Asianet News | Published : Feb 18, 2024 5:22 AM IST / Updated: Feb 18 2024, 03:11 PM IST

कांग्रेस भ्रष्टाचार-तुष्टिकरण की जननी, नहीं छोड़ती सेना के अपमान का कोई मौका: पीएम मोदी

सार

भाजपा के दो दिन के राष्ट्रीय अधिवेशन का आज आखिरी दिन है। अधिवेशन नई दिल्ली के भारत मंडपम में हो रहा है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज दोपहर को कार्यकर्ताओं को आगामी लोकसभा चुनाव में जीत का मंत्र देंगे।

 

03:11 PM (IST) Feb 18

कार्यकर्ताओं से पीएम बोले-लाभार्थी तक जाएं

पीएम मोदी ने भाजपा कार्यकर्ताओं से कहा कि मेरा आपसे निवेदन है। हर लाभार्थी तक जाएं और कहें कि प्रधान सेवक ने प्रणाम किया है। आप उन्हें मेरा प्रणाम और पत्र दीजिए। उन्हें पिछले 10 साल के काम और आने वाले 5 साल के काम बताएं। हमें सिर्फ सरकार बनाने के लिए नहीं बल्कि देश जोड़ने के लिए काम करना है। किसी भी कारण से जो अभी भी भाजपा से दूर हैं उन्हें जोड़ना है।

 

03:07 PM (IST) Feb 18

भ्रष्टाचार की जननी है कांग्रेस

नरेंद्र मोदी ने कहा कि कांग्रेस भ्रष्टाचार की जननी है। कांग्रेस तुष्टिकरण की जननी है। कांग्रेस देश बांटने में लगी है। वह सेना का मनोबल तोड़ने से भी पीछे नहीं रही। जब भी देश के रक्षा क्षेत्र में बड़ा काम हुआ, कांग्रेस ने हर बार सवाल किए। 5 साल पहले इन लोगों ने वायुसेना को राफेल जैसा विमान न मिले इसके लिए पूरी कोशिश की। कांग्रेस सेना के अपमान का कोई मौका नहीं छोड़ती है।

 

03:03 PM (IST) Feb 18

दुनियाभर में बढ़ा भारत का सम्मान

पीएम ने कहा कि जब मैं 2014 में प्रधानमंत्री बना था तब लोग तरह-तरह की बातें करते थे। विदेश नीति को लेकर बहुत कुछ कहा गया। आज भारत के सभी देशों के साथ मजबूत रिश्ते हैं। दुनियाभर में आज भारत के लिए सम्मान बढ़ा है। दुनिया जानती है कि आएगा तो मोदी ही।

 

02:57 PM (IST) Feb 18

पहले सत्ता के केंद्र में थे कुछ परिवार

पीएम ने कहा कि पहले एक व्यवस्था बना दी गई थी। कुछ परिवार सत्ता के केंद्र में रहे। कुछ परिवार के लोगों को ही पद मिलते थे। हमने इसे बदला। मंत्रालय में रिकॉर्ड संख्या में ओबीसी का प्रतिनिधित्व है। हमने करतारपुर साहिब के लिए रास्ता खोला।

 

02:54 PM (IST) Feb 18

हम वोट और सीटों के हिसाब से काम नहीं करते

पीएम मोदी ने कहा कि हम वोट और सीटों के हिसाब से काम नहीं करते। देश का कोई कोना हमसे दूर नहीं है। जिस गांव को पहले देश का आखिरी गांव कहा जाता था वे आज देश का पहला गांव बन गए हैं। देश के हर हिस्से पर हमरा फोकस है।

 

02:47 PM (IST) Feb 18

विकसित भारत दूसरों पर निर्भर नहीं होगा

पीएम ने कहा कि विकसित भारत वो नहीं होगा, जिसका भविष्य भाग्य के भरोसे हो। हम दूसरे देशों पर निर्भरता को कम कर रहे हैं। भविष्य में हम ऐसा भारत देखेंगे जिसे लाखों करोड़ रुपए का खाद्य तेल बाहर से लाना नहीं पड़ेगा। बीते कुछ वर्षों में दलहन, तिलहन और श्री अन्न के लिए विशेष नीतियां बनाई है, जिससे किसानों को लाभ होगा।

 

