गणतंत्र दिवस समारोह के मुख्य अतिथि होंगे मिस्र के राष्ट्रपति, फाइटर प्लेन तेजस खरीदने के लिए कर सकते हैं सौदा

मिस्र के राष्ट्रपति अब्देल फतह अल-सिसी गणतंत्र दिवस समारोह के मुख्य अतिथि होंगे। वह अगले सप्ताह भारत की यात्रा पर आ रहे हैं। अपनी यात्रा के दौरान वह भारत से फाइटर प्लेन तेजस और आकाश मिसाइल खरीदने को लेकर सौदा पक्का कर सकते हैं।

Vivek Kumar | Published : Jan 20, 2023 5:10 PM IST / Updated: Jan 20 2023, 10:45 PM IST

नई दिल्ली। मिस्र के राष्ट्रपति अब्देल फतह अल-सिसी (Abdel Fattah El-Sisi) अगले सप्ताह भारत की यात्रा पर आने वाले हैं। उनकी यात्रा के दौरान भारत और मिस्र के बीच करीब आधा दर्जन समझौतों पर साइन होने की उम्मीद है। ये समझौते दोनों देशों के बीच कृषि, आईटी और साइबर सहित कई क्षेत्रों में सहयोग बढ़ाने के लिए होंगे।

राष्ट्रपति अल-सिसी 26 जनवरी 2023 को आयोजित होने वाले गणतंत्र दिवस समारोह में भारत के मुख्य अतिथि होंगे। यह सम्मान पाने वाले वह मिडिल ईस्ट के पांचवे नेता होंगे। उनकी यात्रा के दौरान भारत और मिस्र के बीच रक्षा क्षेत्र में भी सहयोग बढ़ाने को लेकर डील हो सकती है। मिस्र ने भारत से फाइटर जेट तेजस, आकाश मिसाइल और कुछ राडार खरीदने को लेकर गहरी दिलचस्पी दिखाई है। उम्मीद है कि अल-सिसी की यात्रा के दौरान इस संबंध में डील हो सकती है। वह 24 जनवरी को भारत आने वाले हैं।

अफ्रीका और यूरोप के बाजार का प्रवेशद्वार है मिस्र
मिस्र को अफ्रीका और यूरोप के बाजार का प्रमुख प्रवेशद्वार माना जाता है। अरब दुनिया के साथ-साथ अफ्रीका में मिस्र का बड़ा असर है। भारत मिस्र के साथ अपने संबंधों का विस्तार करने का इच्छुक है। आगामी यात्रा से परिचित लोगों ने कहा कि नई दिल्ली अल-सिसी को आतंकवाद से निपटने के लिए दृढ़ संकल्प दिखाने वाला मजबूत नेता मानता है।

यह भी पढ़ें- चीनी राष्ट्रपति शी जिनपिंग ने LAC पर लद्दाख के पास तैनात जवानों की बात, देखा लड़ाई के लिए है कितनी तैयारी

अरब दुनिया का उदारवादी आवाज है मिस्र
भारत मिस्र को अरब दुनिया में एक उदारवादी आवाज के रूप में भी मानता है। यह इस्लामिक सहयोग संगठन में भारत या भारत से जुड़े कश्मीर जैसे मुद्दों पर बहुत संतुलित रुख अपना रहा है। 25 जनवरी को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और राष्ट्रपति अल-सिसी के बीच बैठक होगी। इस दौरान कृषि, आईटी, साइबर सुरक्षा और संस्कृति के क्षेत्रों में सहयोग का विस्तार करने के लिए दोनों पक्षों द्वारा आधा दर्जन समझौतों पर साइन किए जाने की उम्मीद है। मिस्र के राष्ट्रपति व्यापार जगत के नेताओं से भी बातचीत करेंगे।

यह भी पढ़ें- 2030 तक दुनिया की तीसरी आर्थिक 'महाशक्ति' बन जाएगा भारत, जर्मनी-जापान हो जाएंगे पीछे- रिपोर्ट

Share this article
click me!