भारत के 9 राज्य कोरोना मुक्त, एक राज्य तो ऐसा है जहां लैब तक नहीं, फिर भी वायरस छू तक नहीं सका

भारत के कुछ राज्यों में कोरोना के केस तेजी से बढ़ रहे हैं। इन राज्यों में महाराष्ट्र, गुजरात सबसे आगे हैं। लेकिन 9 राज्य और केंद्र शासित प्रदेश ऐसे भी हैं, जो कोरोना वायरस से फ्री हो चुके हैं। इन राज्यों में आधे से अधिक देश के उत्तर पूर्व क्षेत्र में हैं।

Asianet News Hindi | Published : May 11, 2020 7:39 AM IST

नई दिल्ली. भारत के कुछ राज्यों में कोरोना के केस तेजी से बढ़ रहे हैं। इन राज्यों में महाराष्ट्र, गुजरात सबसे आगे हैं। लेकिन 9 राज्य और केंद्र शासित प्रदेश ऐसे भी हैं, जो कोरोना वायरस से फ्री हो चुके हैं। इन राज्यों में आधे से अधिक देश के उत्तर पूर्व क्षेत्र में हैं। स्वास्थ्य और परिवार कल्याण मंत्रालय द्वारा जारी आंकड़ों के अनुसार, दमन और दीव, लक्षद्वीप, नागालैंड और सिक्किम में अभी तक कोरोनो वायरस के एक भी मामले की रिपोर्ट नहीं आई है। इस बीच अंडमान और निकोबार द्वीप समूह, अरुणाचल प्रदेश, गोवा, मणिपुर और मिजोरम ने सभी कोरोना संक्रमित मरीजों का इलाज कर उन्हें ठीक कर लिया है। 

अरुणाचल प्रदेश: इस राज्य को 15 अप्रैल को ही कोरोना मुक्त घोषित कर दिया गया था। 15 अप्रैल को कोरोना वायरस के एक रोगी का 24 घंटे में दो बार टेस्ट किया गया और रिपोर्ट निगेटिव आई थी। वह व्यक्ति लोहित जिले के मेदो गांव में रहता है। 1 अप्रैल को वह कोरोना पॉजिटिव था।


अंडमान और निकोबार द्वीप समूह: यहां कोरोना वायरस के कुल 33 केस सामने आए थे। यहां आखिरी केस 7 मई को टेस्ट किया गया था, तब रिपोर्ट निगेटिव आई थी। उसके बाद से यहां पर कोई भी पॉजिटिव केस नहीं आया।


दमन और दीव: इस केंद्र शासित प्रदेश ने कोरोनावायरस संक्रमण का खात्मा कर दिया है। यहां पर कोरोना का एक भी केस सामने नहीं आया है।


गोवा: यहां कोरोना के 7 केस सामने आए। लेकिन जल्द ही इन लोगों को ठीक कर घर भेज दिया गया। 13 अप्रैल के बाद यहां पर कोरोना का एक भी नया केस नहीं आया। सबसे पहले गोवा को ही कोरोना मुक्त घोषित किया गया।


लक्षद्वीप: लक्षद्वीप में आने और यहां से जाने वाले लोगों की कढ़ाई से स्क्रीनिंग की गई। यहां की आबादी 65,000 है। लेकिन अभी तक यहां पर एक भी कोरोना का केस सामने नहीं आया। 


मणिपुर: यहां कोरोना के दो केस रिपोर्ट किए गए । लेकिन समय रहते उन मरीजों को ठीक कर लिया गया। हालांकि अभी यहां पर बड़ी चुनौती यह है कि करीब 1200 प्रवासी मजदूर मणिपुर में आने वाले हैं। ऐसे में उनसे किसी तरह का वायरस न फैले, इसे रोकना बहुत जरूरी है।


मिजोरम: शनिवार को मिजोरम को भी कोरोना मुक्त घोषित कर दिया गया। यहां शनिवार को ही कोरोना के आखिरी मरीज को ठीक कर घर भेज दिया गया। मरीज का चार बार कोरोना टेस्ट किया गया और रिपोर्ट निगेटिव आई।


नागालैंड: यहां कोरोना वायरस के टेस्ट की लैब नहीं है, लेकिन फिर भी इस राज्य का यह दावा है कि राज्य में कोई भी कोरोना वायरस से संक्रमित नहीं है। 


सिक्किम: इस राज्य ने कोरोना वायरस का एक भी मामला दर्ज नहीं किया है। यहां पर लॉकडाउन के नियमों का सख्ती से पालन किया गया।

Share this article
click me!