
Lok Sabha Election 2024: देश में लोकसभा चुनावों का आगाज हो चुका है। भोजपुरी से लेकर बॉलीवुड तक आम चुनावों में भाग्य आजमा रहा है। राजनैतिक दल भी जनादेश को अपने पक्ष में करने के लिए फिल्मी एक्टर या एक्ट्रेस पर जमकर दांव लगा रहे हैं। भोजपुरी फिल्म अभिनेता रवि किशन, मनोज तिवारी, दिनेश लाल यादव निरहुआ हो या बॉलीवुड की हेमा मालिनी, राधिका, शत्रुघ्न सिन्हा या पवन कल्याण हर कोई राजनीति में दो-दो हाथ करने को बेताब है। बिहार में एक और अभिनेत्री राजनीति में कदम रखने जा रही है। अभिनेत्री के विधायक पिता ने बेटी के चुनाव लड़ने का खुलासा किया है।
भागलपुर से चुनाव लड़ सकती हैं नेहा शर्मा
बॉलीवुड अभिनेत्री नेहा शर्मा, देश के यूथ में एक जाना पहचाना नाम है। कई हिट फिल्मों में लीड रोल निभा चुकी नेहा शर्मा, बिहार के भागलपुर की ही रहने वाली हैं। उनके पिता अजीत शर्मा, कांग्रेस के विधायक हैं। विधायक शर्मा ने बताया कि उनकी बेटी नेहा लोकसभा चुनाव में अपने राजनीतिक करियर को शुरू कर सकती हैं। वह भागलपुर लोकसभा सीट से कांग्रेस के टिकट पर चुनाव मैदान में होंगी।
लेकिन चुनाव लड़ने में एक पेंच
नेहा शर्मा के पिता ने कहा कि नेहा शर्मा कांग्रेस प्रत्याशी तब होंगी जब भागलपुर सीट पार्टी के खाते में समझौता में आएगा। उन्होंने कहा कि इंडिया गठबंधन के दलों के बीच बिहार में सीटों का बंटवारा हो रहा है। कांग्रेस के खाते में भागलपुर सीट आएगी तो उनकी बेटी नेहा शर्मा प्रत्याशी होंगी।
शर्मा ने कहा कि कांग्रेस को भागलपुर मिलना चाहिए, हम लड़ेंगे और जीतेंगे। अगर कांग्रेस को भागलपुर मिलती है तो मैं चाहूंगा कि मेरी बेटी नेहा शर्मा चुनाव लड़े क्योंकि मैं पहले से ही विधायक हूं। अगर पार्टी चाहती है कि मैं लड़ूं तो मैं ऐसा करूंगा। शर्मा ने कहा कि इन चुनावों में इंडिया गठबंधन बिहार से बीजेपी का सफाया कर देगा। हम बिहार से एनडीए का सफाया कर देंगे। बिहार इस बार नरेंद्र मोदी को सत्ता से हटाने की जिम्मेदारी लेगा।
देश में लोकसभा चुनाव 19 अप्रैल से 1 जून तक सात चरणों में होंगे। चार राज्यों में विधानसभा चुनाव भी होंगे। इसके अलावा 26 विधानसभा सीटों पर उपचुनाव भी होने हैं।
इन फिल्मों में देख चुके हैं लोग नेहा शर्मा को
नेहा शर्मा ने इमरान हाशमी के साथ 'क्रूक' से डेब्यू किया था। उन्होंने 'तान्हाजी: द अनसंग वॉरियर', 'यमला पगला दीवाना 2', 'तुम बिन 2' और 'मुबारकां' जैसी फिल्मों में काम किया है। फिल्मी दुनिया के अलावा वह सोशल मीडिया पर काफी एक्टिव और लोकप्रिय हैं। नेहा के इंस्टाग्राम पर करीब 21 मिलियन से अधिक फॉलोअर्स हैं।
यह भी पढ़ें:
National News (नेशनल न्यूज़) - Get latest India News (राष्ट्रीय समाचार) and breaking Hindi News headlines from India on Asianet News Hindi.