
चंडीगढ़. हरियाणा में सरकार बनने के 17 दिन बाद मंत्रिमंडल का विस्तार हुआ। 10 विधायकों को शपथ दिलाई गई, जिसमें से 6 विधायकों को कैबिनेट और 4 को राज्य मंत्री पद की शपथ दिलाई गई। कैबिनेट में कमलेश ढांढा इकलौती महिला मंत्री हैं। इन्हें राज्य मंत्री बनाया गया है। शपथ लेने वालों में भाजपा के 8, जेजेपी का 1 और 1 निर्दलीय विधायक हैं। हॉकी टीम के पूर्व कप्तान संदीप सिंह को भी राज्य मंत्री बनाया गया। हरियाणा में 21 अक्टूबर को विधानसभा चुनाव हुए थे और परिणाम 24 अक्टूबर को घोषित किये गए। राज्य की 90 सदस्यीय विधानसभा में भाजपा को 40 सीटें मिली, जबकि जेजेपी ने 10 सीटों पर जीत दर्ज की थी। कांग्रेस ने 31 सीटों पर जीत हासिल की थी जबकि इनेलो और हरियाणा लोकहित पार्टी को एक-एक सीट मिली थी।
ऐसी होगी हरियाणा की कैबिनेट
1- अनिल बिज (कैबिनेट मंत्री)- अंबाला कैंट से भाजपा विधायक हैं।
2- कंवर पाल गुज्जर (कैबिनेट मंत्री) - जगादरी से भाजपा विधायक कंवर पाल गुज्जर ने भी कैबिनेट मंत्री पद की शपथ ली। पिछली विधानसभा में इनको स्पीकर बनाया गया था।
3- मूलचंद शर्मा (कैबिनेट मंत्री)- ब्राम्हण समुदाय से आते हैं। वल्लभगढ़ से भाजपा विधायक हैं।
4- रणजीत सिंह चौटाला (कैबिनेट मंत्री)- रानिया से निर्दलीय विधायक, ओमप्रकाश चौटाला के भाई। गोविंद कांडा को हराकर विधायक बने। देवीलाल की सरकार में मंत्री रहे हैं।
5- जय प्रकाश दलाल (कैबिनेट मंत्री)- पहली बार विधायक बने हैं। जाट समुदाय से आते हैं। भिवानी के लोहारू से विधायक बने हैं।
6- बनवारी लाल (कैबिनेट मंत्री)- खट्टर वन में कैबिनेट मंत्री थे। फिर से मंत्री बनाया गया। बावल से विधायक हैं।
राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार)
ओम प्रकाश यादव- नारनौल से भाजपा विधायक है। लगातार दूसरी बार विधायक बने हैं। राव इंद्रजीत के करीबी हैं।
कमलेश ढांढा- यह खट्टर मंत्रिमंडल में पहला महिला चेहरा है। कलायत से विधायक बनी हैं. इस बार तीन ही महिलाओं ने चुनाव में जीत हासिल की है।
अनूप धाकन- अनुसूचित समुदाय से आते हैं। उकलाना सीट से जेजेपी के विधायक हैं।
संदीप सिंह- भारतीय हॉकी टीम के पूर्व कप्तान। पिहोवा से भाजपा के विधायक हैं। 33 साल के हैं। 53 साल में पहली बार पिहोवा में भाजपा को जीत दिलाई।
27 अक्टूबर को मनोहर लाल खट्टर ने ली थी सीएम पद की शपथ
मनोहर लाल खट्टर ने 27 अक्टूबर को दूसरे कार्यकाल के लिए राज्य के मुख्यमंत्री पद की शपथ ली थी जबकि जजपा नेता दुष्यंत चौटाला ने उपमुख्यमंत्री के रूप में शपथ ली थी। मौजूदा मंत्रिमंडल में केवल यही दो सदस्य हैं।
National News (नेशनल न्यूज़) - Get latest India News (राष्ट्रीय समाचार) and breaking Hindi News headlines from India on Asianet News Hindi.