श्रीकांत त्यागी के अतिक्रमण पर चला बुलडोजर, पुलिस को चकमा देकर भागा फिर रहा गालीबाज नेता

Published : Aug 08, 2022, 10:28 AM ISTUpdated : Aug 08, 2022, 11:28 AM IST
श्रीकांत त्यागी के अतिक्रमण पर चला बुलडोजर, पुलिस को चकमा देकर भागा फिर रहा गालीबाज नेता

सार

खुद को भाजपा नेता बताने वाले गालीबाज श्रीकांत त्यागी के अवैध निर्माण पर बुलडोजर चला है। पुलिस की आठ टीम त्यागी की तलाश में छापेमारी कर रही है। वह गिरफ्तारी से बचने के लिए भागा फिर रहा है। 

नई दिल्ली। नोएडा के सेक्टर 93बी स्थित ग्रैंड ओमेक्स कॉम्प्लेक्स में खुद को भाजपा नेता बताने वाले गालीबाज श्रीकांत त्यागी के अवैध निर्माण पर बुलडोजर चला है। नोएडा निकाय के अधिकारी सोमवार सुबह दल-बल के साथ ग्रैंड ओमेक्स कॉम्प्लेक्स पहुंचे। पहले मजदूरों ने फावड़े और हथौड़े से अतिक्रमण तोड़ने की कोशिश की, लेकिन इसमें काफी समय लग रहा था। 

इसके बाद अधिकारियों ने बुलडोजर बुलाया। श्रीकांत त्यागी ने अपने फ्लैट के आगे लकड़ी और कांच का छत बना रखा था। बुलडोजर की मदद से त्यागी द्वारा किए गए अवैध निर्माण को ढहा दिया गया। अवैध निर्माण तोड़ने की कार्रवाई देख ग्रैंड ओमेक्स कॉम्प्लेक्स के निवासियों ने ताली बजाई। श्रीकांत त्यागी को 2019 में अवैध अतिक्रमण को लेकर नोटिस दिया गया था, लेकिन उसके बाद कोई कार्रवाई नहीं की गई। आरोप है कि त्यागी ने कार्रवाई रोकने के लिए अपने रसूख का इस्तेमाल किया था। 

महिला के साथ की थी गाली-गलौज
आरोप है कि त्यागी खुद के भाजपा नेता होने का दावा कर सोसायटी में धौंस दिखाकर मनमानी करता था। उसने ग्राउंड फ्लोर पर स्थित अपने फ्लैट के आगे अवैध निर्माण कर रखा था। शुक्रवार को वह सोसायटी की सार्वजनिक जमीन पर पेड़ लगा रहा था। एक महिला ने उसे ऐसा करने से मना किया तो वह महिला के साथ लड़ने लगा था। त्यागी ने महिला को गालियां दी और उसके धक्का दिया। 

इस घटना का लाइव वीडियो वायरल हो गया। इसके बाद मामले ने तूल पकड़ लिया। सोसायटी के लोगों की शिकायत पर पुलिस ने केस दर्ज कर आरोपी को 36 घंटे में गिरफ्तार करने का दावा किया, लेकिन वह सोमवार सुबह तक गिरफ्तार नहीं हुआ। सोसायटी के लोगों ने स्थानीय सांसद महेश शर्मा से भी त्यागी के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।

 

 

 

महिला को धमकाने के लिए भेजे गुंडे
रविवार की रात त्यागी ने कथित तौर सोसायटी की उस महिला को धमकाने के लिए गुंडे भेजे, जिसके साथ शुक्रवार को उसकी झड़प हुई थी। पुलिस ने महिला को धमकाने आए छह लोगों को गिरफ्तार कर लिया है। दूसरी ओर पुलिस श्रीकांत त्यागी की तलाश में छापेमारी कर रही है। वह कानून की गिरफ्त में आने से बचने के लिए भागा फिर रहा है। त्यागी के खिलाफ नोएडा के अलग-अलग थानों में तीन मामले दर्ज हैं। नोएडा पुलिस ने रविवार रात हंगामे के बाद त्यागी पर गैंगस्टर एक्ट लगा दिया। त्यागी की तलाश में पुलिस की कम से कम आठ टीमें लगी हैं। 

यह भी पढ़ें- खाटू श्याम मंदिर में भगदड़: परिजन मदद के लिए चिल्लाते रहे भीड़ ने 3 महिलाओं को कुचल डाला, मौके पर मौत

सांसद ने कहा-शर्म आ रही है कि राज्य में भाजपा की सरकार है
सोसायटी में गुंडे भेजे जाने की खबर पाकर सांसद महेश शर्मा रविवार रात मौके पर पहुंचे। इस दौरान उन्हें सोसायटी के लोगों के गुस्से का सामना करना पड़ा। लोगों के सामने ही सांसद ने योगी आदित्यनाथ प्रशासन के आला अधिकारियों से संपर्क किया। टेलीविजन कैमरों के सामने शर्मा ने यहां तक कह दिया कि उन्हें शर्म आ रही है कि राज्य में भाजपा की सरकार है।

यह भी पढ़ें- बिहार की राजनीति में हो सकता है बड़ा उलटफेर, बीजेपी से नीतीश की नाराजगी के ये हैं 5 कारण

PREV

National News (नेशनल न्यूज़) - Get latest India News (राष्ट्रीय समाचार) and breaking Hindi News headlines from India on Asianet News Hindi.

Recommended Stories

PM मोदी के YouTube पर 30 मिलियन सब्सक्राइबर्स: बने दुनिया के नंबर-1डिजिटल लीडर, ट्रंप-बोल्सोनारो कितना पीछे?
PM Modi on Israel Iran War : इजरायल ईरान युद्ध पर क्या है भारत का स्टैंड, आ गया मोदी का बयान!