
नई दिल्ली. अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के भारत दौरे से पहले सियासत तेज हो गई है। जिसमें कांग्रेस पार्टी ने डोनाल्ड ट्रंप के स्वागत में 70 लाख भारतीयों के जुटने के दावे को लेकर सरकार पर हमला बोला है। कांग्रेस नेता अधीर रंजन चौधरी ने सवाल उठाते हुए कहा कि क्या ट्रंप भगवान राम हैं जो उनके स्वागत में 70 लाख लोग जुटेंगे?
क्या कहा अधीर रंजन चौधरी ने ?
लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष अधीर रंचन चौधरी ने पूछा कि ट्रंप के स्वागत में इतने सारे भारतीयों को क्यों जुटना चाहिए? उन्होंने कहा, 'ट्रंप क्या भगवान राम हैं? वह बस अमेरिका के राष्ट्रपति हैं। फिर उनके लिए 70 लाख लोगों को खड़ा करने की क्या जरूरत है? हम हिंदुस्तान के लोग उनकी पूजा करने के लिए खडे़ नहीं होंगे।'
'अपने फायदे के लिए भारत आ रहे हैं ट्रंप'
अधीर रंजन ने कहा कि ट्रंप अपने फायदे के लिए भारत आ रहे हैं। भारत दौरे के दौरान ट्रेड डील न करने वाले बयान को लेकर भी उन्होंने अमेरिका पर हमला बोला। अधीर ने कहा, 'ट्रंप आ रहे हैं लेकिन वह ट्रेड डील नहीं करना चाहते हैं। वह अमेरिकी उद्योगों के लिए संरक्षण बरकरार रखना चाहते हैं। मतलब वह अमेरिका के बाजार में हमें जाने नहीं देना चाहते हैं। वह ऐलान कर रहे हैं कि भारत विकसित हो गया है।'
भारत विकसित देश कैसे?
कांग्रेस नेता ने कहा कि हिंदुस्तान में प्रति व्यक्ति आय 2 हजार डॉलर है जबकि अमेरिका में यह 60 हजार डॉलर है। ऐसे में हम विकसित देश कैसे हो गए? दरअसल यह ट्रंप की अमेरिका फर्स्ट की पॉलिसी है, जिसके तहत वह बस अपना धंधा चमकाना चाहते हैं।
24-25 को भारत में रहेंगे ट्रंप
अमेरिकी राष्ट्रपति 24 और 25 फरवरी को भारत दौरे पर आ रहे हैं। ट्रंप ने इसकी जानकारी देते हुए कहा था पीएम मोदी को बहुत अच्छा इंसान बताया था। अपनी भारत यात्रा की पहली बार जानकारी देते हुए ट्रंप ने पीएम मोदी से फोन पर हुई बातचीत के बारे में भी बताया था। उन्होंने कहा, 'अभी प्रधानमंत्री मोदी से बात की। उन्होंने बताया है कि अहमदाबाद में स्वागत के लिए लाखों लोग मौजूद होंगे।'
करेंगे रोड शो, फिर संबोधन
24 फरवरी को राष्ट्रपति ट्रंप अहमदाबाद पहुंचेंगे। ट्रंप का विशेष विमान सुबह 11.55 बजे एयरफोर्स-1 अहमदाबाद एयरपोर्ट पर लैंड करेगा। जहां प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी उनका स्वागत करेंगे। जिसके बाद तय कार्यक्रम के अनुसार ट्रंप का रोड शो कार्यक्रम आयोजित होगा। जिसमें बताया जा रहा कि राष्ट्रपति ट्रंप की पत्नी मिलेनिया भी रोड शो का हिस्सा होंगी। जिसके बाद मोटेरा स्टेडियम में आयोजित केम छो ट्रंप कार्यक्रम को पहले पीएम मोदी संबोधित करेंगे। जिसके बाद राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप संबोधित करेंगे।
National News (नेशनल न्यूज़) - Get latest India News (राष्ट्रीय समाचार) and breaking Hindi News headlines from India on Asianet News Hindi.