
श्रीनगर. जम्मू-कश्मीर पर भारत सरकार के फैसले के बाद से पाकिस्तान लगातार बौखलाया हुआ है। पाक की ओर से लगातार सीजफायर उल्लंघन किया जा रहा है। कृष्णा घाटी सेक्टर में पाक सेना की ओर से हुई फायरिंग में मंगलवार को एक जवान शहीद हो गया। इससे पहले 17 अगस्त को राजौरी के नौशेरा सेक्टर में सीमापार से हुई फायरिंग में लांस नायक संदीप थापा की जान चली गई थी।
सेना के मुताबिक, पाकिस्तान की ओर से सोमवार सुबह से एलओसी से लगे कृष्णा घाटी सेक्टर में भारी गोलाबारी की जा रही है। इसमें एक जवान शहीद हो गया। चार अन्य लोग जख्मी हुए हैं। पाकिस्तान ने रिहाइशी इलाके में भी मोर्टार से हमला किया।
लगातार घुसपैठ की कोशिश कर रहे आतंकी
पाकिस्तान की सेना द्वारा फायरिंग की आड़ में आतंकियों को घुसपैठ कराने की कोशिश की जा रही है। हालांकि, भारतीय सेना भी इसका जवाब दे रही है। 15 अगस्त को भारत की जवाबी फायरिंग में पाकिस्तान के 4 सैनिक ढेर हो गए थे। यहां तक की पाकिस्तान के कई बंकर भी तबाह हो गए।
3 अगस्त को 7 बैट कमांडो को किया था ढेर
जम्मू कश्मीर के कुपवाड़ा में सुरक्षाबलों ने 3 अगस्त को पाकिस्तान की बॉडर एक्शन टीम (बैट) द्वारा की जा रही घुसपैठ की कोशिश को नाकाम कर दिया है। इस दौरान सेना ने 5 से 7 पाकिस्तानी बैट कमांडो और आतंकियों को ढेर कर दिया।
National News (नेशनल न्यूज़) - Get latest India News (राष्ट्रीय समाचार) and breaking Hindi News headlines from India on Asianet News Hindi.