सिर्फ 3 घंटे में कटरा से जा सकेंगे श्रीनगर, जानें कब चलेगी वंदे भारत ट्रेन, कितनी है टिकट की कीमत

Published : Jun 06, 2025, 01:28 PM ISTUpdated : Jun 06, 2025, 03:13 PM IST
Vande Bharat Train

सार

पीएम मोदी ने कश्मीर में वंदे भारत एक्सप्रेस को हरी झंडी दिखाई। कटरा से श्रीनगर के बीच चलने वाली यह ट्रेन कश्मीर को देश के बाकी हिस्सों से जोड़ेगी। दुनिया के सबसे ऊंचे रेलवे आर्च ब्रिज, चिनाब ब्रिज का भी उद्घाटन हुआ।

Katra Srinagar Vande Bharat Trains: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शुक्रवार को जम्मू-कश्मीर में 272 किलोमीटर लंबे उधमपुर-श्रीनगर-बारामुल्ला रेलवे लिंक (USBRL) प्रोजेक्ट का उद्घाटन किया। यह कश्मीर के लिए किसी सपने के साकार होने जैसा है। अब कश्मीर पूरे भारत से रेल नेटवर्क से जुड़ गया है। हर मौसम में कश्मीर का रेल संपर्क पूरे देश से बना रहेगा।

पीएम मोदी ने चिनाब रेलवे ब्रिज का उद्घाटन किया। यह दुनिया का सबसे ऊंचा रेलवे आर्च ब्रिज है। इसके साथ ही उन्होंने अंजी ब्रिज का भी उद्घाटन किया। यह भारतीय रेलवे का पहला केबल-स्टेड ब्रिज है। पीएम ने वंदे भारत एक्सप्रेस ट्रेन को हरी झंडी दिखाई। यह ट्रेन श्री माता वैष्णो देवी कटरा और श्रीनगर के बीच चलेगी।

 

 

कटरा-श्रीनगर वंदे भारत एक्सप्रेस का समय

कटरा से श्रीनगर के लिए चलने वाली वंदे भारत एक्सप्रेस का नंबर 26401 है। वहीं, श्रीनगर से कटरा जाने वाली वंदे भारत ट्रेन का नंबर 26402 है। कटरा-श्रीनगर वंदे भारत ट्रेन कटरा से सुबह 8:10 खुलेगी और 11:08 श्रीनगर पहुंचेगी। यह ट्रेन बनिहाल में सुबह 9:58 बजे रुकेगी। वापसी की ट्रेन श्रीनगर से दोपहर 2:00 बजे रवाना होगी और शाम 4:48 बजे कटरा पहुंचेगी। यह बनिहाल में दोपहर 3:10 बजे रुकेगी। ट्रेन मंगलवार छोड़कर सप्ताह के सभी दिन चलेगी।

श्रीनगर-कटरा वंदे भारत एक्सप्रेस सुबह 8 बजे श्रीनगर से खुलेगी। कटरा 10:58 बजे पहुंचेगी। बनिहाल में सुबह 9:02 बजे रुकेगी। वापसी में यह ट्रेन दोपहर 2:55 बजे कटरा से खुलेगी। श्रीनगर शाम 5:53 बजे पहुंचेगी। बिनिहाल में शाम 4:40 PM बजे रुकेगी।

श्रीनगर से कटरा आने-जाने में लगेंगे 3 घंटे

श्रीनगर से कटरा आने-जाने में करीब तीन घंटे लगेंगे। अमृत भारत पहल के तहत जम्मू तवी स्टेशन पर पुनर्विकास कार्य के कारण फिलहाल श्रीनगर और कटरा के बीच परिचालन होगा। पुनर्विकास के बाद, मार्ग को जम्मू तक बढ़ाया जाएगा।

 

 

कितनी है कटरा-श्रीनगर वंदे भारत ट्रेन के टिकट की कीमत?

इस वंदे भारत ट्रेन में दो तरह के डिब्बे हैं। एक है CC (चेयर कार)। इसकी कीमत 715 रुपए है। दूसरी है EC (एग्जीक्यूटिव कार)। इसके टिकट की कीमत 1320 रुपए है। शाम की ट्रेन में टिकट लेते हैं तो CC के लिए 660 और EC के लिए 1270 रुपए लगेंगे।

इंजीनियरिंग चमत्कार है USBRL

USBRL (उधमपुर-श्रीनगर-बारामुल्ला रेलवे लिंक ) 43,780 करोड़ रुपए की लागत वाली परियोजना है। यह भारत की सबसे महत्वाकांक्षी रेल परियोजना है। इससे हिमालय में 272 किलोमीटर लंबी रेल लाइन बनाई गई है। इसमें 36 सुरंगें (119 किलोमीटर) और 943 पुल हैं। चेनाब और अंजी पुल जम्मू और कश्मीर में कनेक्टिविटी, व्यापार और पर्यटन को बेहतर बनाएंगे।

-20 डिग्री सेल्सियस तापमान में भी नहीं रुकेगी वंदे भारत ट्रेन

हिमालयी वातावरण के लिए डिजाइन की गई वंदे भारत ट्रेनें -20 डिग्री सेल्सियस तक के तापमान में भी चलने में सक्षम हैं। इसमें गर्म विंडस्क्रीन, अत्याधुनिक हीटिंग सिस्टम और थर्मली इंसुलेटेड शौचालय हैं जो पूरे साल आराम की गारंटी देते हैं। इस लॉन्च से कश्मीर के लिए कनेक्टिविटी का एक नया युग शुरू होगा, जो इसे आदर्श रूप से भारत के बाकी हिस्सों से जोड़ेगा।

PREV
Read more Articles on

Recommended Stories

गोवा नाइटक्लब आग: 23 मौतें, 50 घायल-क्या यह सिर्फ हादसा था या जानबूझकर अनदेखी?
इंडिगो ने फिर उड़ान भरी: 95% नेटवर्क दुरुस्त-क्या आज ऑपरेशन पूरी तरह नॉर्मल हो पाएगा?