
नई दिल्ली। अरविंद केजरीवाल मंगलवार को दिल्ली के मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा देंगे। केजरीवाल का यह सीएम के रूप में तीसरा कार्यकाल है। 17 सितंबर 2024 तक उनका कार्यकाल मुख्यमंत्री के रूप में कार्यकाल 3455 दिनों का होगा यानी 9 साल 170 दिन। दिल्ली में बतौर मुख्यमंत्री सबसे अधिक दिनों तक सत्ता में शीला दीक्षित रहीं हैं। लेकिन देश के किसी राज्य में सबसे अधिक दिनों तक मुख्यमंत्री रहने का रिकॉर्ड सिक्किम के पूर्व सीएम पवन कुमार चामलिंग के पास है। वह सबसे अधिक समय तक 24 साल 165 दिनों तक सीएम रहे। जबकि दूसरा सबसे लंबा कार्यकाल नवीन पटनायक और उसके बाद पश्चिम बंगाल के पूर्व सीएम ज्योति बसु का रहा है।
सबसे लंबे समय तक सत्ता में रहे मुख्यमंत्रियों की लिस्ट
पवन कुमार चामलिंग (सिक्किम)- 24 साल 165 दिन
(12 दिसंबर 1994 - 27 मई 2019)
पवन कुमार चामलिंग सिक्किम के मुख्यमंत्री के रूप में 24 साल से अधिक समय तक सत्ता में रहे और वह सबसे लंबे समय तक सेवा करने वाले भारतीय मुख्यमंत्री हैं।
नवीन पटनायक (ओडिशा)– (24 साल 90 दिन)
(5 मार्च 2000- 2024)
नवीन पटनायक ने ओडिशा के मुख्यमंत्री के रूप में 2000 से सत्ता संभाली थी। इसके बाद वह लगातार 5 बार मुख्यमंत्री चुने गए। उनका कार्यकाल इस बार 2024 में हुए विधानसभा चुनाव में समाप्त हुआ जबकि उनकी पार्टी बीजेडी को करारी हार का सामना करना पड़ा।
ज्योति बसु (पश्चिम बंगाल)- 23 साल 137 दिन
(21 जून 1977-6 नवंबर 2000)
ज्योति बसु ने लगातार पांच बार पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री पद पर जीत हासिल की और 23 साल से अधिक समय तक इस पद पर बने रहे। वामपंथी नेता ज्योति बसु देश के सबसे प्रभावशाली नेताओं में से एक माने जाते हैं।
गेगांग अपांग (अरुणाचल प्रदेश)- 22 साल 250 दिन
अरुणाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री रहे गेगांग अपांग भी सबसे अधिक समय तक सत्ता में रहे सीएम की लिस्ट में हैं। वह दो बार कांग्रेस, एक-एक बार बीजेपी, अरुणाचल कांग्रेस, यूनाइटेड डेमोक्रेटिक फ्रंट के मुख्यमंत्री के रूप में पदभार संभाले।
लालथनहवला (मिज़ोरम) –22 साल 60 दिन
मिजोरम के सीनियर लीडर लालथनहवला ने यहां करीब 22 साल 60 दिनों तक मुख्यमंत्री पद संभाला। वह कांग्रेस के मिजोरम के कद्दावर नेता रहे।
वीरभद्र सिंह (हिमाचल प्रदेश)–21 साल 13 दिन
हिमाचल प्रदेश में कांग्रेस के कद्दावर नेता वीरभद्र सिंह राज्य के चार बार मुख्यमंत्री रहे। उनका कार्यकाल 21 साल 13 दिनों का था।
मानिक सरकार (त्रिपुरा)–19 साल 363 दिन
(11 मार्च 1998-9 मार्च 2018)
त्रिपुरा के वामपंथी नेता मानिक सरकार, राज्य के सबसे लंबे समय तक मुख्यमंत्री रहे। वह 19 साल 363 दिन मुख्यमंत्री रहे। वह मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी के नेता थे।
एम.करुणानिधि (तमिलनाडु)–18 साल 362 दिन
तमिलनाडु के कद्दावर नेता और डीएमके के मुखिया रहे एम.करुणानिधि राज्य की सत्ता में सबसे अधिक समय तक काबिज रहे। वह 18 साल 362 दिन तक सीएम रहे। वह चार बार सीएम रहे। अब उनके बेटे एमके स्टालिन राज्य के सीएम हैं।
प्रकाश सिंह बादल (पंजाब) –18 साल 350 दिन
पंजाब के कद्दावर नेता प्रकाश सिंह बादल, राज्य के पांच बार सीएम रहे हैं। हालांकि, उनका यह कार्यकाल अलग-अलग रहा। शिरोमणि अकाली दल के प्रमुख रहे बादल 18 साल 350 दिनों तक मुख्यमंत्री रहे। उनका पहला कार्यकाल 1970 में शुरू हुआ था और आखिरी 2017 में समाप्त हुआ।
यशवंत सिंह परमार (हिमाचल प्रदेश)–18 साल 83 दिन
हिमाचल कांग्रेस के दिग्गज नेता रहे यशवंत सिंह परमार का भी मुख्यमंत्री के रूप में सबसे लंबा कार्यकाल रहा है। वह 18 साल 83 दिन हिमाचल के मुख्यमंत्री रहे। उनका पहला कार्यकल 8 मार्च 1952 से 31 अक्टूबर 1956 तक रहा। जबकि दूसरा कार्यकाल 1 जु़लाई 1963 से 28 जनवरी 1977 तक रहा।
यह भी पढ़ें:
केजरीवाल के बाद दिल्ली का सीएम कौन? अबतक हुए 11 मुख्यमंत्रियों को जानते हैं आप
National News (नेशनल न्यूज़) - Get latest India News (राष्ट्रीय समाचार) and breaking Hindi News headlines from India on Asianet News Hindi.