
Operation Sindoor: 'मेड इन चाइना' मतलब काम करेगा, कब तक करेगा, कोई भरोसा नहीं। पूरी दुनिया यह जानती है। अब पाकिस्तानी सेना भी इस सच्चाई से दो-चार हो रही है। भारत की सेनाओं द्वारा ऑपरेशन सिंदूर कर पहलगाम आतंकी हमले का बदला लिया गया है। इसके बाद से पाकिस्तान तिलमिलाया हुआ है। उसने भारत के महत्वपूर्ण जगहों पर हमला करने की कोशिश की है, लेकिन भारतीय एयर डिफेंस सिस्टम और लड़ाकू विमानों ने इन्हें नाकाम किया है। इस बीच पंजाब के होशियारपुर से ऐसी तस्वीरें आईं हैं जिससे चीनी मिसाइल की पोल खुली है।
रिपोर्ट्स के अनुसार पाकिस्तानी लड़ाकू विमान JF-17 ने भारत के लड़ाकू विमान को निशाना बनाते हुए PL-15 मिसाइल फायर किया था। इस मिसाइल को लेकर खूब हवा बनाई गई थी। कहा गया था कि यह भारत के लड़ाकू विमानों के लिए काल साबित होगा। हवा से हवा में 300 किलोमीटर तक मार करता है, लेकिन जब असली संघर्ष में फायर किया गया तो इसने बता दिया कि है तो आखिर चीनी माल। यह PL-15 मिसाइल हवा में फटने की जगह खेत में जा गिरा। मिसाइल पूरी तरह से सही हालत में मिला है। यह डेटोनेट नहीं हुआ था। ईंधन खत्म होने के बाद मिसाइल जमीन पर गिर गया।
चीन ने दावा किया था कि PL-15 हवा से हवा में मार करने वाली बेहद एडवांस मिसाइल है। यह करीब 200-300 km दूर तक मार कर सकती है। PL-15 में एक्टिव रडार होमिंग गाइडेंस सिस्टम लगा है। यह टू-वे डेटा लिंक से सुसज्जित है। फाइटर जेट से लॉन्च किए जाने के बाद इसे AWACS विमान से भी गाइड किया जा सकता है।
भारत को PL-15 मिसाइल बिना फटे हालत में मिला है। इससे भारत को कई फायदे होंगे। हमारे वैज्ञानिक PL-15 मिसाइल की जांच करेंगे। पता लगाएंगे कि इसे किस तरह बनाया गया है। इसका सीकर, प्रोपल्शन, डेटालिंक और इलेक्ट्रॉनिक काउंटर-काउंटरमेजर्स किस तरह का है।
इससे न केवल रिवर्स इंजीनियरिंग और Astra Mk-2 या Mk-3 जैसी अधिक एडवांस स्वदेशी बीवीआर (दृश्य-सीमा से परे) मिसाइलों के विकास में मदद मिलेगी, बल्कि प्रभावी जवाबी उपाय तैयार करने में भी मदद मिलेगी। यह समझना कि PL-15 किस प्रकार टारगेट पर लॉक होता है और जाम होने से बचाता है। चीन की वायुसेना ने अपने लड़ाकू विमानों को PL-15 मिसाइल से लैस किया है। PL-15 के विश्लेषण से भारत को भविष्य में चीन के खिलाफ सैन्य तैयारी में भी मदद मिलेगी।
National News (नेशनल न्यूज़) - Get latest India News (राष्ट्रीय समाचार) and breaking Hindi News headlines from India on Asianet News Hindi.