
नई दिल्ली. महात्मा गांधी की बुधवार को 150वीं जयंती है। कांग्रेस ने राहुल गांधी के नेतृत्व में दिल्ली स्थित अपने दफ्तर से लेकर राजघाट तक 'गांधी सदेश यात्रा' निकाली। यात्रा के समाप्त होने पर कांग्रेस की अंतरिम अध्यक्ष सोनिया गांधी ने कार्यकर्ताओं को भी संबोधित किया। सोनिया गांधी ने इस मौके पर मोदी सरकार पर निशाना साधा। सोनिया ने कहा कि देश में चार पांच साल से जो कुछ हो रहा है, इससे गांधी जी की आत्मा भी दुखी होगी।
कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा, ''गांधी जी चाहते थे भारत आत्मनिर्भर हो। कांग्रेस ने इन्हीं कदमों पर चलकर अहम फैसले किए। तरक्की की नई मिशाल कायम की। गांधी जी के मार्ग पर चलकर रोजगार के नए अवसर पैदा किए, गरीबी से मुक्ति दिलाई, किसानों और महिलाओं को सुविधाएं दीं, ये बेमिसाल हैं। पिछले चार-पांच साल में भारत की जो हालत हुई है, उसे देखकर गांधी जी की आत्मा दुखी होती होगी। किसान बदहाल हैं। युवा बेरोजगार हैं। उद्योग-धंधे बंद हो गए। महिलाएं असुरक्षित हो गईं हैं। इन दिनों भारत को भाग्यविधाता समझने वालों को मैं कहना चाहती हूं कि वे नफरत के नहीं बल्कि प्यार के प्रतीक हैं। वे निरंकुशता के नहीं।''
गांधी के कदमों पर चलना कठिन है- सोनिया
सोनिया ने कहा कि जिन्हें सत्ता में आने के लिए कुछ भी करना मंजूर है। वे कैसे समझेंगे गांधी को, जो अंहिसा के पुजारी थे। जिन्हें लोकतंत्र में भी सारी शक्ति खुद की मुठ्ठी में रखने की प्यास है वे गांधी के स्वराज को कैसे समझेंगे। जिन्हें मौका मिलते ही सर्वेसर्वा बताने की चाह हो वे कैसे समझेंगे गांधी की निस्वार्थ सेवा का मूल्य क्या होता है। उन्होंने कहा कि गांधी का नाम लेना आसान है लेकिन उनके कदमों पर चलना कठिन।
भाजपा ने निकाली संकल्प यात्रा
उधर, भाजपा गांधी जयंती पर 'गांधी संकल्प यात्रा' निकाल रही है। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने शालीमार बाग में आयोजित 'गांधी संकल्प यात्रा' में हिस्सा लिया। उन्होंने इस यात्रा को हरी झंडी दिखाई। शाह ने यहां सभा को संबोधित करते हुए कहा, गांधी जी के सत्याग्रह ने ब्रिटिश सरकार को घुटनों पर ला दिया। उन्होंने विश्व को सत्य और अंहिसा का रास्ता दिखाया।
कांग्रेस ने किया ट्वीट
तीन महीने चलेगी भाजपा की संकल्प यात्रा
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भाजपा सासंदों को संकल्प यात्रा निकालने के लिए कहा था। यह यात्रा 2 अक्टूबर को शुरू होगी। इस यात्रा के तहत सासंद तीन महीने में 150 किमी की पदयात्रा करेंगे।
National News (नेशनल न्यूज़) - Get latest India News (राष्ट्रीय समाचार) and breaking Hindi News headlines from India on Asianet News Hindi.