भी प्रोत्साहन मिलेगा।
3-किसान, मछुआरे और पशु पालक हमारी सबसे बड़ी प्राथमिकता है। इनके खिलाफ किसी भी नीति के आगे मोदी दीवार बनकर खड़ा है। भारत अपने किसानों, पशु पालकों और मछुआरों के संबंध में कोई समझौता स्वीकार नहीं करेगा।
4-साजिश के तहत देश की डेमोग्राफी बदली जा रही है। घुसपैठिए नौजवानों की रोजी-रोटी छीन रहे हैं। बहन बेटियों को निशाना बना रहे हैं। यह बर्दाश्त नहीं होगा। कोई देश खुद को घुसपैठियों के हवाले नहीं करता। हम हाई पावर डेमोग्राफी मिशन शुरू करेंगे।
5- आने वाले 10 साल में देश के महत्वपूर्ण सैन्य और नागरिक ठिकानों को सुदर्शन चक्र का कवच देंगे। यह पावरफुल वेपन सिस्टम दुश्मन के हमले को नाकाम करेगा। जवाबी हमला भी करेगा।
6- हमारा देश कई दशकों से आतंक को झेलता आया है। अब हमने न्यू नॉर्मल स्थापित किया है। अब हम आतंकवादियों और उन्हें समर्थन व शक्ति देने वालों को अलग नहीं मानेंगे।
7- हमारे हर प्रोडक्ट का मंत्र होना चाहिए, दाम कम, लेकिन दम ज्यादा। भारत हम सबका है। इसलिए वोकल फोर लोकल के मंत्र को हम सबको आगे बढ़ाना है।
8- युवा वैज्ञानिकों, इंजीनियरों और सरकार के हर विभाग को मेरा आह्वान है, क्या हमारा अपना मेड इन इंडिया फाइटर जेट इंजन होना चाहिए या नहीं।
यह भी पढ़ें- 'किसानों-मछुआरों के हितों की रक्षा के लिए दीवार जैसा खड़ा हूं', लाल किला से मोदी ने ट्रंप को दिया जवाब
9- हम 'समुद्र मंथन' की ओर भी बढ़ रहे हैं। समुद्र में तेल और गैस भंडारों की खोज के लिए भारत राष्ट्रीय गहन जल अन्वेषण मिशन शुरू करने वाला है।
10- इस दिवाली मैं आपके लिए दोहरी दिवाली बनाने जा रहा हूं। पिछले 8 वर्षों में हमने जीएसटी में बड़े सुधार किए हैं। हम अगली पीढ़ी के जीएसटी सुधार ला रहे हैं। आम लोगों द्वारा इस्तेमाल किए जाने वाले सामानों की कीमत कम होगी।