
नई दिल्ली। राजस्थान के मुख्यमंत्री और कांग्रेस नेता अशोक गहलोत (Ashok Gehlot) कांग्रेस की अंतरिम अध्यक्ष सोनिया गांधी (Sonia Gandhi) से मिलने दिल्ली पहुंच गए हैं। गुरुवार को सोनिया गांधी के साथ उनकी मुलाकात होगी। राजस्थान कांग्रेस में बगावत पर गहलोत ने कहा कि हम घर की बातें सुलझा लेंगे।
अशोक गहलोत ने कहा कि हम कांग्रेस अध्यक्ष के अधीन काम करते हैं। आने वाले समय में उसी के अनुसार निर्णय लिया जाएगा। मीडिया को देश के मुद्दों को समझना चाहिए। लेखकों और पत्रकारों को देशद्रोही कहा जा रहा है। उन्हें जेल में डाला जा रहा है। हमें उनकी चिंता है। राहुल गांधी इनके लिए यात्रा पर हैं।
आंतरिक राजनीति के मुद्दे हम सुलझा लेंगे
गहलोत ने कहा कि राहुल गांधी को देश में महंगाई, बेरोजगारी और तानाशाही प्रवृत्ति की चिंता है। कांग्रेस में हम सभी को इस बात की चिंता है कि देश किस दिशा में जा रहा है। इससे निपटना हमारे लिए ज्यादा जरूरी है। आंतरिक राजनीति जारी है हम मामले को सुलझा लेंगे।
मुश्किल में है गहलोत के अध्यक्ष बनने का सपना
गौरतलब है कि राहुल गांधी द्वारा कांग्रेस अध्यक्ष का चुनाव लड़ने के लिए तैयार नहीं होने पर अशोक गहलोत ने चुनाव लड़ने का ऐलान किया था। उन्हें अध्यक्ष पद के लिए प्रबल दावेदार माना जा रहा था, लेकिन एक व्यक्ति एक पद के सिद्धांत के अनुसार जब बात राजस्थान सीएम पद छोड़ने की आई तो मामला बिगड़ गया।
यह भी पढ़ें- कांग्रेस अध्यक्ष पद की रेस में शामिल हुए दिग्विजय सिंह, 30 सितंबर को दाखिल करेंगे नामांकन
गहलोत समर्थक सचिन पायलट को मुख्यमंत्री बनता देखने को तैयार नहीं हैं। इसके चलते गहलोत समर्थक विधायकों ने बगावत कर दी। राजस्थान कांग्रेस में बगावत के चलते गहलोत के अध्यक्ष बनने का सपना मुश्किल में पड़ गया है। अब कांग्रेस अध्यक्ष के लिए एक नए उम्मीदवार दिग्विजय सिंह का नाम सामने आ गया है।
यह भी पढ़ें- राजस्थान के सियासी संग्राम पर उप नेता प्रतिपक्ष राठौड़ का बड़ा बयान, कहा- 'जूतों में दाल बांट रही कांग्रेस
National News (नेशनल न्यूज़) - Get latest India News (राष्ट्रीय समाचार) and breaking Hindi News headlines from India on Asianet News Hindi.