
नई दिल्ली. भारत में सीरम इंस्टिट्यूट और भारत बायोटेक की वैक्सीन को इमरजेंसी इस्तेमाल की मंजूरी मिल गई है। वहीं, कुछ विपक्षीय पार्टियों ने वैक्सीन की विश्वसनीयता पर ही सवाल उठा दिए हैं। सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव के बाद अब एक कांग्रेसी नेता ने कोरोना वैक्सीन को फ्रॉड बताया है। कांग्रेस नेता सलमान निजामी ने ट्वीट कर कहा, वैक्सीन फ्रॉड है। हालांकि, इस पर सोशल मीडिया यूजर्स ने उनकी क्लास लगा दी।
ट्विटर पर एक यूजर ने सलमान निजामी को ही फ्रॉड बता दिया। दरअसल, सलमान निजामी खुद को कांग्रेसी नेता और लेखक बताते हैं। वे जम्मू कश्मीर कांग्रेस से जुड़े हैं। गुजरात विधानसभा चुनाव में उन्होंने पीएम मोदी को लेकर विवादित टिप्पणी भी की थी। इसके बाद पीएम मोदी ने कांग्रेस को आड़े हाथों लिया था।
अखिलेश यादव ने उठाए सवाल
सपा अध्यक्ष और पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने शनिवार को कहा था, मैं भाजपा के टीके पर कैसे यकीन कर सकता हूं। जब राज्य में हमारी सरकार बनेगी तो सभी प्रदेश वासियों को मुफ्त वैक्सीन दी जाएगी। लेकिन फिलहाल हम भाजपा का टीका नहीं ले सकते।
सपा नेता बोले- वैक्सीन नपुंसक बना सकती है
उधर, सपा नेता और एमएलसी आशुतोष सिन्हा ने कहा, अखिलेश यादव वैक्सीन नहीं लगवा रहे हैं। हमें लगता है कि कहीं ना कहीं वैक्सीन में ऐसी चीजें होंगी कि इससे नुकसान हो जाए। हमें लगता है कि बाद में लोग कह दें कि जनसंख्या कम करने के लिए, मारने के लिए लगा दिए वैक्सीन। आपको नपुंसक बना दे, कुछ भी हो सकता है।
DCGI ने सभी दावों को किया खारिज
उधर, वैक्सीन की विश्वसनीयता को लेकर उठाए जा रहे दावों को DCGI निदेशक वीजी सोमानी ने खारिज कर दिया। उन्होंने कहा, अगर वैक्सीन में थोड़ा भी संशय होता तो हम ऐसे किसी भी चीज को मंजूरी नहीं देते। ये वैक्सीन 110 फीसदी सुरक्षित हैं। हल्के बुखार, दर्द और एलर्जी जैसे कुछ दुष्प्रभाव हर वैक्सीन के लिए आम बात हैं। वैक्सीन से लोग नपुंसक हो सकते हैं, यह दावा पूरी तरह से बकवास है।
National News (नेशनल न्यूज़) - Get latest India News (राष्ट्रीय समाचार) and breaking Hindi News headlines from India on Asianet News Hindi.