
कोलकाता. भारतीय जनता पार्टी के बंगाल प्रदेश अध्यक्ष दिलीप घोष लगातार अपने बयानों के कारण सुर्खियों में है। इसी क्रम में रविवार को फिर एक विवादित बयान दे दिया। एक कार्यक्रम को संबोधित करते हुए घोष ने कहा कि राज्य में सार्वजनिक संपत्ति को नुकसान पहुंचाने वालों को हम गोली मार देंगे। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश सरकार ने ऐसे लोगों को न केवल हिरासत में लिया था, बल्कि उन पर लाठीचार्ज किया और गोलियां भी बरसाई थीं।
ममता पर कार्रवाई न करने का आरोप
खड़गपुर से सांसद दिलीप घोष नागरिकता कानून के समर्थन में यहां एक कार्यक्रम में शामिल हुए थे। उन्होंने मुख्यमंत्री ममता बनर्जी पर नागरिकता कानून के खिलाफ हिंसक प्रदर्शन के दौरान सार्वजनिक संपत्ति को नुकसान पहुंचाने वालों के खिलाफ कार्रवाई नहीं करने का आरोप लगाया।
तुम्हारे बाप की संपत्ति नहीं है
घोष ने कहा कि लोगों क्या लगता है, वे जिस सार्वजनिक संपत्ति को नुकसान पहुंचा रहे हैं, वह क्या उनके बाप की है? सार्वजनिक संपत्ति करदाताओं की है। ममता कुछ नहीं कहती, क्योंकि वे उनके वोटर हैं। असम और उत्तर प्रदेश में, हमारी सरकार ने ऐसे लोगों पर कड़ी कार्रवाई की थी।
हम आपको लाठियों से पीटेंगे, गोली मार देंगे
उन्होंने कहा कि आप यहां आते हैं, हमारा खाना खाते हैं, यहां रहते हैं और सार्वजनिक संपत्ति को नुकसान पहुंचाते हैं। क्या यह आपकी जमींदारी है? हम आपको लाठियों से पीटेंगे, आपको गोली मार देंगे और आपको जेल में डाल देंगे। ममता बनर्जी इनके खिलाफ कोई भी कार्रवाई नहीं करना चाहतीं।
National News (नेशनल न्यूज़) - Get latest India News (राष्ट्रीय समाचार) and breaking Hindi News headlines from India on Asianet News Hindi.