
नई दिल्ली। गौतम अडानी पर अमेरिका में लगे रिश्वतखोरी के मामले को लेकर कांग्रेस हमलावर है। कांग्रेस नेताओं ने गुरुवार को संसद परिसर में इसको लेकर विरोध प्रदर्शन किया। कहा कि पीएम नरेंद्र मोदी अडानी को बचा रहे हैं। इसके जवाब में भाजपा ने कांग्रेस पर हमला तेज कर दिया है।
भाजपा ने कहा कि कांग्रेस भारत को अस्थिर करने के अमेरिकी अरबपति जॉर्ज सोरोस के एजेंडे को आगे बढ़ा रही है। राहुल गांधी और जॉर्ज सोरोस दो शरीर एक आत्मा की तरह हैं। भाजपा प्रवक्ता संबित पात्रा ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर राहुल गांधी पर जमकर हमला बोला है। उन्होंने फ्रांसीसी अखबार मीडियापार्ट द्वारा 2 दिसंबर को प्रकाशित एक रिपोर्ट का जिक्र किया। इसमें आरोप लगाया गया है कि सोरोस ने OCCRP को पैसे दिए।
भाजपा सांसद संबित पात्रा ने कहा, "अगर OCCRP प्रभावित होती है तो राहुल गांधी रोते हैं। अगर राहुल गांधी रोते हैं तो OCCRP को चोट पहुंचती है। वे दो शरीर, लेकिन एक आत्मा है। जॉर्ज सोरोस और राहुल गांधी एक हैं। राहुल गांधी सोरोस के एजेंडा पर चलते हैं। दोनों देश के हितों को नुकसान पहुंचाना चाहते हैं।"
पात्रा ने दावा किया कि जॉर्ज सोरोस, OCCRP (सोरोस के ओपन सोसाइटी फाउंडेशन द्वारा वित्तपोषित एक वैश्विक मीडिया जांच एजेंसी) और राहुल गांधी का एक "खतरनाक त्रिकोणीय गठजोड़" है। यह भारत को अस्थिर करने की कोशिश कर रहा है। उन्होंने कहा, "इस त्रिकोणीय गठजोड़ में जॉर्ज सोरोस और अमेरिका में उनकी संस्था के साथ-साथ कुछ अमेरिकी एजेंसियां शामिल हैं। इस त्रिकोण का दूसरा टॉप एक प्रमुख समाचार पोर्टल OCCRP है। राहुल गांधी इस त्रिकोण के तीसरे कोण हैं।"
बता दें कि अमेरिकी अरबपति जॉर्ज सोरोस प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के कटु आलोचक हैं। भाजपा ने कई बार कांग्रेस पर सोरोस से संबंध रखने का आरोप लगाया है। पात्रा ने दावा किया कि कुछ ताकतें भारत को तोड़ना चाहती हैं। भारत की एकता को तोड़ना चाहती हैं। वे देश को आगे बढ़ते नहीं देखना चाहतीं। राहुल गांधी ऐसे लोगों की मदद कर रहे हैं। पात्रा ने कहा, "मुझे लोकसभा में विपक्ष के नेता को देशद्रोही कहने में कोई हिचकिचाहट नहीं है।"
यह भी पढ़ें- 'मोदी-अडानी एक हैं' लिखी जैकेट पहन INDIA ब्लॉक ने किया प्रदर्शन, SP-TMC साथ नहीं
National News (नेशनल न्यूज़) - Get latest India News (राष्ट्रीय समाचार) and breaking Hindi News headlines from India on Asianet News Hindi.