02:44 PM (IST) Feb 18

युवाओं ने संभाला विकसित भारत अभियान का बागडोर

पीएम ने कहा मुझे खुशी है कि आज विकसित भारत अभियान के बागडोर को युवाओं ने संभाल लिया है। अब तक 15 लाख से अधिक लोगों ने विकसित भारत के रोडमैप के लिए अपने विचार दिए हैं। इनमें से आधे से अधिक ऐसे हैं जिनकी उम्र 35 से कम है। युवा ऊर्जा से भरा हुआ भारत आप अपने लिए बड़े लक्ष्य तय कर रहा है और जो लक्ष्य तय कर रहा है उसे पूरा कर रहा है।

 

02:41 PM (IST) Feb 18

सिर्फ एनडीए ने भारत को विकसित बनाने का सपना देखा

पीएम मोदी ने कहा कि विपक्ष भारत को विकसित बनाने का वादा करने की हिम्मत नहीं कर पा रहा है। सिर्फ एनडीए ने भारत को विकसित बनाने का सपना देखा है। विपक्ष के लोग भारत को विकसित नहीं बना सकते। हम मिशन मोड में भारत को विकसित बनाएंगे।

 

02:35 PM (IST) Feb 18

राम मंदिर बनाकर 5 सदियों का इंतजार खत्म किया

पीएम ने कहा कि अयोध्या में राम मंदिर का निर्माण कर हमने 5 सदियों का इंतजार खत्म किया है। सात दशक के इंतजार के बाद देश को आर्टिकल 370 से मुक्ति मिली है। 4 दशक बाद वन रैंक वन पेंशन की मांग पूरी हुई।

 

02:31 PM (IST) Feb 18

भाजपा सरकार ने महिलाओं का जीवन आसान बनाया

पीएम ने कहा मैं देश का पहला प्रधानमंत्री हूं, जिसने शौचालय जैसे विषय को लालकिले से बोला, महिलाओं के खिलाफ बोलने पर लालकिले से नाराजगी व्यक्त की। मुझे गर्व है कि बीते दस वर्षों में भाजपा सरकार ने महिलाओं का जीवन आसान बनाने के लिए कई कदम उठाए।

 

02:29 PM (IST) Feb 18

पहले की सरकारों ने नहीं की महिलाओं की चिंता

पीएम ने कहा कि पहले की सरकारों ने महिलाओं की कभी चिंता नहीं की। हमारे यहां बेटियों को गर्भ में ही मार डालने की समस्या थी। पहली बार देश में बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ, जन आंदोलन चला। हमने बालिकाओं, महिलाओं के पोषण पर बल दिया। गर्भ के समय महिलाओं को उचित पोषण मिले, इसके लिए 3.25 करोड़ बहनों को सीधी मदद दी।

 

02:27 PM (IST) Feb 18

जिनको किसी ने नहीं पूछा, हमने उन्हें पूजा है

मोदी ने कहा कि 10 वर्षों में हमने जो हासिल किया वो तो एक पराव है। हमें देश के लिए बहुत कुछ हासिल करना है। इसके लिए बहुत से फैसले लेने है। आज भाजपा युवा शक्ति, नारी शक्ति, गरीब और किसान की शक्ति को विकसित भारत के निर्माण की शक्ति बना रहा है। पहले लोगों को लगता था कि सरकारें बदलती है, व्यवस्था नहीं बदलती। हमने सच्चे अर्थ में सामाजिक न्याय की भावना से हर व्यवस्था को पुरानी सोच से बाहर निकाला है। जिनको किसी ने नहीं पूछा, हमने उन्हें पूछा है, इतना ही नहीं हमने उनको पूजा है।

 

02:24 PM (IST) Feb 18

हमने देश को महाघोटालों से निकाला

पीएम ने कहा कि हमने देश को महाघोटालों और आतंकी हमलों के खौफ से मुक्ति दिलाई है। हमने गरीब, मिडिल क्लास का जीवन बेहतर करने का प्रयास किया है। जो लोग सोचते हैं कि बहुत हो गया। ऐसा सोचने वालों को मैं एक पुरानी घटना बताना चाहूंगा। मेरे प्रधानमंत्री बनने के दूसरे कार्यकाल में एक बड़े नेता मिले। उन्होंने कहा कि बहुत काम कर लिए, अब आराम कीजिए। उन्होंने यह बात राजनीति के पुराने भाव से कही। हम राजनीति नहीं राष्ट्रनीति के लिए निकले हैं। मैं बीजेपी सरकार का तीसरा टर्म सत्ता भोग के लिए नहीं मांग रहा हूं। मैं राष्ट्र का संकल्प लेकर निकला हूं। अगर मैं अपने घर की चिंता करता तो आज करोड़ों गरीबों के घर नहीं बना पाता।

