
Bharat Nyaya Yatra: कांग्रेस की भारत जोड़ो यात्रा 2.0 पूर्वोत्तर से शुरू होगी। राहुल गांधी के नेतृत्व वाले इस यात्रा को इस बार भारत न्याय यात्रा का नाम दिया गया है। पिछले एक साल से हिंसा में झुलस रहे मणिपुर से इस यात्रा की शुरूआत होगी। कांग्रेस नेता जयराम रमेश ने बताया कि इंडिया गठबंधन के सभी प्रमुख नेता और विपक्षी मुख्यमंत्री यात्रा को हरी झंडी दिखाने के लिए इंफाल में मौजूद रहेंगे।
भारत जोड़ो न्याय यात्रा 66 दिनों में 6700 किलोमीटर की दूरी तय करेगी
राहुल गांधी के नेतृत्व में भारत जोड़ो न्याय यात्रा को 14 जनवरी को मणिपुर के इंफाल से शुरू किया जाएगा। हिंसाग्रस्त राज्य मणिपुर से विभिन्न जिलों से होते हुए यह यात्रा देश के 15 राज्यों को कवर करेगी। इस 66 दिनों की यात्रा के दौरान 6700 किलोमीटर की दूरी तय की जानी है। यह यात्रा 100 से अधिक लोकसभा क्षेत्रों से होकर गुजरेगी। भारत जोड़ो न्याय यात्रा, महात्मा गांधी की जन्मस्थली पोरबंदर में समाप्त होगी।
इन राज्यों से गुजरेगी यात्रा
भारत जोड़ो न्याय यात्रा 14 जनवरी को दोपहर 12.30 बजे इंफाल से शुरू होगी। यह मध्य भारत पहुंचने से पहले मणिपुर, नागालैंड, असम, अरुणांचल प्रदेश, मेघालय में भ्रमण के बाद बंगाल जाएगी। हालांकि, इस बार यह यात्रा पैदल के साथ साथ बसों से भी होगी। यात्रा के कुछ हिस्सों में बसों का इस्तेमाल किया जाएगा। जयराम रमेश ने बताया कि यात्रा में पार्टी के बुजुर्ग नेताओं को भी शामिल किया जाएगा। इसलिए उनके स्वास्थ्य संबंधी परेशानियों को देखते हुए बसों का भी इस्तेमाल करने का निर्णय लिया गया है।
इंडिया गठबंधन के नेताओं को भी आमंत्रण
जयराम रमेश ने कहा कि हम इंडिया के सभी दलों के नेताओं, उनके समर्थकों, आम जनता और गैर सरकारी संगठनों को यात्रा में भाग लेने के लिए आमंत्रित कर रहे हैं। उन्होंने बताया कि पहले दिन सभी विपक्षी दलों के मुख्यमंत्री भी मौजूद रहेंगे। आम आदमी पार्टी और अरविंद केजरीवाल को भी आमंत्रित किया गया है।
क्यों भारत जोड़ो यात्रा बना भारत जोड़ो न्याय यात्रा?
जयराम रमेश ने बताया कि राहुल गांधी की इस यात्रा का मुख्य उद्देश्य न्याय है। भारत के लोगों के लिए राजनीतिक, आर्थिक और सामाजिक न्याय सुनिश्चित करने के लिए भारत जोड़ो न्याय यात्रा निकाली जा रही है। इसलिए इस यात्रा को भारत जोड़ो यात्रा के साथ न्याय जोड़ दिया गया है। कांग्रेस ने कहा था कि दक्षिण से उत्तर तक भारत का भ्रमण करने वाली भारत जोड़ो यात्रा ने काफी सद्भावना पैदा की है। कन्याकुमारी से लेकर श्रीनगर तक काफी उत्साह देखने को मिला।
National News (नेशनल न्यूज़) - Get latest India News (राष्ट्रीय समाचार) and breaking Hindi News headlines from India on Asianet News Hindi.