
नई दिल्ली। 30 जनवरी को हुए चंडीगढ़ मेयर चुनाव में भाजपा को जीत मिली थी। आम आदमी पार्टी (AAP) ने इसे बेईमानी बताया है। आप मेयर चुनाव के खिलाफ विरोध प्रदर्शन कर रही है। पार्टी की ओर से शुक्रवार को भाजपा मुख्यालय के बाहर विरोध प्रदर्शन किया जाना था, लेकिन पुलिस ने रोकने का पूरा इंतजाम कर रखा था।
दिल्ली पुलिस ने भाजपा और आप के ऑफिस के बाहर सुरक्षा बढ़ा दी गई है। आप के ऑफिस के बाहर बड़ी संख्या में पुलिसकर्मियों को तैनात किया गया है। आप के कम से कम 25 नेताओं-कार्यकर्ताओं को सिंघू सीमा से हिरासत में लिया गया है। आप के कई नेताओं और कार्यकर्ताओं को घर में नजरबंद कर दिया गया है।
एक दूसरे के खिलाफ प्रदर्शन कर रहे भाजपा-आप
दिल्ली में भाजपा और आप के कार्यकर्ता एक-दूसरे के खिलाफ विरोध प्रदर्शन कर रहे हैं। दिल्ली में आप के ऑफिस के बाहर भाजपा के कार्यकर्ता प्रदर्शन कर रहे हैं। वहीं, आप के कार्यकर्ता अपनी ऑफिस के बाहर भाजपा के खिलाफ प्रदर्शन कर रहे हैं। मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल आप ऑफिस पहुंचे। उन्होंने अपने कार्यकर्ताओं को संबोधित किया। इसके बाद उन्हें भाजपा ऑफिस की ओर बढ़ने के लिए कहा। केजरीवाल ने कहा कि वे शांति पूर्वक प्रदर्शन करना चाहते हैं। पुलिस जहां रोकेगी रुक जाना है। विवाद नहीं करना है।
दिल्ली के कुछ हिस्सों में सुरक्षा के भारी इंतजाम
दिल्ली पुलिस के अनुसार हिरासत में लिए गए लोग पंजाब और हरियाणा के आप कार्यकर्ता हैं। उनपर विरोध प्रदर्शन में हिस्सा लेने जाने का संदेह था। दिल्ली के कुछ हिस्सों में भारी सुरक्षा व्यवस्था की गई है। भाजपा ने भी कहा है कि वह अरविंद केजरीवाल सरकार के भ्रष्टाचार के खिलाफ आप ऑफिस के पास प्रदर्शन करेगी।
दिल्ली पुलिस ने विरोध प्रदर्शन की अनुमति नहीं दी है। आप के कई नेताओं ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर वीडियो और फोटो शेयर कर दावा किया है कि पुलिस उन्हें घर में नजरबंद कर रही है। आप ने दिल्ली पुलिस पर विरोध प्रदर्शन करने से रोकने का आरोप लगाया है।
अरविंद केजरीवाल ने पूछा-क्या चल रहा है?
दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने एक्स पर पोस्ट किया, "पूरे दिल्ली में वे (पुलिस) विधायकों, पार्षदों और कार्यकर्ताओं को हिरासत में ले रहे हैं। उन्हें पार्टी ऑफिस आने से रोक रहे हैं। क्या चल रहा है?"
केजरीवाल ने आम आदमी पार्टी के नेताओं द्वारा किए गए पोस्ट भी शेयर किए हैं। एक ऐसे ही पोस्ट में दावा किया गया है कि पुलिस पार्षद प्रोमिला गुप्ता के घर पर है और उन्हें विरोध प्रदर्शन के लिए जाने से रोक रही है।
आप की प्रवक्ता प्रियंका कक्कड़ ने कहा है कि भाजपा इतनी डरी हुई है कि वह हमें शांतिपूर्ण विरोध प्रदर्शन करने से रोक रही है। हमारे नेताओं को नजरबंद किया जा रहा है। यह लोकतंत्र के लिए बहुत खतरनाक है।
यह भी पढ़ें- चंडीगढ़ मेयर चुनाव में भाजपा को जीत, जेपी नड्डा ने दी बधाई, INDIA ब्लॉक को लगा झटका
National News (नेशनल न्यूज़) - Get latest India News (राष्ट्रीय समाचार) and breaking Hindi News headlines from India on Asianet News Hindi.