02:21 PM (IST) Feb 18

भाजपा को 370 के पार जाना होगा

पिछले 10 वर्षों में भारत ने जो गति हासिल की है वो अभूतपूर्व है। यह दुनिया बोल रही है। भारत ने आज हर क्षेत्र में जो ऊंचाई हासिल की है। उसने देशवासियों को एक बड़े संकल्प के साथ जोड़ दिया है। यह संकल्प है विकसित भारत का। अब देश न छोटे संकल्प ले सकता है और न छोटे सपने देख सकता है। हमें भारत को विकसित बनाना है। इसमें अगले 5 वर्षों की बहुत बड़ी भूमिका होने जा रही है। अगले 5 साल में पहले से भी कई गुना तेजी से काम करना है। हमें विकसित भारत की तरफ लंबी झलांग लगानी है। सारे लक्ष्यों की प्राप्ति के लिए पहली शर्त है सरकार में भाजपा की जोरदार वापसी। आज विपक्ष के नेता भी NDA सरकार 400 पार के नारे लगा रहे हैं। NDA को 400 के पार पहुंचाने के लिए भाजपा को 370 का माइलस्टोन पार करना ही होगा।

02:17 PM (IST) Feb 18

आचार्य श्री 108 विद्यासागर जी महाराज को याद कर भावुक हुए पीएम

पीएम मोदी आचार्य श्री 108 विद्यासागर जी महाराज जी को याद कर भावुक हो गए। उन्होंने कहा कि उनका जाना मेरे लिए व्यक्तिगत क्षति है। मैं पिछले दिनों ही उनसे मिला था। तब नहीं जानता था कि यह आखिरी मुलाकात होगी। वे हम सबको प्रेरणा देते रहे हैं।

 

02:13 PM (IST) Feb 18

सबसे ज्यादा सीटें बीजेपी को मिलेंगी

भाजपा के अधिवेशन में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का भाषण शुरू हो गया है। उन्होंने कहा कि अगले 100 दिन जुट जाना है। सबसे अधिक सीटें भाजपा को मिलेंगी। कार्यकर्ता हर लाभार्थी तक पहुंचे। अगले 100 दिन नई ऊर्जा से काम करें।

 

12:42 PM (IST) Feb 18

कांग्रेस को बर्दाश्त नहीं पीएम बने गरीब का बेटा

अमित शाह ने कहा, "कांग्रेस को बर्दाश्त नहीं कि एक गरीब का बेटा पीएम बने। कांग्रेस डिनायल मोड में है। नरेंद्र मोदी के 10 वर्षों में आज देश विकसित भारत का स्वप्न लेकर आगे बढ़ रहा है। दूर-दूर तक घमंडिया गठबंधन को सत्ता प्राप्ति की संभावना नहीं दिखती है। इस वजह से वो आज हर चीज का विरोध करने लगे हैं। इन्होंने अनुच्छेद 370 हटाने, तीन तलाक, OBC कमीशन का विरोध किया और तो और नारी शक्ति वंदन अधिनियम का विरोध किया।

 

12:00 PM (IST) Feb 18

आम आदमी पार्टी ने किया घोटाला

अमित शाह ने कहा कि कांग्रेस ने अंतरिक्ष से लेकर पाताल और समुद्र तक घोटाले किए। जब कांग्रेस इतना भ्रष्टाचार करती है तो साथी भला क्यों पीछे रहेंगे। आम आदमी पार्टी ने शराब घोटाला, मोहल्ला क्लीनिक और न जाने कितने घोटाले किए। इन लोगों ने मेडिकल टेस्ट करने में भी घोटाला किया। आज इनका नेतृत्व कोर्ट और एजेंसियों से दूर भाग रहा है।

 

11:58 AM (IST) Feb 18

कांग्रेस के नेता मोदी को हटाने के लिए पाकिस्तान से मदद मांगते हैं

अमित शाह ने कहा कि कांग्रेस के नेता नरेंद्र मोदी को सत्ता से हटाने के लिए पाकिस्तान से मदद मांगते हैं। जम्मू कश्मीर से धारा 370 हटाने के बाद राहुल गांधी जो भाषण दिया उसे पाकिस्तान ने भारत के खिलाफ इस्तेमाल किया।

