
कोलकाता. कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी ने पार्टी की पश्चिम बंगाल इकाई के नेताओं को सत्तारूढ़ तृणमूल कांग्रेस और भाजपा के खिलाफ वाम मोर्चा के साथ संयुक्त मुहिम आयोजित करने को कहा है। कांग्रेस के वरिष्ठ नेता अब्दुल मन्नान ने शुक्रवार को इस बारे में बताया। मन्नान ने बृहस्पतिवार को नयी दिल्ली में सोनिया के आवास पर उनसे मुलाकात कर राज्य में राजनीतिक हालात पर चर्चा की।
बीजेपी से लड़ने की कवायद
कांग्रेस सूत्रों के मुताबिक कांग्रेस-वाम मोर्चा गठजोड़ को सोनिया की अनुमति राजनीतिक रूप से इसलिए महत्वपूर्ण है क्योंकि पार्टी जनाधार खो रही है और पश्चिम बंगाल में तेजी से भाजपा की पैठ मजबूत होती जा रही है।
खिसकते जनाधार की चिंता
मन्नान ने कहा, "हमने सोनिया गांधीजी के साथ राजनीतिक हालात पर चर्चा की और उन्होंने हमसे राज्य में प्रस्तावित वाम मोर्चा-कांग्रेस गठबंधन के बारे में लोगों की राय बनाने में वाम मोर्चा के साथ संयुक्त मुहिम चलाने को कहा। उन्होंने राज्य में तृणमूल कांग्रेस और भाजपा के खिलाफ वाम मोर्चा के साथ संयुक्त मुहिम आयोजित करने को कहा है ।"
पश्चिम बंगाल में विपक्ष के नेता मन्नान ने कहा, "बैठक के दौरान उन्होंने मुझसे कहा कि 2016 के विधानसभा चुनाव के बाद वाम और कांग्रेस गठबंधन हुआ होता तो बंगाल में राजनीतिक हालात अलग होते और भाजपा राज्य में कभी जनाधार नहीं बढ़ा पाती।"
National News (नेशनल न्यूज़) - Get latest India News (राष्ट्रीय समाचार) and breaking Hindi News headlines from India on Asianet News Hindi.