
नई दिल्ली। आम आदमी पार्टी (AAP) की राज्यसभा सांसद स्वाति मालीवाल ने दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल के करीबी बिभव कुमार पर उनकी पिटाई का आरोप लगाया है। स्वाति के साथ मारपीट सीएम आवास में हुई। दिल्ली पुलिस ने शनिवार को बिभव कुमार को गिरफ्तार कर लिया। इस बीच दिल्ली सरकार में मंत्री और आप नेता आतिशी ने सोशल मीडिया पर लीक हुए वीडियो (जिसमें स्वाति को सीएम आवास से पुलिसकर्मियों द्वारा निकालते दिखाया गया है) का हवाला देते हुए कहा है कि स्वाति मालीवाल के साथ पिटाई नहीं हुई।
भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता शहजाद पूनावाला ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर आतिशी को जवाब दिया है। इसके साथ ही उन्होंने सवाल किया है कि क्या आप द्वारा स्वाति मालीवाल की हत्या की प्लानिंग की जा रही है। उन्होंने अरविंद केजरीवाल को स्वाति के साथ मारपीट मामले का मास्टरमाइंड बताया है।
आप के नेता कर रहे चीरहरण के साथ चरित्र हरण
शहजाद पूनावाला ने कहा, "द्रौपदी के चीरहरण के बारे में सभी लोग जानते हैं। आधुनिक काल में द्रौपदी के साथ न केवल चीरहरण होता है, बल्कि उनके साथ चरित्रहरण भी किया जाता है। इस आधुनिक काल के चीरहरण में एक दुशासन भी है जो गिरफ्तार हुआ है। एक दुर्योधन भी है। एक धृतराष्ट्र भी है। इस पूरे मामले को आंतरिक मामला कहकर किसी न किसी तरीके से इसपर पर्दा डालने का प्रयास कर रहे थे।"
उन्होंने कहा, "आप की राज्यसभा सांसद स्वाति मालीवाल की सीएम आवास में पिटाई के बाद 13 से 18 मई के घटनाक्रम को देखें। पहले 72 घंटे पूरी तरह चुप्पी रखी गई। फिर संजय सिंह ने थोड़ा स्वीकार किया। इसके बाद आरोपी का बचाव किया गया। आधुनिक काल का दुशासन विभव कुमार दुर्योधन (अरविंद केजरीवाल) के साथ दिखता है। अब भद्दे तरीके से हमला किया जा रहा है।"
आतिशी जी आप पूरा CCTV फुटेज रिलीज करवा देतीं
भाजपा प्रवक्ता ने कहा, "आतिशी ने प्रेस कॉन्फ्रेंस किया है। उसे देखकर मैं हैरान हो गया हूं। उन्होंने मंत्री पद बचाने के लिए कहा कि एक और क्लिप आई है सामने। इस क्लिप में साफ हो चुका है कि स्वाति मालीवाल लंगड़ा नहीं रहीं हैं। स्वाति के कपड़े फटे हुए नहीं हैं। सिर से खून नहीं आ रहा है। वह रो नहीं रही हैं। गुस्से से चिल्ला रहीं हैं। आम आदमी पार्टी क्या कहना चाह रही है। क्या किसी पीड़िता के कपड़े नहीं फटे तो उसके साथ मारपीट नहीं हुई? क्या देश ऐसी बातों को स्वीकार कर सकता है?
उन्होंने कहा, "मैं आम आदमी पार्टी और आतिशी से 3 सवाल करता हूं। 72 घंटे में क्या हुआ आतिशी जी कि आपने स्वीकार करने से लेकर उलटा हमला करने का यूटर्न ले लिया। क्या संजय सिंह सच बोल रहे थे? दूसरा सवाल है अरविंद केजरीवाल इस पूरे घटनाक्रम पर चुप क्यों हैं? तीसरा सवाल करीब एक घंटे के घटनाक्रम में से 20-30-40 सेकेंड के चुने गए वीडियो लीक कर नैरेटिव बनाने का धंधा क्यों चल रहा है? आतिशी जी आप पूरा CCTV फुटेज रिलीज करवा देतीं।
क्या स्वाति मालीवाल को मारने की हो रही प्लानिंग?
पूनावाला ने कहा, "भाजपा आज कोई आरोप नहीं लगा रही है। मैं आपको वंदना सिंह, आम आदमी पार्टी की कार्यकर्ता हैं, दिल्ली कमिशन ऑफ विमेन में सदस्य हैं। वो वही व्यक्ति हैं जिसको लेकर संजय सिंह स्वाति मालीवाल से मिलने गए थे। वो कहती हैं, उनका ट्वीट कोट-अनकोट कह रहा हूं। 'बीजेपी को 20 साल पहले ही पता चल गया था इसलिए उन्होंने स्वाति मालीवाल को परिवर्तन एनजीओ में प्लांट करवा दिया था। अपने हिसाब से लिमिटेड वीडियो एडिट कर डालने से, बीजेपी का एजेंट बताने से कोई खत्म नहीं होने वाला है ये मामला। उसके लिए तो अब जान से ही मरवाना पड़ेगा।' क्या आम आदमी पार्टी ऐसा प्लान कर रही है? क्या अब वो किसी को जान से भी मरवा सकती है?"
उन्होंने कहा, "विभव कुमार का आपराधिक इतिहास है। विभव कुमार केवल एक कठपुतली है। चलाने वाले केजरीवाल हैं। विभव कुमार ने जो भी किया है जो प्रतीत हो रहा है और जो केजरीवाल की चुप्पी है उससे साफ है कि विभव कुमार केवल हथियार है, करवाने वाले मास्टरमाइंड केजरीवाल हैं। इसलिए केजरीवाल शांत हैं।"
यह भी पढ़ें- स्वाति मालीवाल से मारपीट को रिक्रिएट करने के लिए केजरीवाल के घर पहुंची दिल्ली पुलिस
National News (नेशनल न्यूज़) - Get latest India News (राष्ट्रीय समाचार) and breaking Hindi News headlines from India on Asianet News Hindi.