 

11:55 AM (IST) Feb 18

लोकतंत्र में नहीं है कांग्रेस की श्रद्धा

अमित शाह ने कहा कि कांग्रेस के नेता कहते हैं कि देश की संपदा पर पहला हक अल्पसंख्यकों का है। भाजपा का कहना है कि देश की संपत्ति पर पहला हक गरीबों का है। कांग्रेस पार्टी की न लोकतंत्र में श्रद्धा है और न न्याय प्रक्रिया में श्रद्धा है। राम मंदिर प्राण प्रतिष्ठा के आमंत्रण को कांग्रेस ने ठुकराया।

 

11:52 AM (IST) Feb 18

चुनाव में दो खेमें आमने-सामने हैं

अमित शाह ने कहा कि अगले चुनाव में दो खेमें आमने-सामने हैं। एक तरफ नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में NDA का गठबंधन और दूसरा तरफ कांग्रेस के नेतृत्व में सारी परिवारवादी पार्टियों का घमंडिया गठबंधन है। ये घमंडिया गठबंधन भ्रष्टाचार, परिवारवाद और तुष्टिकरण की राजनीति का पोषक है। भाजपा और NDA गठबंधन राष्ट्र प्रथम के सिद्धांत पर चलने वाला गठबंधन है।

 

11:49 AM (IST) Feb 18

कांग्रेस ने भगवान राम के अस्तित्व को नकारा

अमित शाह ने कहा कि ये देश हजारों सालों से धर्मनिरपेक्षता पर चल रहा है और चलेगा। कांग्रेस ने वोट बैंक की राजनीति के लिए धर्मनिरपेक्षता को दूषित किया। कांग्रेस ने भगवान राम के अस्तित्व को नकारा। संविधान में धारा 370 को टेम्पररी बताया गया। 70 साल में यह धारा नहीं हटाई गई। मोदी सरकार ने धारा 370 हटाया।

 

11:46 AM (IST) Feb 18

...तो चाय बेचने वाले का बेटा नहीं बनता पीएम

अमित शाह ने कहा कि भाजपा अगर परिवारवादी पार्टी होती तो एक चाय बेचने वाले का बेटा प्रधानमंत्री नहीं होता। मोदी जी एक गरीब परिवार से आए हैं। देश की राष्ट्रपति जनजाति परिवार से आती हैं। परिवारवादी पार्टियां देश का कल्याण नहीं कर सकती।

 

11:44 AM (IST) Feb 18

अमित शाह ने कहा- नरेन्द्र मोदी ने दुनिया में बनाई भारत की खास पहचान

अमित शाह ने कहा कि कांग्रेस और इंडी अलायंस ने दलित, आदिवासी और पिछड़े समाज का वोटबैंक की तरह इस्तेमाल किया। उन्हें पहली बार सम्मान और हिस्सेदारी देने का काम भाजपा की मोदी सरकार ने किया। पूरी दुनिया में भारत का गौरव बढ़ा है। पहली बार देश का गौरव पूरी दुनिया ने महसूस किया है। दुनिया में भारत के लोग कहीं पर जाते हैं तो वहां के लोग कहते हैं कि मोदी के भारत से आए हो न। नरेन्द्र मोदी ने दुनिया में भारत की नई पहचान बनाई है।

 

11:37 AM (IST) Feb 18

अमित शाह ने कहा- मोदी सरकार के 10 साल में हर व्यक्ति का हुआ विकास

भाजपा के राष्ट्रीय अधिवेशन में अमित शाह ने कहा, "75 वर्ष में इस देश ने 17 लोकसभा चुनाव, 22 सरकारें और 15 प्रधानमंत्री देखें हैं। देश में हर सरकार ने अपने समय पर उस वक्त के अनुसार विकास करने का प्रयास किया है। समग्र विकास, हर क्षेत्र का विकास और हर व्यक्ति का विकास करने का काम केवल नरेन्द्र मोदी के 10 वर्षों में हुआ है।

10:54 AM (IST) Feb 18

गृह मंत्री अमित शाह रखेंगे प्रस्ताव

आज देश के गृह मंत्री अमित शाह विपक्ष की राजनीति पर प्रस्ताव रखेंगे। इस दौरान लोकसभा चुनाव 2024 जीतने को लेकर बात होगी।

 


More Trending News